नई दिल्ली: त्रिवेंद्र सिंह रावत उत्तराखंड के नये मुख्यमंत्री के रूप में आज शाम शपथ लेंगे जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी मौजूद रहेंगे। रावत वर्ष 2000 में अस्तित्व में आये उत्तराखंड के नौवें मुख्यमंत्री होंगे। देहरादून में भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षकों नरेंद्र तोमर और सरोज पांडे की मौजूदगी में हुई पार्टी विधानमंडल दल की बैठक में रावत को सर्वसम्मति से नेता चुना गया।
बैठक के बाद तोमर ने संवाददाताओं को बताया कि रावत के नाम का प्रस्ताव मुख्यमंत्री पद के दावेदार रहे पिथौरागढ़ के विधायक प्रकाश पंत और चौबट्टाखाल के विधायक सतपाल महाराज ने रखा जिसका समर्थन कोटद्वार से विधायक हरक सिंह रावत, हरिद्वार के विधायक मदन कौशिक, यमकेश्वर से विधायक रितु खंडूरी तथा कई अन्य विधायकों ने किया।
बैठक के तुरंत बाद रावत के नेतृत्व में भाजपा नेता राजभवन गये जहां उन्होंने राज्यपाल डा. कृष्णकांत पाल के सामने नयी सरकार बनाने का दावा पेश किया। उत्तराखंड मामलों के पार्टी प्रभारी श्याम जाजू ने बताया कि नये मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह आज शाम यहां परेड ग्राउंड में होगा जिसमें प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष शाह के अलावा कई केंद्रीय मंत्री और देश की कई प्रमुख हस्तियां हिस्सा लेंगी।
56 वर्षीय त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विधानसभा चुनाव 2017 में डोईवाला सीट भाजपा को जीत दिलवाई। रावत को पार्टी अध्यक्ष अमित शाह का करीबी माना जाता है। त्रिवेंद्र वर्तमान में झारखंड के प्रदेश प्रभारी का पद भी संभाल रहे हैं।