नई दिल्ली: केरल में संघ और भाजपा के कार्यकर्ताओं की हो रही हत्याओं को मुद्दा बनाकर केरल में आज भाजपा बड़ा शक्ति प्रदर्शन कर रही है। भाजपा ने लेफ्ट के खिलाफ जनसुरक्षा यात्रा की शुरुआत की है। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह मंगलवार से ही केरल में हैं और आज इस यात्रा में भाजपा के पोस्टर ब्वॉय और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हो रहे हैं। योगी यहां तकरीबन 9 किलोमीटर तक पदयात्रा करेंगे। भाजपा की जनसुरक्षा यात्रा 15 दिनों तक चलेगी और केरल के 11 जिलों से होकर गुजरेगी। ये भी पढ़ें: 20 साल का बेटा 21 साल की मां से करता था रेप, अरेस्ट
इन हत्याओं के विरोध में कन्नूर से भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने 15 दिन की जनरक्षा यात्रा की शुरुआत की है। मंगलवार को 'लाल आतंक' के विरोध का नाम देते हुए अमित शाह ने जिस 'जनरक्षा यात्रा' का आगाज किया आज उसकी बागडोर योगी के हाथों में है। इस पहल से यह साफ है कि आक्रामक मुद्दों पर योगी की लोकप्रियता को पार्टी दूसरे राज्यों में भी भुनाने को तैयार है।
योगी अब से कुछ देर बाद कन्नूर जिले के कचहरी से कन्नूर तक 9 किमी तक पदयात्रा करेंगे। शाम को 5 बजे योगी कन्नूर में जनसभा को भी संबोधित करेंगे जबकि रात में वो मैंगलोर के योगेश्वर मठ में रुकेंगे। इस पदयात्रा की सबसे खास बात यह है कि योगी जिन जगहों पर जाएंगे, वह केरल के मौजूदा मुख्यमंत्री पी विजयन और सीपीआई के राज्य सचिव के. बालाकृष्णन का गृह जिला भी है।
वहीं केरल में यूपी के सीएम योगी आदित्यानाथ की पद यात्रा को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाया है। पीएल पूनिया ने कहा कि यूपी में कानून व्यवस्था की हालत खराब है और योगी दूसरे राज्य में पदयात्रा कर रहे हैं। दूसरी तरफ सीपीआई नेता अतुल अंजान ने भी कहा कि योगी आदित्यानाथ पहले अपने प्रदेश की जिम्मेदारी संभालें बाद में केरल में पद यात्रा करें।
योगी आदित्यनाथ भाजपा के हिंदूवादी विचारधारा के पोस्टरबॉय माने जाते हैं। ऐसे में पार्टी को भरोसा है कि उनका यहां आना भाजपा के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा। ये जनरक्षा यात्रा भाजपा के लिए कितनी अहम है इसे इस बात से भी समझा जा सकता है कि इस पदयात्रा से पार्टी पूरे देश में एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन कर रही है। सिर्फ योगी आदित्यानाथ ही नहीं, 15 दिनों तक चलने वाली भाजपा की जनरक्षा यात्रा में अगले कुछ दिनों में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, गिरिराज सिंह, धर्मेंद्र प्रधान, अनंत कुमार, राज्यवर्धन सिंह राठौर, वी के सिंह और सांसद मनोज तिवारी भी शामिल होंगे। केरल में कार्यकर्ताओं के कत्लेआम के विरोध में भाजपा हर राज्य की राजधानी में भी पदयात्रा निकाल रही है।