कुल 4 राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में आज एक साथ वोटों की गिनती हो रही है। पिछले महीने यानी अप्रैल में सभी जगहों पर वोटिंग हुई थी और आज यह साफ हो जाएगा कि किस राज्य/केंद्रशासित प्रदेश में जनता किस पार्टी या फिर गठबंधन की किस्मत में जीत लिखी है और किसे हार का सामना करने पड़ेगा। इसी बीच कई नेताओं के अलग-अलग बयान भी सामने आ रहे हैं। आइए आपको बताते हैं कि वोटों की गिनती के बीच किस नेता ने क्या कहा, किसे अपनी जीत पर कितना भरोसा है।
जारी गिनती के बीच सुवेंदु अधिकारी ने क्या कहा?
पश्चिम बंगाल में जारी वोटों की गिनती के बीच बंगाल के नेता प्रतिपक्ष (LoP) और नंदीग्राम एवं भवानीपुर से BJP उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने कहा, 'भवानीपुर में पहला राउंड मुस्लिम बहुल इलाके का था जिसमें मैं करीब 2000 वोटों से पीछे चल रहा था। दूसरे राउंड के बाद, जो कि हिंदू बहुल इलाका था, मैं 2200 वोटों से आगे चल रहा हूं। ममता बनर्जी पीछे चल रही हैं। मैं हर उस हिंदू और सनातनी का धन्यवाद करना चाहता हूं, जिन्होंने मेरे पक्ष में वोट डाला है। भवानीपुर में ममता बनर्जी एक बार फिर हारेंगी।'
हमें पता था कि हम बहुमत पाएंगे- पुडुचेरी भाजपा प्रभारी
केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में जारी वोटों की गिनती के बीच वहां के भाजपा प्रभारी निर्मल कुमार सुराणा ने कहा, 'पिछले 5 सालों में हमने काम किया है और प्रधानमंत्री मोदी ने हमें सहयोग दिया है... लोगों ने समझा है कि पिछले 5 सालों में पुडुचेरी का जितना विकास हुआ है, उतना विकास इससे पहले कभी नहीं हुआ है। हमें शरू से ही पता था कि हम बहुमत पाएंगे।'
बंगाल में 170-180 सीट भी आ सकती है
पश्चिम बंगाल में अभी जो रुझान आ रहे हैं उस पर बात करते हुए भाजपा से करीब 50 साल से जुड़े कार्यकर्ता विद्यासागर ने इंडिया टीवी से बात करते हुए कहा, 'हमारी ये जीत सभी कार्यकर्ताओं के मेहनत की जीत है। मैं खुद 50 साल से पार्टी से जुड़ा हूं और तब से मैं काम कर रहा हूं। ये एक टीम एफर्ट है। आज हमें लगता है कि हम 170 भी पार कर सकते हैं या फिर 180 सीट भी आ सकती है।'
आ रहे रुझानों पर गौरव भाटिया ने क्या कहा?
भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने कहा, '4 राज्यों और 1 केंद्र शासित प्रदेश से जो रुझान सामने आ रहे हैं उससे एक बात तो स्पष्ट हो गई है कि प्रधानमंत्री मोदी में सबकी आस्था है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत एक नई राजनीति देख रहा है, जहां रिपोर्ट कार्ड रखा जाता है और एक रोडमैप रखा जाता है।' उन्होंने बंगाल पर बात करते हुए कहा, 'जहां तक पश्चिम बंगाल चुनाव की बात है तो अंग, बंग और कलिंग तीनों जगह भाजपा का राज होगा और जनता की सेवा की जाएगी...चाहे पश्चिम बंगाल हो या अन्य राज्य, भाजपा, NDA जनता से मजबूती से आशीर्वाद पा रही है।'
हम तीसरी बार सरकार बना पाएंगे- असम भाजपा अध्यक्ष
असम में जारी गिनती के बीच असम भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा, 'यह जनता का आशीर्वाद है। हम निश्चित रूप से असम में तीसरी बार सरकार बना पाएंगे। हम शुरुआती रुझान से यही उम्मीद करेंगे कि आज असम की जनता ने एक ऐतिहासिक जनादेश हमें दिया है।' उन्होंने आगे कहा कि अभी हम अभी इंतजार करेंगे। अपने उम्मीदवारों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा, 'सभी लोग अपने-अपने काउंटिंग सेंटर्स पर डटे रहें। जब तक विजयी होने का सर्टिफिकेट नहीं मिलता है, वो सभी लोग डटे रहें।'
वहीं पश्चिम बंगाल से आ रहे अभी तक के रुझानों पर उन्होंने कहा, 'बंगाल में भी भाजपा की सरकार होने की उम्मीद है। अभी जो शुरुआती रुझान है उसमें भाजपा आगे चल रही है।'
इस बार हिंदुओं का एकीकरण हुआ है
पश्चिम बंगाल में जारी वोटों की गिनती के बीच सुवेंदु अधिकारी ने कहा, 'इस बार हिंदुओं का एकीकरण हुआ है, और जिस तरह से मुसलमान TMC को वोट देते आए हैं, वैसा उन्होंने इस बार नहीं किया है। कुछ वोट मुसलमानों के हितैषी दल को चले गए हैं। BJP को भी कुछ वोट मिले हैं, हालांकि उनकी संख्या कम है। मुझे नंदीग्राम के मुस्लिम बूथों में इतने अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद नहीं थी... PM मोदी ने अपने नेतृत्व में बंगाल को संवारने की जो गारंटी दी थी, वह उनके पक्ष में रही है। इतनी जल्दबाजी करने की कोई ज़रूरत नहीं है। मैं आपको सुबह 11:00 बजे के बाद बताऊंगा।'
शशि थरूर ने मीडिया से बात करते हुए क्या कहा?
केरल में अभी कांग्रेस 57 सीटों पर आगे चल रही है और इसी बीच न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए शशि थरूर ने कहा, 'हम लोग परिवर्तन की पार्टी हैं। यहां 10 साल तक सरकार की तरफ से इतनी बुरी राजनीति हुई है कि अब एक नई तरह की राजनीति को लाना बहुत जरूरी हो गया है।'
TVK को लेकर DMK नेता ने कही ये बात
तमिलनाडु में TVK प्रमुख विजय के बारे में DMK नेता और प्रवक्ता कनिमोझी NVN सोमू ने कहा, 'उनके फ़ैन्स की संख्या काफी ज्यादा है। उनके सभी फ़ैन्स ने उन्हें ही वोट दिया होगा...तमिलनाडु का इतिहास रहा है कि सिनेमा जगत से आए लोग राजनीति में अपनी जगह बना लेते हैं। हमारे लिए यह कोई नई बात नहीं है। लेकिन आखिरकार नतीजे ही मायने रखेंगे। DMK अच्छे-खासे वोटों से जीत हासिल करेगी। हमें यह देखना होगा कि वे वोटों का कितना हिस्सा, यानी कितने प्रतिशत वोट, किससे छीनकर अपने पाले में कर पाते हैं। आज हमारे लिए सबसे बड़ा सवाल यही होगा।'
भय से बंगाल की जनता बाहर आ गई है
पश्चिम बंगाल में जारी वोटों की गिनती और शुरुआती रुझानों पर बात करते हुए भाजपा नेता एवं बंगाल प्रभारी मंगल पांडे ने कहा, 'अगर उनकी(ममता बनर्जी) सरकार ने 15 सालों में ठीक से बंगाल को चलाया होतातो आज उनकी पार्टी की यह स्थिति नहीं होती। पश्चिम बंगाल की जनता उनके कुशासन से तंग आ चुकी थी। लोगों में भय का माहौल बना दिया था। जो रूझान आ रहे हैं, उससे साफ है कि भय से बंगाल की जनता बाहर आ गई है। चुनाव आयोग हर चीज पर नजर रखे हुए है। बंगाल में डबल इंजन की सरकार बनेगी।
हम करीब 100 सीट जीतेंगे
असम में वोटों की गिनती जारी है और इसी बीच केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा, 'अभी तक वोटों की गिनती का जो नतीजा आ रहा है, वो बहुत उत्साहजनक है। हम लोगों ने जैसी उम्मीद की थी, वैसी ही नतीजा होगा और फिर से भाजपा के नेतृत्व में NDA की सरकार बनेगी। हमने भरोसे के साथ कहा था कि हमारे गठबंधन के साथ हम करीब 100 सीट जीतेंगे।'
केरल का पुनरुद्धार हो- शशि थरूर
केरल में जारी वोटों की गिनती के बीच कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, 'मुझे लगता है कि अभी हमारे पास काफी दावेदार हैं। अब जो बात मायने रखती है, वह यह है कि सरकार बदले, नीतियां बदलें और केरल का पुनरुद्धार हो। मुझे उम्मीद है कि मेरे विचार भी नई सरकार के लिए कुछ काम आ सकेंगे, लेकिन मेरा संदेश निश्चित रूप से विकास का हो, खराब हो चुकी आर्थिक स्थिति को पूरी तरह से बदलना और केरल को एक बार फिर निवेश का केंद्र बनाने के लिए जरूरी काम करना ताकि हम आगे बढ़ सकें, अपने लोगों के लिए रोजगार पैदा कर सकें और ऐसी स्थिति को रोक सकें जहां हमारे युवा राज्य छोड़कर जा रहे हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि उनके लिए यहाँ कोई अवसर नहीं हैं।'
हमें सकारात्मक नतीजे का इंतजार
असम में वोटों की गिनती हो रही है। इसी बीच कांग्रेस अध्यक्ष और जोरहाट विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार गौरव गोगोई ने कहा, 'हम असम में एक सकारात्मक नतीजे का इंतजार कर रहे हैं। हम हर राउंड पर नजर रखेंगे। हमने प्रदेश में विभिन्न ऑबजर्वर भेजे हैं ताकि अगर किसी को कहीं भी प्रशासन की ओर से कोई कमजोरी दिखती है तो वे हमें जानकारी दें...हमारी पूरे दिन की तैयारी रहेगी।'
भगवान हमारे साथ हैं- सुवेंदु अधिकारी
मीडिया से बात करते हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और नंदीग्राम एवं भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने कहा, 'लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा की है। भगवान हमारे साथ हैं। सनातन का हित रखने वाली सरकार बंगाल में आ रही है। यूपी और बिहार में भी ऐसा जंगलराज था जो भाजपा की सरकार आने के बाद खत्म हो गया। परिवर्तन हो रहा है। भाजपा सरकार बंगाल में आ रही है।'
INDI गठबंधन की विभाजनकारी राजनीति हारेगी- केरल बीजेपी अध्यक्ष राजीव चन्द्रशेखर
केरल में चल रहे वोटों की गिनती और वहां पर जीत को को लेकर BJP के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कहा, 'हम चुनाव नतीजों का इंतज़ार करेंगे। नतीजे आज दोपहर तक आ जाएंगे और तब हम इस पर अपनी टिप्पणी देंगे। हम एक लोकतंत्र में हैं। कोई भी राजनीतिक दल किसी दूसरे राजनीतिक दल का भविष्य तय नहीं कर सकता। यह CPM और कांग्रेस का अहंकार है जहां उन्हें यह लगता है कि लोग क्या करेंगे, यह वे ही तय करेंगे। यह बिल्कुल भी सही नहीं है। यह एक लोकतंत्र है। यह चीन या रूस नहीं है। मुझे पूरा भरोसा है कि INDI गठबंधन की विभाजनकारी राजनीति हार जाएगी। INDI गठबंधन के दलों का भ्रष्टाचार हारेगा, और लोग अपने राज्य को भ्रष्टाचार-मुक्त शासन की राह पर ले जाने का विकल्प चुनेंगे।'
महाजंलराज समाप्त होकर रहेगा- समिक भट्टाचार्य
बंगाल में जारी वोटों की गिनती के बीच भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा, 'भाजपा के कार्यकर्ताओं का सपना साकार हो रहा है... आज हमारी सरकार बनकर रहेगी... स्वतंत्रता के बाद ऐसा चुनाव किसी बंगाली ने नहीं देखा है। शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव हो गए हैं... महाजंलराज समाप्त होकर रहेगा।'
वोटों की गिनती के बीच DMK नेता ने कही ये बात
तमिलनाडु में जारी वोटों की गिनती के बीच में DMK नेता TKS एलंगोवन ने कहा, 'हम जीतेंगे। हमें पूर्ण बहुमत मिलेगा, और हमारा गठबंधन लगभग 160 से 170 सीटें जीतेगा।' उनसे यह पूछने पर कि एग्जिट पोल के मुताबिक TVK को 20% वोट मिल सकते हैं तो उन्होंने कहा, 'सिर्फ एक एग्जिट पोल ने ऐसा कहा है और बाकी एग्जिट पोल ने दावा किया कि वो 100-120 सीटें मिलेंगी जो नहीं होने वाला है। 20% जीतने वाला नंबर नहीं है, हम 40% से ज्यादा जीतेंगे।'
हम अभी शिकायत करेंगे- भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह
नोआपारा सीट से भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'अभी तक उम्मीदवार या चुनाव एजेंट काउंटिंग सेंटर नहीं पहुंचे हैं और वे अनाउंसमेंट कर रहे हैं कि वे स्ट्रॉन्ग रूम खोल रहे हैं। यह फ्रॉड करने की कोशिश है। हम अभी शिकायत करेंगे, हम ऑब्जर्वर के पास जा रहे हैं।'