1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. ‘सोनिया गांधी थक गई हैं, नई पीढ़ी को आगे लाने का आ गया है समय’

‘सोनिया गांधी थक गई हैं, नई पीढ़ी को आगे लाने का आ गया है समय’

 Written By: IANS
 Published : May 31, 2016 01:40 pm IST,  Updated : May 31, 2016 01:40 pm IST

कांग्रेस में एक बार फिर पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी को बड़ी जिम्मेदारी सौंपे जाने की मांग उठी है और इस बार आवाज उठाने वाले हैं पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष कैप्‍टन अमरिंदर सिंह।

sonia rahul- India TV Hindi
sonia rahul

नई दिल्ली: कांग्रेस में एक बार फिर पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी को बड़ी जिम्मेदारी सौंपे जाने की मांग उठी है और इस बार आवाज उठाने वाले हैं पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष कैप्‍टन अमरिंदर सिंह। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को 'थकी हुई' कहते हुए पार्टी का नेतृत्व नई पीढ़ी को सौंपे जाने पर बल दिया है।

अमरिंदर ने कहा, "मैंने सोनिया गांधी के साथ काम किया है। वह बहुत अच्छी नेता हैं। लेकिन उनकी उम्र अब 70 साल हो गई है। नई पीढ़ी को सामने लाने का समय आ गया है। निश्चित रूप से वह थक गई हैं।"

जब उनसे पूछा गया था कि क्या कांग्रेस के पदानुक्रम में शीर्ष पर सोनिया और राहुल के एक साथ रहने के कारण इसे नुकसान पहुंचा है तो उन्‍होंने यह बात कही।  पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, "यदि वह स्वयं आगे बढ़कर जिम्मेदारी सौंपती हैं तो यह अच्छा होगा।"

एक अन्य सवाल के जवाब में अमरिंदर ने कहा कि अधिकार एवं जिम्मेदारी मिलने पर राहुल गांधी भी मजबूत नेता के रूप में सामने आएंगे। पंजाब के अमृतसर से कांग्रेस के सांसद कैप्‍टन अमरिंदर सिंह ने कहा, "मैंने उनके (राहुल) पिता (दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी) के साथ काम किया है। वह भी इसी तरह के थे। राहुल भी समय के साथ एक मजबूत नेता के रूप में सामने आएंगे।"

हाल के विधानसभा चुनावों में पार्टी की हार का परोक्ष संदर्भ देते हुए अमरिंदर ने कहा, "देश में जो कुछ भी हुआ है उसे देखते हुए पार्टी को स्वयं को मजबूत करने की आवश्यकता है।"

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस हाईकमान को 'क्षेत्रीय नेताओं' से लड़ने के लिए संबंधित राज्यों में पार्टी की प्रदेश इकाइयों के नेताओं को अधिक अधिकार देने की आवश्यकता है। कांग्रेस के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, "यदि आपको क्षेत्रीय नेतृत्व से लड़ना है तो आपको राज्य के नेताओं को अधिकार देने पड़ेंगे।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।