नई दिल्ली: अगले साल 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले स्वराज अभियान इस महीने के आखिर में एक नये राजनीतिक दल के गठन पर फैसला कर सकता है।
योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण ने आम आदमी पार्टी से निकाले जाने के बाद स्वराज अभियान की स्थापना की थी। स्वराज अभियान 31 जुलाई को यहां अपना नेशनल डेलिगेट्स कन्वेंशन आयोजित करेगा जिसमें राजनीतिक दल के गठन पर फैसला लिया जा सकता है।
स्वराज अभियान के मीडिया प्रभारी अनुपम ने कहा, नवंबर 2015 के हमारे प्रस्ताव में हमने फैसला किया था कि जब तक हम 100 से ज्यादा जिलों से प्रतिनिधियों का निर्वाचन नहीं कर लेते और कम से कम छह राज्यों (स्वराज अभियान की शाखाएं) में अपने आतंरिक चुनाव नहीं कर लेते, हम राष्ट्रीय कार्यकारी समिति का गठन नहीं करेंगे।
अनुपम ने कहा, 30 जुलाई के नवगठित राष्ट्रीय संचालन समिति नयी राष्ट्रीय कार्यकारी समिति का निर्वाचन करेगी। नवगठित समिति में करीब 300 सदस्य शामिल हैं। उन्होंने कहा, 31 जुलाई को 1,000 से अधिक निर्वाचित प्रतिनिधि राजनीतिक दल के गठन और अगले साल विभिन्न राज्यों में विधानसभा चुनाव लड़ने ना लड़ने पर फैसला करेंगे।