पटना: भाजपा ने बिहार में सत्ताधारी महागठबंधन के प्रमुख घटक दल जदयू और राजद में कथित मतभेद की तरफ इशारा करते हुए आज कहा कि उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों में दोनों पार्टियों अलग-अलग रूख अपना रही हैं, जिसका असर यहां के सत्ताधारी गठबंधन पर पड़ेगा। राजद प्रमुख लालू प्रसाद की ओर से पार्टी के उत्तर प्रदेश चुनाव नहीं लड़ने के ऐलान पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने पत्रकारों से कहा, इसका असर बिहार के सत्ताधारी गठबंधन पर पड़ेगा।
लालू प्रसाद ने राजद के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा कर संकेत दिए हैं कि वह इन चुनावों में अपने समधि और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव की मदद करेंगे। दूसरी ओर, जदयू अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अक्सर उत्तर प्रदेश का दौरा कर रहे हैं जिससे संकेत मिल रहे हैं कि वह अगले साल की शुरूआत में राज्य में होने वाले विधानसभा चुनावों में अहम भूमिका निभाने की तैयारी में हैं।
बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष सुशील ने कहा, लालू प्रसाद सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव का जोरदार तरीके से पक्ष ले रहे हैं, जबकि नीतीश कुमार की कई बातें सपा प्रमुख के खिलाफ हो रही हैं, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि बड़े भाई (लालू) और छोटे भाई (नीतीश) के बीच गहरे मतभेद हैं। सुशील ने कहा, उत्तर प्रदेश में उनके विपरीत हितों का असर निश्चित तौर पर बिहार के धर्मनिरपेक्ष महागठबंधन पर पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश के विपरीत हित हैं।