नई दिल्ली: कश्मीर के हालात पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज दोपहर 12 बजे संसद भवन में सभी दलों की बैठक बुलाएंगे। बैठक में गृहमंत्री राजनाथ सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता मौजूद रहेंगे। सूत्रों के अनुसार बैठक में राज्य की स्थिति पर विभिन्न दलों के साथ गहन विचार-विमर्श होगा।
ख़बरों के अनुसार बैठक में कश्मीर के हालात का जायज़ा लेने के लिए एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल कश्मीर भेजने पर फैसला किया जा सकता है। कश्मीर में हालात को समान्य बनाने के लिए बैठक में सुझाव मांगे जाएंगे और और आगे की रणनीत पर भी विचार किया जाएगा।
ग़ौरतलब है कि कश्मीर में 8 जुलाई को आतंकवादी बुरहान वानी की एक मुठभेड़ में हुई मौत के बाद से हिंसा शुरु हुई थी और हालात बिगड़ते ही गए। हिंसा में अब तक 50 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं और कई लोग घायल हुए हैं। घाटी में पिछले 34 दिनों से कर्फ्यू भी लगा हुआ है और सामान्य जीवन अस्व्यस्त है।
बुधवार को राज्यसभा में कश्मीर के हालात पर चर्चा हुई। राज्यसभा में चर्चा के दौरान राजनाथ सिंह ने कहा था कि दुनिया की कोई ताकत भारत से जम्मू एवं कश्मीर को नहीं छीन सकती। उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान से कश्मीर पर नहीं बल्कि पाक अधिकृत कश्मीर पर बात होगी।
राज्यसभा में चर्चा के बाद एक संकल्प सर्वसम्मति से पारित किया गया था जिसमें कश्मीर घाटी में अशांति, हिंसा और कर्फ्यू के प्रति गंभीर चिंता का इज़हार किया गया था और हिंसा में मारे और घायल हुए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई थी। संकल्प में कहा गया है कि राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।