1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कांग्रेस ने मनाया 134वां स्थापना दिवस, बोली- प्यार से करते रहेंगे नफरत का मुकाबला

कांग्रेस ने मनाया 134वां स्थापना दिवस, बोली- प्यार से करते रहेंगे नफरत का मुकाबला

 Reported By: Bhasha
 Published : Dec 28, 2018 07:10 pm IST,  Updated : Dec 28, 2018 07:10 pm IST

कांग्रेस ने शुक्रवार को अपना 134वें स्थापना दिवस मनाया और कहा कि वह शांति, एकता एवं प्रेम से ‘नफरत’ के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी।

congress party- India TV Hindi
congress party Image Source : PTI

नयी दिल्ली: कांग्रेस ने शुक्रवार को अपना 134वें स्थापना दिवस मनाया और कहा कि वह शांति, एकता एवं प्रेम से ‘नफरत’ के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी। इस मौके पर पर पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार प्रकट किया। राहुल ने स्थापना दिवस पर यहां पार्टी मुख्यालय में ध्वजारोहण किया और केक काटकर जश्न मनाया। 

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी की नजर में हर चीज का जवाब हमेशा प्रेम होता है। हम शांति, एकता एवं प्रेम से नफरत का मुकाबला जारी रखेंगे।’’ राहुल ने ट्वीट कर कहा, ‘‘कांग्रेस के स्थापना दिवस के मौके पर हम उन करोड़ों कार्यकर्ताओं, पुरुषों एवं महिलाओं की निःस्वार्थ सेवा और योगदान का जश्न मनाते हैं एवं उन्हें स्वीकार करते हैं जिन्होंने वर्षों तक पार्टी के निर्माण एवं इसके बने रहने में मदद की। हम नेपथ्य के इन नायकों के प्रति आभार और सम्मान प्रकट करते हैं। मैं इन सभी को सलाम करता हूं।’’ इससे पहले राहुल वरिष्ठ नेताओं के साथ कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे और पार्टी के ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल हुए। 

ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद राहुल ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ मिलकर केक काटा। कांग्रेस के स्थापना दिवस कार्यक्रम के मौके पर पार्टी के कोषाध्यक्ष अहमद पटेल, वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा, संगठन महासचिव अशोक गहलोत, एके एंटनी तथा कई अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यक्रम के बाद अहमद पटेल ने ट्वीट कर कहा, ‘‘133 साल पहले आज ही के दिन दुनिया का सबसे बड़ा जनांदोलन शुरू हुआ था। इसके बाद से यह आंदोलन राष्ट्र निर्माण के प्रति खुद को समर्पित रखे हुए है।" उन्होंने कहा, ‘‘इतिहास गवाह है कि जिन्होंने भी इस आंदोलन को खत्म करने की कोशिश की वे खुद इतिहास बन गए। यह आंदोलन कांग्रेस है।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत