अयोध्या: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी उत्तर प्रदेश में अपनी यात्रा के चौथे दिन अयोध्या पहुंचे। यहां राहुल गांधी ने सबसे पहले प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा की। मंदिर के महंत ने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल यहां करीब 20 मिनट तक रहे। गौर करने वाली बात यह है कि वर्ष 1992 में बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद गांधी परिवार के किसी सदस्य का अयोध्या का यह पहला दौरा है।
26 साल पहले उनके पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने अयोध्या की यात्रा के दौरान हनुमानगढ़ी मंदिर जाने की योजना बनाई थी, लेकिन समय के अभाव के चलते वे नहीं जा सके। उसके अगले साल 21 मई, 1991 को उनकी हत्या हो गई। राहुल गांधी तब 20 साल के थे।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी महत्वकांक्षी किसान यात्रा और खाट सभा से पहले प्रसिद्ध दुग्धेश्वर नाथ मंदिर में पूजा अर्चना की थी और अब किसान यात्रा के चौथे दिन राहुल गांधी अयोध्या में हैं। अयोध्या को हिंदुत्व एजेंडे वाली राजनीति का गढ़ कहा जा सकता है और यहां भी राहुल गांधी अपनी यात्रा की शुरुआत हनुमानगढ़ी मंदिर से की है।
राहुल गांधी की अयोध्या यात्रा और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन के खास मायने हैं। बीते कुछ सालों से कांग्रेस की छवि धर्मनिरपेक्ष पार्टी के बजाय हिंदू विरोधी पार्टी के तौर पर बनने लगी थी। सूत्रों के मुताबिक प्रशांत किशोर की सलाह पर ही कांग्रेस उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण केंद्रित चुनाव अभियान चला रही है और इसी रणनीति के तहत कांग्रेस ने शीला दीक्षित को यूपी में मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार भी बनाया है। साथ ही कांग्रेस की कोशिश ये भी है कि वो किसी तरह बीजेपी के मजबूत होते वोटबैंक को कमजोर करें।