1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. राजस्थान बजट: वसुंधरा ने खोला पिटारा, किसानों का 50 हजार तक कर्ज माफ, 8 महीने में 1 लाख से ज्यादा सरकारी नौकरियां

राजस्थान बजट: वसुंधरा ने खोला पिटारा, किसानों का 50 हजार तक कर्ज माफ, 8 महीने में 1 लाख से ज्यादा सरकारी नौकरियां

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 12, 2018 04:15 pm IST,  Updated : Feb 12, 2018 04:16 pm IST

सीएम वसुंधरा ने बजट भाषण में सशक्त राजस्थान पर फोकस किया। विपक्ष के हंगामे के बीच विधानसभा में बजट में युवाओं को आकर्षित करने की कोशिश करते हुए वसुंधरा ने कहा कि प्रदेश में एक लाख रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे...

rajasthan cm vasundhara raje- India TV Hindi
rajasthan cm vasundhara raje

जयपुर: राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने आज अपने कार्यकाल का आखिरी बजट पेश किया। वसुंधरा सरकार ने इस बजट के जरिए किसानों, गरीबों और युवाओं को साधने की कोशिश की है। इस बजट में किसानों, युवाओं और गरीबों के लिए बड़े ऐलान किए गए है। वसुंधरा सरकार ने 8 महीने के भीतर 1 लाख सरकारी नौकरियों और किसानों का 50 हजार रुपए तक का कर्ज माफ करने की घोषणा की।

वसुंधरा ने युवाओं के लिए खोला नौकरी का पिटारा

सीएम वसुंधरा ने बजट भाषण में सशक्त राजस्थान पर फोकस किया। विपक्ष के हंगामे के बीच विधानसभा में बजट में युवाओं को आकर्षित करने की कोशिश करते हुए वसुंधरा ने कहा कि प्रदेश में एक लाख रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। राजे ने जहां किसानों के लिए 50 हजार रुपये तक का कर्ज माफ किया वहीं शिक्षा के क्षेत्र में 77 हजार से अधिक पदों पर भर्ती का ऐलान किया।

शिक्षा विभाग में 77,000, गृह विभाग में 5718, प्रशासनिक सुधार विभाग में 11,923 और स्वास्थ्य विभाग में 6976 पोस्ट समेत कुल 1,08,000 पोस्ट्स पर दिसंबर 2018 से पहले भर्तियां होंगी। अगले साल तक 75,000 पोस्ट के लिए नई विज्ञप्ति जारी की जाएगी। 1000 नर्सिंग कर्मियों को भर्ती किया जाएगा।

बुजुर्गों को बड़ी राहत

इस दौरान उन्होंने प्रदेश के बुजुर्गों को बड़ी राहत देते हुए 80 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए रोडवेज में फ्री सफर की घोषणा की है। इसके अलावा शहीद सैनिकों के आश्रितों को अब 20 लाख के स्थान पर 25 लाख नकद दिया जाएगा।

किसानों का 50 हजार रुपए तक का कर्ज करने की घोषणा

वसुंधरा ने बजट भाषण में किसानों का 50 हजार रुपए तक का कर्ज करने की घोषणा की। लघु और सीमांत किसानों के लिए की गई इस घोषणा से राज्य सरकार पर 8 हजार करोड़ रुपए का भार पड़ेगा। कर्ज में सितंबर 2017 तक का ब्याज भी माफ कर दिया गया। किसान कर्ज राहत आयोग बनाया गया है, यहां किसान मेरिट के आधार पर कर्ज माफी के लिए संपर्क कर सकते हैं।

गरीबों पर खासा ध्यान

गरीबों पर भी वसुंधरा सरकार ने अपने बजट में खासा ध्यान रखा है। घर की रजिस्ट्री पर छूट दी जाएगी। EWS के मकान पर 2% ब्याज की बजाय 1% ड्यूटी लगेगी। भैरो सिंह शेखावत अंत्योदय रोजगार योजना की शुरुआत की जाएगी। राज्यभर में 1000 नए अन्नपूर्णा भंडार खोले जाएंगे। सुंदर सिंह भंडारी EBC स्वरोजगार योजना लागू होगी। 50,000 परिवारों को 50,000 तक का कर्ज दिया जाएगा। हर जिले में कलेक्टर ऑफिस में अन्नपूर्णा रसोई खोली जाएगी।

स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं

राजे के बजट में महिलाओं पर भी खास फोकस रखा गया है खासकर सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ा दिया है। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। इसमें रिक्त पदों पर भर्ती के साथ ही कई मेडिकल कॉलेजों में कैथ लैब की स्थापना और 28 नए पीएचसी शामिल हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत