नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 26 जनवरी की ताकत 26 नवंबर में निहित है। उन्होंने कहा कि कोई यह नहीं कह सकता कि पुरानी सरकारों, पुराने प्रधानमंत्री ने देश के विकास में कुछ नहीं किया। यह देश सभी के योगदान से आगे बढ़ा है।
पीएम मोदी ने लोकसभा में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 125वीं जयंती वर्ष में ‘संविधान के प्रति प्रतिबद्धता’ पर गुरुवार को शुरू हुई चर्चा पर अपना समापन भाषण दिया।
पीएम मोदी ने कहा, 'मेरा भाषण समापन नहीं यह चर्चा का हिस्सा है। हम सबको बांधने की ताकत हमारे संविधान में है। संविधान के बारे में एक निरंतर मंथन चलना चाहिए।' पीएम ने कहा कि संविधान पर ऑनलाइन प्रतियोगिता भी होनी चाहिए। इस देश को कोटि-कोटि जनों ने बनाया है।
आगे उन्होंने कहा, 'संविधान के अंदर भी सबकी भूमिका रही है। हमें इतना उत्तम संविधान मिला है उसकी जितनी सराहना की जाए कम है।'