नई दिल्ली: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को पश्चिम बंगाल के दौरे पर पहुंचे। राहुल कोलकाता में हुए पुल हादसे के पीड़ितों से मिलने के लिए कोलकाता मेडिकल कॉलेज गये। इससे पहले उन्होंने भीड़भाड़ वाले इलाके में गुरुवार को गिरे निर्माणाधीन फ्लाईओवर की जगह का दौरा किया और राहत कार्य का जायजा लिया। पीड़ितों से मिलने के बाद राहुल आज तीन रैलियों को संबोधित करेंगे।
घायलों का हालचाल जानने के बाद उन्होंने कहा कि वह घायलों से मिलने के लिए यहां आए थे। वह कोई राजनीतिक बयान नहीं देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यह एक दुखद घटना है। ऐसी स्थिति में घायलों को जितनी मदद हो सकती है, उतनी जरूर की जानी चाहिए।
शनिवार दोपहर 12 बजे राहुल गांधी बर्धमान जिले के बिरसा मुंडा फुटबॉल ग्राउंड में रैली करेंगे। इसके बाद 1.30 बजे बंकुरा जिले के तमिलबांध ग्राउंड में और फिर बर्धमान जिले के दुर्घापुर में दोपहर 3 बजे कल्पतरु मैदान में रैली करेंगे।
कोलकाता के भीड़भाड़ वाले इलाके में गुरुवार को एक निर्माणाधीन फ्लाईओवर के गिरने की घटना के बाद, यह निर्माण करने वाली हैदराबाद की कंपनी के तीन शीर्ष अधिकारियों को गिरफ्तार करके उन पर हत्या का आरोप लगाया गया है। इस हादसे में मरने वालों की संख्या 25 हो गई है। राज्य सरकार ने भी कोलकाता मेट्रोपोलिटन डेवलेपमेंट अथॉरिटी के दो वरिष्ठ इंजीनियर को सस्पेंड कर दिया गया है। आईवीआरसीएल के साथ केएमडीए भी प्रोजेक्ट में पार्टनर है।
इससे पहले, दिन में कोलकाता पुलिस के एक अधिकारी ने बताया था कि कुछ इंजीनियरों, प्रबंधकों और उपाध्यक्ष सहित फ्लाईओवर निर्माता कंपनी आईवीआरसीएल के 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है।