चेन्नईः तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय कल यानी बुधवार को विधानसभा में अपना विश्वासमत हासिल करेंगे। विजय की सत्तारूढ़ पार्टी TVK को समर्थन देने का ऐलान कर चुके अपने एक मात्र विधायक को AMMK संस्थापक दिनाकरन ने पार्टी से निकाल दिया है। दिनाकरन ने यह कदम तब उठाया, जब उनकी पार्टी के विधायक S कामराज ने विधानसभा में मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व वाली सरकार को समर्थन देने का ऐलान किया है। इस घटना के कुछ ही घंटों के भीतर दिनाकरन ने यह कार्रवाई की। दिनाकरन ने एक बयान में कहा कि यह कदम एकतरफ़ा था और पार्टी के अनुशासन के विरुद्ध था।
AIADMK ने अपने विधायकों को TVK के खिलाफ वोट डालने को कहा
इस बीच AIADMK ने अपने सभी विधायकों को विजय के खिलाफ वोट करने का आदेश जारी किया है। AIADMK नेता एग्री एस. एस. कृष्णमूर्ति ने मंगलवार को कहा कि AIADMK ने अपने सभी विधायकों को निर्देश दिया है कि वे कल तमिलनाडु विधानसभा में होने वाले फ्लोर टेस्ट में TVK के खिलाफ वोट दें। जो विधायक पार्टी के इस निर्देश के खिलाफ काम करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
AIADMK दो गुटों में बंटी
वहीं AIADMK के दूसरे गुट ने सीएम जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) को समर्थन देने का ऐलान किया है। दूसरे गुट का नेतृत्व कर रहे SP वेलुमणि और CV षणमुगम की तरफ से कहा गया है कि उनका गुट सीएम विजय से मिलने की योजना बना रहा है। षणमुगम ने कहा कि उनकी पार्टी DMK को समर्थन कभी नहीं देगी। उन्होंने कहा कि हमें पार्टी को फिर से खड़ा करने की ज़रूरत है। इसके भविष्य पर चर्चा करनी है। हम AIADMK प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री एडप्पादी K पलानीस्वामी से आग्रह करते हैं कि वे परिषद की बैठक बुलाएं। उन्होंने पार्टी की इस सोच की भी आलोचना की कि उसे DMK के साथ गठबंधन करना चाहिए। AIADMK और DMK के बीच गठबंधन एक अभूतपूर्व राजनीतिक घटना होती।
बता दें कि तमिलनाडु में विजय की पार्टी TVK को सबसे ज्यादा 108 सीटें मिली हैं। सदन में बहुमत का आंकड़ा 118 है। कांग्रेस समेत कुछ छोटे दलों ने सीएम विजय को समर्थन दिया है।