1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. राहुल गांधी का ‘पैरामिलिट्री कार्ड’, कहा- 'हमारी सरकार बनी तो अर्धसैनिक बलों के जवानों को मिलेगा शहीद का दर्जा'

राहुल गांधी का ‘पैरामिलिट्री कार्ड’, कहा- 'हमारी सरकार बनी तो अर्धसैनिक बलों के जवानों को मिलेगा शहीद का दर्जा'

 Written By: Bhasha
 Published : Feb 23, 2019 02:04 pm IST,  Updated : Feb 23, 2019 02:04 pm IST

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के बाद उनकी पार्टी की सरकार बनने पर देश के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले अर्धसैनिक बलों के जवानों को भी 'शहीद' का दर्जा देने की व्यवस्था की जाएगी।

Congress president Rahul Gandhi- India TV Hindi
Congress president Rahul Gandhi Image Source : ANI

नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के बाद उनकी पार्टी की सरकार बनने पर देश के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले अर्धसैनिक बलों के जवानों को भी 'शहीद' का दर्जा देने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने यहां छात्रों के साथ संवाद के दौरान एक सवाल के जवाब में कहा, '' अर्धसैनिक बलों को शहीद का दर्जा मिलना चाहिए। अगर हमारी सरकार आई तो उन्हें शहीद का दर्जा मिलेगा।''

पुलवामा आतंकी हमले के बाद भी कांग्रेस अध्यक्ष ने सीआरपीएफ जवानों को शहीद का दर्जा नहीं मिलने का मुद्दा उठाते हुए नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा था और कहा था कि मोदी के 'न्यू इंडिया' में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले जवानों को शहीद का दर्जा नहीं मिलता, लेकिन एक उद्योगपति को 30 हजार करोड़ रुपये का तोहफा आसानी से मिलता है।

छात्रों के साथ बातचीत में गांधी ने देश की शिक्षा व्यवस्था में एक खास विचारधारा थोपे जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ''आप किसी भी विश्वविद्यालय में पूछ लीजिए। पता चलेगा कि कुलपति के पद पर एक विचारधारा और एक संगठन के लोग बैठाए जा रहे हैं। वे हिंदुस्तान की शिक्षा व्यवस्था को अपना औजार बनाना चाहते हैं।''

राहुल गांधी ने कहा, "हमें इन संस्थाओं को स्वायत्तता देनी है, पूरा धन देना है। यह नहीं कहना है कि उन्हें क्या करना है। यही हममें और उनमें फर्क है।" उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा सरकार शिक्षा पर बजट में कटौती की है और वह शिक्षा को निजी समूहों के हाथों में सौंप रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत