नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में रेलवे भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए चलाए गए अभियान, इसके कारण सर्द मौसम में बेघर हुए लोगों और एक बच्ची की मौत पर रेल मंत्री सुरेश प्रभु, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के बीच सोमवार को जुबानी जंग छिड़ी रही।
पीड़ित बच्ची के पिता का कहना है कि बच्ची की मौत शनिवार को झुग्गी बस्ती गिराए जाने से पहले जगह खाली करने के लिए मची अफरा-तफरी के कारण हुआ। बच्ची की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कहा गया है कि बच्ची की मौत सिर और छाती में लगी चोट और सदमे के कारण हुआ है।
रेल मंत्री ने पश्चिमी दिल्ली के शकूरबस्ती इलाके में शनिवार को अतिक्रमण के खिलाफ चलाई मुहिम में झुग्गी बस्ती तोड़ने के दौरान बच्ची की मौत के आरोपों को गलत बताया। रेल मंत्री ने कहा कि बच्ची की मौत अभियान शुरू होने से काफी पहले हो गई थी।
झुग्गी बस्ती ढहाए जाने के बाद से बस्ती वासी खुले में रह रहे हैं। दिल्ली की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार ने कहा है कि वह गरीबों को भोजन और आश्रय मुहैया कराने के प्रति कटिबद्ध है।
सोमवार को पार्टी प्रदेशाध्यक्ष अजय माकन के साथ राहुल गांधी झुग्गी बस्ती वालों से मिलने पहुंचे और उनके अधिकारों के लिए लड़ने का संकल्प व्यक्त किया। राहुल ने कहा, "हम आपकी मदद करने की कोशिश करेंगे..हम आपके लिए लड़ेंगे..हम इस मुद्दे को संसद में उठाएंगे।"