चेन्नई: तमिलनाडु में जारी विधानसभा चुनाव में सुपरस्टार रजनीकांत, अभिनेता-फिल्मकार कमल हासन तथा अजीत कुमार ने वोट डाला। रजनीकांत ने स्टेला मैरिस कॉलेज में वोट डाला, जबकि अजीत कुमार ने पत्नी शालिनी के साथ कुप्पम बीच रोड स्थित एक सरकारी स्कूल पर बने मतदान केंद्र में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
हासन ने तेय्नाम्पेट में बने कॉरपोरेशन स्कूल में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। उन्होंने हालांकि पूर्व में कहा था कि वह अपनी आगामी त्रिभाषी फिल्म 'शाबाश नायडू' की शूटिंग के कारण शायद वोट न डाल पाएं। हासन के साथ उनकी छोटी बेटी अक्षरा हासन ने भी वोट डाला।
हालांकि अभिनेता सूर्या अमेरिका में होने के कारण वोट नहीं डाल पाए, जो परिवार के साथ छुट्टियां बिताने वहां गए हैं। एक बयान में उन्होंने इसके लिए माफी भी मांगी। इसके अतिरिक्त अभिनेता जीवा और विधार्थ सहित फिल्म जगत की अन्य हस्तियों ने भी मतदान किया।

जयललिता ने भी डाला वोट
राज्य की मुख्यमंत्री जे.जयललिता ने मतदान किया। अपना वोट डालने के बाद ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) की नेता ने कहा, "अगले 2 दिनों में जनादेश सामने आ जाएगा।"
केरल में राज्यपाल ने पहली बार किया मतदान
केरल में जारी विधानसभा चुनाव में राज्यपाल ने पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। राज्य की राजधानी में अपने आधिकारिक आवास के पास बने एक मतदान केंद्र पर वोट डालने के बाद राज्यपाल पी. सदाशिवम ने कहा, "यह पहली बार है जब केरल के राज्यपाल ने अपना वोट डाला है। प्रथम नागरिक होने के नाते यह मेरी ड्यूटी थी, जिसे मैंने आज निभाया।" सदाशिवम सुबह 8.30 बजे अपनी पत्नी के साथ मतदन केंद्र पहुंचे।
राज्य की 140 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान की शुरुआत सुबह सात बजे हुई, जो शाम छह बजे तक चलेगा।
PM मोदी ने की रिकॉर्ड वोटिंग की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी के लोगों से विधानसभा चुनावों में रिकॉर्ड मतदान करने का आग्रह किया। मोदी ने आज सुबह ट्वीट किया, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी के सभी मतदाताओं से आज रिकॉर्ड मतदान करने और लोकतंत्र के इस पर्व का हिस्सा बनने का आग्रह करता हूं।