नई दिल्ली: कांग्रेस पार्टी ने आखिरकार अपनी 'मेजर सर्जरी' का मन बना ही लिया है। कांग्रेस के भीतर से जो खबरें छनकर बाहर आ रही हैं, उनसे तो ऐसे ही संकेत मिल रहे हैं। बड़ी बात ये है कि अब राहुल गांधी को कांग्रेस की कमान मिल सकती है। पता चला है कि सोनिया गांधी उन्हें पार्टी सौंपने के लिए तैयार हो गई हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी के भीतर बहुत बड़े बदलाव होंगे। कई पुराने नेताओं की पार्टी के ओहदों से छुट्टी हो सकती है।
सूत्रों से पता चला है कि इसी महीने कांग्रेस कार्यसमिति यानी cwc की एक अहम बैठक होने वाली है। इसी बैठक में कांग्रेस की कमान राहुल गांधी को सौंपे जाने के बारे में बड़ा फैसला हो सकता है। इसके अलावा पार्टी में बड़े बदलावों का भी ऐलान किया जा सकता है।
क्या रिटायर होने जा रही हैं सोनिया?
कांग्रेस के दिग्गज नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह के बयान के बाद कांग्रेस में कमान बदलने की ख़बरों को और बल मिला है। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इशारों में कहा कि सोनिया अब अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी छोड़ने का पूरा मन बना चुकी हैं।
पार्टी संगठन से होगी पुराने नेताओं की छुट्टी?
सूत्रों से पता चला है कि राहुल गांधी की ताजपोशी के साथ ही कांग्रेस संगठन में बड़ी ओवरहॉलिंग होगी। कुछ सचिवों, महासचिवों से लेकर प्रदेश अध्यक्षों पर गाज गिरने के आसार हैं। सूत्रों के मुताबिक पार्टी के जिन महासचिवों की छुट्टी हो सकती है उनमें शामिल हैं- जनार्दन द्विवेदी, अंबिका सोनी, मधुसूदन मिस्त्री, मोहन प्रकाश। इसके अलावा पार्टी के कोषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा की भी छुट्टी होना तय माना जा रहा है।
कांग्रेस पार्टी में होंगे बड़े फेरबदल !
वहीं, पार्टी संगठन में जिन लोगों को अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है उनमें शामिल हैं- राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत, कमलनाथ, के राजू, भंवर जीतेंद्र सिंह। मौजूदा पार्टी सचिव अविनाश पांडे को प्रमोट करके महासचिव बनाया जा सकता है।
‘राहुल कांग्रेस अध्यक्ष बने तो बीजेपी के आएंगे अच्छे दिन’
दिलचस्प बात ये है कि राहुल गांधी को अभी कांग्रेस की कमान सौंपी भी नहीं गई है लेकिन बीजेपी के नेता अभी से चुटकियां लेने में पीछे नहीं है। किसी ने कह दिया कि राहुल की ताजपोशी से कांग्रेस मुक्त भारत जल्दी हो जाएगा तो किसी ने कह दिया कि कांग्रेस का जहाज डूब रहा है।
मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की खबरों पर कहा कि ऐसा हुआ तो बीजेपी के लिए अच्छे दिन आ जाएंगे।