1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. विजय माल्या का देश छोड़ने से पहले अरुण जेटली से मिलने का खुलासा चौंकाने वाला: संजय सिंह

विजय माल्या का देश छोड़ने से पहले अरुण जेटली से मिलने का खुलासा चौंकाने वाला: संजय सिंह

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 13, 2018 01:58 pm IST,  Updated : Sep 13, 2018 01:58 pm IST

आप सांसद संजय सिंह ने भगोड़ा कारोबारी विजय माल्या द्वारा देश छोड़कर जाने से पहले वित्त मंत्री अरुण जेटली से मुलाकात के खुलासे को चौंकाने वाला बताते हुये कहा है कि यह सरकार के संरक्षण में सरकारी खजाने की खुली लूट है।

 sanjay singh- India TV Hindi
 sanjay singh

नयी दिल्ली: आप सांसद संजय सिंह ने भगोड़ा कारोबारी विजय माल्या द्वारा देश छोड़कर जाने से पहले वित्त मंत्री अरुण जेटली से मुलाकात के खुलासे को चौंकाने वाला बताते हुये कहा है कि यह सरकार के संरक्षण में सरकारी खजाने की खुली लूट है। सिंह ने गुरुवार को कहा कि माल्या ने बैंकों के अपने कर्ज के मामलों पर जेटली से मुलाकात के दौरान सुलह समझौते की बात कही है। उन्होंने कहा ‘‘सरकार को स्पष्ट करना चाहिये कि आखिर यह समझौता किस तरह का था, क्या माल्या को दिया गया कर्ज निजी पैसा था। मामले की सच्चाई देश के सामने आना चाहिये।’’ (राहुल गांधी ने किया कालेधन का इस्तेमाल, हवाला कंपनी से भी संबंध: बीजेपी )

सिंह ने कहा कि बैंकों में जमा पैसा देश की जनता का पैसा है जो देश के किसान, मजदूर और सरकारी कर्मचारियों सहित देश की आम आदमी की जमा पूंजी है। उन्होंने कहा कि जनता की गाढ़ी कमाई के रूप में जमा हजारों करोड़ रुपये की पूंजी सरकार चंद कारोबारियों को कर्ज के रूप में दे देती है। ये लोग कर्ज चुकाये बिना देश छोड़ कर भाग जाते हैं।

आप सांसद ने इसे सरकारी संरक्षण में जनता के धन की लूट बताते हुये पूछा कि आखिर यह सिलसिला कब रुकेगा। सिंह ने कहा कि 21 हजार करोड़ रुपये लेकर फरार होने वाले हीरा कारोबारी नीरव मोदी के देश छोड़ने से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की तस्वीर सामने आयी थी। अब माल्या ने जेटली से मुलकात का खुलासा किया है। उन्होंने कहा ‘‘माल्या भागा जेटली से मिलकर और नीरव मोदी भागा मोदी से मिलकर। अब यह स्पष्ट है कि सरकार के संरक्षण में देश को लूटा जा रहा है।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत