नई दिल्ली: शिरोमणि अकाली दल के कार्यकर्ताओं द्वारा आम आदमी पार्टी (AAP) के एक कार्यकर्ता को गोली मारे जाने की खबर के बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को पंजाब पुलिस पर आरोप लगाया कि वह आदर्श आचार संहिता लागू होने के बावजूद उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल से आदेश ले रही है।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
केजरीवाल ने ट्वीट किया, "पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) सुरेश अरोड़ा अभी भी सुखबीर बादल से आदेश ले रहे हैं। जानबूझकर बादल के गुंडों को मुक्त छोड़ दिया जा रहा है।"केजरीवाल ने अपने ट्वीट के साथ आप की युवा समन्वयक रुबी बरार की एक तस्वीर साझा की है, जिन्हें पंजाब के बठिंडा जिले में रामपुरा फुल में एक गोली मारी गई है। केजरीवाल ने सवाल किया, "चुनाव आयोग क्या कर रहा है? पंजाब पुलिस क्या कर रही है?"
केजरीवाल ने यह आरोप भी लगाया कि गोवा और पंजाब में मतदान से पहले रुपये और शराब का वितरण सुनिश्चित करने के लिए पुलिस जांच बंद कर दी गई है। केजरीवाल ने कहा, "पिछले दो दिनों से पंजाब में कहीं भी कोई छानबीन नहीं चल रही है। क्यों?"आप नेता ने कहा, "पूरे पंजाब में पिछले दो दिनों से पुलिस जांच काफी कम हो गई है। शराब और रुपये निर्बाध रूप से बांटे जा रहे हैं।" केजरीवाल ने सवाल किया है कि क्या निर्वाचन आयोग ने किसी मकसद से गोवा और पंजाब में पुलिस छानबीन रोक दी है?
उल्लेखनीय है कि दोनों राज्यों में चुनाव प्रचार गुरुवार को बंद हो गया। दोनों राज्य विधानसभाओं के लिए शनिवार को मतदान होना है।