1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. तेजस्वी के नेतृत्व में राजद की 'जनादेश अपमान यात्रा' शुरू

तेजस्वी के नेतृत्व में राजद की 'जनादेश अपमान यात्रा' शुरू

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Aug 09, 2017 02:31 pm IST,  Updated : Aug 09, 2017 02:31 pm IST

बाद में तेजस्वी ने यहां आए लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "हमने नीतीश कुमार के साथ महागठबंधन बनाकर गलती की थी। हम गांधी जी के सिद्घांत पर चलने वाले लोग हैं। हम नहीं जानते थे कि नीतीश जी खुद को गांधी जी का भक्त बता कर उन्हीं के हत्यारे की गोद में बैठ

tejashwi-yadav- India TV Hindi
tejashwi-yadav

मोतिहारी: महागठबंधन टूटने से नाराज बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आज जनादेश अपमान यात्रा की शुरुआत की। पूर्वी चंपारण की धरती से इस जनादेश अपमान यात्रा शुरू हो चुकी है। पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने इस यात्रा की शुरुआत मोतिहारी से की है। एनडीए सरकार के खिलाफ शुरू हुए इस आंदोलन में तेजस्वी के साथ उनके भाई तेज प्रताप भी मौजूद हैं। आज सुबह मोतिहारी के गांधी मैदान में गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद तेजस्वी ने इस यात्रा की शुरुआत की। तेजस्वी इस यात्रा के दौरान राज्य के सभी क्षेत्रों में जाएंगे। इस यात्रा के प्रारंभ में गांधी जी की प्रतिमा के सामने तेजस्वी सहित राजद के कई नेता मौन धरने पर बैठे। ये भी पढ़ें: नौकरीपेशा लोगों के लिए खुशखबरी, सरकार जल्द ही ले सकती है यह बड़ा फैसला

बाद में तेजस्वी ने यहां आए लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "हमने नीतीश कुमार के साथ महागठबंधन बनाकर गलती की थी। हम गांधी जी के सिद्घांत पर चलने वाले लोग हैं। हम नहीं जानते थे कि नीतीश जी खुद को गांधी जी का भक्त बता कर उन्हीं के हत्यारे की गोद में बैठ जाएंगे।" उन्होंने खुद को भाग्यशाली बताते हुए कहा कि हमें चंपारण सत्याग्रह शताब्दी वर्ष मनाने का मौका मिला है। नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि नीतीश ने न सिर्फ जनादेश का अपमान किया है, बल्कि बापू के विचारों का भी अपमान किया है।

उन्होंने कहा कि आज से तीन महीने पहले मुख्यमंत्री के साथ सात किलोमीटर पैदल चलकर नीतीश के साथ इसी मूर्ति के सामने हमने कई संकल्प लिए थे, परंतु यह आज तक पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने अपनी गलती मानते हुए कहा, "आज हम यहां अपनी गलती सुधारने आए हैं। जिस व्यक्ति के साथ हमने संकल्प लिया था, वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से मिल गया। हम आज यहां से श्रेष्ठ भारत बनाने का सपना साकार करेंगे। हम महात्मा गांधी से माफी मांगते हैं। हम अपनी भूल को सुधारेंगे।"

उन्होंने कहा कि जनादेश के अपमान का सबक जनता सिखाएगी। इस मौके पर राजद के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे, पूर्व मंत्री और राजद अध्यक्ष के पुत्र तेजप्रताप यादव सहित राजद के कई नेता तेजस्वी के साथ मौजूद रहे। तेजस्वी शाम को मोतिहारी के जानकी देवी कन्या उच्च विद्यालय, माधोपुर में एक आम सभा को संबोधित करेंगे और उसके बाद शिवहर के लिए रवाना हो जाएंगे। उल्लेखनीय है कि इस यात्रा की शुरुआत के लिए तेजस्वी मंगलवार को ही पटना से रवाना हो गए थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत