इलाहबाद: हाल ही में गाली मुद्दे पर सुर्खियों में आई स्वाति सिंह के नाम पर सियासत शुरू हो गई है। इलाहबाद में लगाए एक विवादित पोस्टर में स्वाति सिंह को दुर्गा माता के रूप में पेश किया गया है। जबकि दूसरी ओर BSP सुप्रीमो मायावती को सूर्पनखा और यूपी बीजेपी के अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य को भगवान राम और स्वाति सिंह के पति दयाशंकर सिंह को उनके अनुज लक्ष्मण के तौर पर दिखाया गया है।
स्वाति सिंह को देवी के रूप में प्रस्तुत करने वाले इलाहाबाद युनिवर्सिटी के छात्र नेता अनुराग शुक्ल का मानना है कि अपनी बेटी के सम्मान में स्वाति ने जिस तरह संघर्ष किया है उसके बाद देवी दुर्गा से उनकी तुलना करना गलत नहीं होगा। इस पोस्टर में BSP नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी, सतीश मिश्र और BSP के बागी स्वामी प्रसाद मौर्य के लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है।
इस पोस्टर में मायावती की नाक को कटा हुआ दिखाया गया है। इस पोस्टर को लगाने वाले BJP के समर्थक अनुराग शुक्ल ने खुद को आरक्षण मुक्त महासंगठन का संयोजक भी बताया है। जब पुलिस को इन पोस्टरों के बारे में पता लगा तो उन्होंने सभी पोस्टरों को जबरन हटवा दिया जिस दौरान पुलिस और समर्थकों में झड़प भी हुई।