असम में बीजेपी ने जीत की हैट्रिक लगा ली है। प्रचंड बहुमत के साथ हिमंता सरकार की वापसी हुई है। 126 विधानसभा सीटों में से NDA ने 100 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं, कांग्रेस गठबंधन को 21 सीटें ही मिलीं। 9 अप्रैल को राज्य की सभी 126 सीटों पर हुई वोटिंग में 85% से ज्यादा मतदान हुआ था। इस चुनाव में कुल 722 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनकी हार-जीत का फैसला आज हो गया।
असम की सत्ता की कुर्सी तक पहुंचने के लिए किसी भी दल या गठबंधन के पास 64 सीटें होना जरूरी है। इस बार मुकाबला मुख्य रूप से दो बड़े गुटों के बीच था। एक तरफ मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में BJP का गठबंधन, जो इस बार जीत की हैट्रिक लगाने की कोशिश में था। भाजपा के साथ असम गण परिषद (AGP) और यूपीपीएल (UPPL) जैसे क्षेत्रीय दल मजबूती से खड़े थे। दूसरी तरफ, कांग्रेस के नेतृत्व वाला 'असम सम्मिलित मोर्चा' है, जिसमें 6 दल शामिल हैं।
पिछले चुनाव में बीजेपी की सीटें?
असम विधानसभा चुनाव 2021 की बात करें तो बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA गठबंधन ने 75 सीटें जीतकर सत्ता में शानदार वापसी की थी। बीजेपी ने अकेले 60 सीटें जीती थीं, जबकि उसके सहयोगी दलों में असम गण परिषद (AGP) को 9 और यूनाइटेड पीपल्स पार्टी लिबरल (UPPL) को 6 सीटें मिली थीं।
दूसरी ओर, कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन 'महाजोत' ने कड़ी टक्कर देने की कोशिश की थी। तब विपक्ष को कुल 50 सीटों पर संतोष करना पड़ा था, जिसमें कांग्रेस ने 29 सीटें जीती थीं। कांग्रेस के साथ चुनाव लड़ी बदरुद्दीन अजमल की पार्टी AIUDF को 16 सीटें मिली थीं, जबकि बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट (BPF) ने 4 और सीपीएम (CPI-M) ने 1 सीट पर जीत हासिल की थी।
हर अपडेट्स यहां पढ़ें-