1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कर्नाटक: बेंगलुरु रैली में सिद्धारमैया पर बरसे PM मोदी, कहा- ‘चुनाव में जनता देगी कांग्रेस को करारा जवाब’

कर्नाटक: बेंगलुरु रैली में सिद्धारमैया पर बरसे PM मोदी, कहा- ‘चुनाव में जनता देगी कांग्रेस को करारा जवाब’

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 04, 2018 05:06 pm IST,  Updated : Feb 04, 2018 11:55 pm IST

कर्नाटक के बेंगलुरु में पीएम मोदी ने कांग्रेस और वहां की सिद्धारमैया सरकार पर चुन-चुन कर हमले किए। उन्होंने आज राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार का नया कीर्तिमान रचने का आरोप लगाया...

narendra modi- India TV Hindi
narendra modi

बेंगलुरु: कर्नाटक में इस वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं इसलिए आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु में चुनावी समर का ऐलान कर दिया। पीएम मोदी ने कांग्रेस और वहां की सिद्धारमैया सरकार पर चुन-चुन कर हमले किए। उन्होंने आज राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार का नया कीर्तिमान रचने का आरोप लगाया और कहा कि इसके सत्ता से बाहर होने की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में अपराध और भ्रष्टाचार का ग्राफ बढ़ा है। वहां  10% कमीशन वाली सरकार चल रही है और माफिया राज है। मोदी ने यहां एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस सरकार एक्जिट गेट पर खड़ी है।’’

पीएम मोदी ने सिद्धरमैया सरकार पर कटाक्ष करते हुए इसे ‘‘दस प्रतिशत कमीशन वाली सरकार’’ करार दिया। कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरते हुए कहा कि कानून के शासन की जगह, अपराधी शासन चला रहे हैं। पैलेस ग्राउंड में रैली प्रदेश भाजपा के 85 दिवसीय ‘‘परिवर्तन यात्रा’’ के संपन्न होने के मौके पर आयोजित की गई। इस रैली के द्वारा भाजपा ने इस वर्ष प्रस्तावित विधानसभा चुनावों के लिए चुनावी बिगुल फूंक दिया। भाजपा ने राज्य में 150 से अधिक सीटों की लक्ष्य तय किया है।

मोदी ने कहा कि राज्य में ‘‘भगवा लहर’’ है और कर्नाटक की जनता ने राज्य को कांग्रेस मुक्त बनाने और कांग्रेस संस्कृति से मुक्ति का फैसला कर लिया है। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस सरकार दस प्रतिशत सरकार है जहां दस प्रतिशत कमीशन दिए बिना कोई काम नहीं होता। अगर यह किसी सरकार की पहचान है तो यह शर्म की बात है।’’

राज्य पर भ्रष्टाचार के मामले में नया कीर्तिमान बनाने का आरोप लगाते हुए मोदी ने कहा, ‘‘कांग्रेस मुक्त सरकार का मतलब वंशवादी शासन, भाई भतीजावाद, भ्रष्टाचार और लूट से आजादी है।’’ उन्होंने राज्य के दो मंत्रियों के आवासों पर आयकर के छापों और एक वरिष्ठ कांग्रेसी नेता के छापे में बेनामी संपत्ति के खुलासे का जिक्र किया और कहा, ‘‘राज्य में स्टील माफिया, बालू माफिया और तबादला माफिया हैं।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ लोगों ने स्टील पुल बनाने के नाम पर करोड़ों रुपये की गड़बड़ी की साजिश रची। मोदी ने कहा, ‘‘जनआक्रोश और भाजपा के प्रदर्शन के कारण परियोजना निरस्त कर दी गई।’’ वह एक बड़े ट्रैफिक जंक्शन पर शहर में एक स्टील पुल परियोजना का जिक्र कर रहे थे जिसे जनआक्रोश के बाद निरस्त कर दिया गया।

भाजपा और संघ परिवार के कार्यकर्ताओं की हत्याओं के संदर्भ में उन्होंने कहा कि भाजपा और इससे जुड़े संगठनों के कई कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा, ‘‘यह सामाजिक ताने बाने पर हमला है। मैं कर्नाटक की जनता से राज्य के सामाजिक ताने बाने पर हमला करने वाली सरकार के खिलाफ वोट देने की अपील करता हूं।’’

देखिए वीडियो-

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत