नई दिल्ली: पाकिस्तान की अपनी हालिया यात्रा के दौरान वहां के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से उर्दू में बातचीत करने को लेकर उठे सवालों और आलोचना के बीच विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने आज पूरे अधिकार भाव से कहा कि उर्दू मेरे मुल्क की ज़ुबान है।
विदेश मंत्री ने लोकसभा में अपनी पाकिस्तान यात्रा को लेकर बयान दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ वार्ता काफी अच्छे माहौल में हुई। हालांकि कुछ लोगों ने बेवजह की बातों को तूल देकर इसकी आलोचना भी की। सुषमा ने कहा, ‘कुछ लोगों ने यह भी आलोचना की कि मैंने उस दिन हरे रंग की साड़ी क्यों पहन रखी थी। मैं बुधवार को हरे रंग की ही साड़ी पहनती हूं और उस दिन बुधवार ही था। इसमें क्या बात है?’
इसी बीच तृणमूल कांग्रेस के सौगत राय ने उर्दू भाषा का जिक्र किया तो सुषमा बोलीं कि हां, इस पर भी कुछ लोगों ने आपत्ति जतायी कि मैंने उर्दू में क्यों बात की। सुषमा ने कहा, ‘उर्दू मेरे मुल्क की भी जु़बान है। उर्दू उनकी भी जु़बान है इसलिए मैंने उर्दू में बात की।’
उन्होंने इसी क्रम में बताया कि पाकिस्तान यात्रा में उन्होंने प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के परिवार की चार पीढि़यों से एक साथ मुलाकात की जिनमें उनकी वालिदा (मां) , उनकी पत्नी, बेटी मरियम और नाती पोते भी शामिल थे। सुषमा ने कहा, विदेश नीति में ये सब चीजें अहमियत रखती हैं।