नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रामशंकर कठेरिया ने आज कांग्रेस पर आरोप लगाए कि वह सस्ती राजनीति के माध्यम से लोगों को भ्रमित कर रही है और आरएसएस को बदनाम कर रही है। फेसबुक पर एक आरएसएस कार्यकर्ता की फोटो साझा करने के लिये उतरप्रदेश कांग्रेस समिति के प्रमुख निर्मल खत्री के खिलाफ मामला दर्ज किये जाने के बाद उनका बयान आया है। फेसबुक पर लगे फोटोग्राफ में दावा किया गया है कि चेन्नई बाढ़ पीडि़तों से लूटपाट करने के लिए आरएसएस कार्यकर्ता की पिटाई की जा रही है।
कठेरिया ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि गंभीर मुद्दों के अभाव में कांग्रेस और इसके वरिष्ठ नेता सस्ती राजनीति पर उतर आए हैं। अपने पापों को छिपाने के लिए कभी वे संसद को बाधित करते हैं और अदालत से संबंधित किसी भी मामले के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराते हैं।
उन्होंने कहा कि कई अवसर पर वे घटनाओं को गढ़ते हैं, फर्जी दस्तावेज बनाते हैं और राष्ट्रवादी संगठनों को बदनाम करने के लिए सोशल मीडिया का दुरूपयोग करते हैं। खत्री जैसे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता जिस तरीके से आरएसएस को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं वह घृणास्पद और आपराधिक कृत्य है।
आरएसएस कार्यकर्ता अजीत चाहर ने आगरा में खत्री के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया। फोटोग्राफ में दिखाया गया है कि चाहर को पुलिस पीट रही है।