बीजेपी नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी ने दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग पर विवादित ट्वीट किया है। स्वामी ने ट्विट कर कहा है कि उपराज्यपाल नजीब जंग इस उच्च पद के लिए लायक नहीं हैं। इतना ही नहीं उन्होंने उपराज्यपाल को चार सौ बीस तक कह दिया है। उन्होंने कहा कि वे केजरीवाल की तरह 420 हैं। इसके अलावा स्वामी ने कहा कि दिल्ली को संघ से जुड़े व्यक्ति की जरूरत।
स्वामी ने ट्वीट कर कहा: मेरी राय में दिल्ली के उप राज्यपाल मिस्टर जंग इस उच्च पद के योग्य नहीं हैं..केजरीवाल की तरह वो भी एक 420 हैं .. दिल्ली में संघ से जुड़े व्यक्ति की जरूरत है।
दिलचस्प बात ये है कि केजरीवाल नजीब पर बीजेपी का एजेंट होने का आरोप लगाते रहे हैं। अधिकारों को लेकर दोनों की लड़ाई ने इतना तूल पकड़ लिया था कि दिल्ली हाई कोर्ट को बीच में आना पड़ा। कोर्ट ने अपने फ़ैसले में कहा कि उप-राज्यपाल नजीब जंग दिल्ली के प्रशासनिक प्रमुख हैं।
बता दें कि स्वामी पहले भी आरबीआई गवर्नर रघुराम राजन और वित्त मंत्री अरुण जेटली के खिलाफ ट्विटर पर मोर्चा खोल चुके हैं और मोदी सरकार के लिए सिर दर्द बन चुके हैं।
दूसरी तरफ दिल्ली के कुछ सेक्रेटरी के ट्रांसफर को लेकर मुश्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी और एलजी पर निशाना साधा है। केजरीवाल ने लिखा- मनीष एलजी के पैरों में पड़ गए कि अफसरों का ट्रांसफर मत करो, लेकिन वे नहीं माने। उन्होंने ये भी लिखा कि मोदी नजीब की आड़ में दिल्ली को बरबाद करने पर आमादा हैं।