1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. सोनिया गांधी से मिले सिंहदेव, छत्तीसगढ़ को लेकर चर्चा का माहौल गर्म

सोनिया गांधी से मिले सिंहदेव, छत्तीसगढ़ को लेकर चर्चा का माहौल गर्म

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 17, 2021 07:37 pm IST,  Updated : Nov 17, 2021 07:39 pm IST

बघेल ने पिछले दिनों कहा था कि जो लोग ढाई-ढाई वर्ष मुख्यमंत्री पद की बात कर रहे हैं वह राज्य में राजनीतिक अस्थिरता को बढ़ावा देने की कोशिश कर रहे हैं।

TS Singhdeo, TS Singhdeo Sonia Gandhi, TS Singhdeo Chhattisgarh Sonia Gandhi- India TV Hindi
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने बुधवार को कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। Image Source : FACEBOOK.COM/TSSINGHDEOSURGUJA

Highlights

  • सोनिया गांधी से संक्षिप्त बातचीत के बाद सिंहदेव रायपुर लौट आए।
  • सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष विभिन्न राज्यों के नेताओं से मुलाकात कर रही हैं।
  • पिछले कुछ समय से मुख्यमंत्री पद को लेकर भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव के खेमों में ठनी हुई है।

नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने बुधवार को कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी से दिल्ली के 10 जनपथ स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। सोनिया गांधी से संक्षिप्त बातचीत के बाद सिंहदेव रायपुर लौट आए, जहां उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार करते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष विभिन्न राज्यों के नेताओं से मुलाकात कर रही हैं। उन्होंने कहा, ‘मुझे इस पर कुछ नहीं कहना है, जब भी कुछ होगा, मैं आपको बता दूंगा।’ सिंहदेव के बयान के बाद भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नेताओं के बीच क्या बात हुई है।

दोनों नेताओं ने मुद्दे पर साधी चुप्पी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिंहदेव ने रोटेशनल मुख्यमंत्री के मुद्दे पर अपने विचार नेतृत्व के सामने रखे हैं। हालांकि, इस मुद्दे पर दोनों नेताओं ने चुप्पी साध रखी है और सियासी गलियारों में अटकलों का बाजार लगातार गर्म है। बता दें कि पिछले कुछ समय से मुख्यमंत्री पद को लेकर भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव के खेमों में ठनी हुई है। दोनों नेता अपने-अपने विधायकों की परेड करवाकर अपनी ताकत भी दिखाते रहे हैं। कांग्रेस हाईकमान की तरफ से अभी कुछ भी साफ नहीं किया गया है इसलिए अभी भी दोनों नेताओं के बीच जोर आजमाइश जारी है।

‘हाईकमान का फैसला स्वीकार किया जाएगा’
इस बीच रोटेशनल मुख्यमंत्री के फॉर्मूले पर जोर दे रहे सिंहदेव का कहना है कि सब कुछ पार्टी नेतृत्व के ऊपर निर्भर करता है और वे जो भी फैसला लेंगे, उन्हें स्वीकार किया जाएगा। वहीं, बघेल ने पिछले दिनों कहा था कि जो लोग ढाई-ढाई वर्ष मुख्यमंत्री पद की बात कर रहे हैं वह राज्य में राजनीतिक अस्थिरता को बढ़ावा देने की कोशिश कर रहे हैं। बता दें कि छत्तीसगढ़ में पिछले करीब ढाई साल से भूपेश बघेल मुख्यमंत्री हैं और मीडिया में चर्चा है कि बघेल एवं सिंहदेव को ढाई-ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री बनाने का फॉर्मूला तय हुआ है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत