1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. जयपुर में पीएम मोदी ने कहा, 'कांग्रेस एक ‘बेल गाड़ी’ है क्योंकि इसके ज्यादातर नेता जमानत पर हैं'

जयपुर में पीएम मोदी ने कहा, 'कांग्रेस एक ‘बेल गाड़ी’ है क्योंकि इसके ज्यादातर नेता जमानत पर हैं'

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 07, 2018 04:12 pm IST,  Updated : Jul 07, 2018 04:20 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जयपुर में 2100 करोड़ की परियोजनाओं की आधारशिला रखते हुए एक जनसभा में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला और उसे 'बेल' गाड़ी बताया।

PM Modi launches scathing attack on Congress in Jaipur, calls it a 'bail-gaadi'- India TV Hindi
PM Modi launches scathing attack on Congress in Jaipur, calls it a 'bail-gaadi' Image Source : ANI

जयपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जयपुर में 2100 करोड़ की परियोजनाओं की आधारशिला रखते हुए एक जनसभा में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला और उसे 'बेल' गाड़ी बताया। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के ज्यादातर नेता जमानत पर चल रहे हैं इसलिए यह पार्टी 'बेल गाड़ी' है। प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस के कुशासन के बाद सूबे में बदलाव के लिए मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की जमकर तारीफ की। मोदी ने कांग्रेस द्वारा सेना की क्षमताओं पर सवाल उठाने की आलोचना करते हुए कहा कि देश के लोग उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे। 

कांग्रेस को आजकल कुछ लोग 'बेल गाड़ी' बोलने लगे हैं

मोदी ने जयपुर के ‘अमरूदों का बाग’ में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सभी जानते हैं कि पूर्ववर्ती सरकार ने किस नीयत से काम किया और इसी नीयत का परिणाम है कि कांग्रेस को आजकल कुछ लोग 'बेल गाड़ी' बोलने लगे हैं। कांग्रेस के दिग्गज कहे जाने वाले कई नेता और कई पूर्व मंत्री आजकल ‘बेल’ पर यानि जमानत पर हैं। लेकिन जनता ने जिस भरोसे के साथ कांग्रेस की संस्कृति का नकारा है और भाजपा को जनादेश दिया है उस भरोसे को दिनों दिन मजबूत करने का काम भाजपा की सरकार कर रही है। 

राजनैतिक विरोधियों ने सेना की क्षमता पर सवाल उठाने का पाप किया 

उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्य की बात है कि राजनैतिक विरोधियों ने सेना की क्षमता पर सवाल उठाने का पाप किया है। यह पहले कभी नहीं हुआ, राजस्थान और देश के लोग ऐसी राजनीति करने वालों को कभी माफ नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि जिनको परिवार की राजनीति करनी हो करें, लेकिन देश की रक्षा और स्वाभिमान को शिखर पर ले जाने का हमारा निश्चय अटूट है और हमारी नीतियां साफ हैं। यही कारण है कि जो ‘वन रैंक वन पेंशन’ का मुद्दा सालों से अटका हुआ था इस सरकार ने उसका भी समाधान किया। 

जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ संवाद

प्रधानमंत्री मोदी ने आज यहां केन्द्र सरकार और राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ संवाद किया। इस अवसर पर राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह, मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल सैनी सहित कई केन्द्रीय मंत्री मौजूद थे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत