नई दिल्ली: भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सिद्धार्थ नाथ सिंह ने विवादास्पद हथियार डीलर से संबंध होने के कांग्रेस के आरोप को आज खारिज कर दिया और उस पर आरोप लगाया कि वह रॉबर्ट वाड्रा मुद्दे से ध्यान बंटाने के लिए उनका नाम घसीट रही है।
सिंह ने कहा कि वह डीलर को जानते हैं जिनके परिसरों पर आयकर विभाग ने छापे मारे थे क्योंकि उनके बच्चे एक ही स्कूल में पढे़ हैं। उन्होंने एक बयान में कहा, मेरा संबंध सामाजिक है और रॉबर्ट वाड्रा से अलग है जो लंदन में विवादास्पद तरीके से एक घर हासिल करने के लिए जांच के घेरे मैं हैं। इसके अलावा कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि मैंने एक अल्प अवधि में रक्षा डीलर को 450 कॉल किये। यह तथ्यात्मक रूप से गलत है और इसमें थोड़ी भी सच्चाई नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘यद्यपि मैं किसी भी जांच के लिए तैयार हूं जिसका स्वागत है...कांग्रेस पार्टी लंदन में वाड्रा के कथित मकान के बारे में सवालों का उत्तर देने की बजाय मेरा नाम उनके साथ घसीट रही है ताकि मुख्य मुद्दे से ध्यान बंटाया जा सके। रिकॉर्ड सीधा करने के लिए मैं यह स्वीकार करता हूं कि मैं उन्हें इस सीमा तक सामाजिक तौर पर जानता हूं कि हमारे बच्चे एक ही स्कूल में पढ़े हैं।