1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. Assembly Election Result 2026 Live Updates: 5 राज्यों में काउंटिंग जारी, बीजेपी, TVK और UDF ने बनाई बढ़त
  Live Now

Assembly Election Result 2026 Live Updates: 5 राज्यों में काउंटिंग जारी, बीजेपी, TVK और UDF ने बनाई बढ़त

 Edited By: Rituraj Tripathi Niraj Kumar
 Updated : May 04, 2026 09:47 am IST

Assembly Election Result 2026: 5 राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के वोटों की काउंटिंग जारी है और सभी राज्यों के शुरुआती रुझान भी सामने आ गए हैं।

Elections - India TV Hindi
वोटों की गिनती शुरू हुई Image Source : ANI

नई दिल्ली: देश के पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे आज सामने आ जाएंगे। वोटों की गिनती जारी है और काउंटिंग सेंटर्स के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था नजर आ रही है। चप्पे-चप्पे पर निगरानी की जा रही है और किसी तरह के विवाद की बात सामने नहीं आ रही है।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में हालही में विधानसभा चुनाव हुए थे। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में 2 चरणों में विधानसभा चुनाव हुए थे, जिनके लिए 23 और 29 अप्रैल को वोटिंग हुई थी। वहीं तमिलनाडु में 23 अप्रैल और असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को विधानसभा चुनाव कराए गए थे।

पश्चिम बंगाल में मुख्य रूप से मुकाबले में तृणमूल कांग्रेस, बीजेपी, सीपीआईएम और कांग्रेस है। वहीं तमिलनाडु में मुख्य मुकाबला डीएमके गठबंधन, AIADMK गठबंधन, टीवीके और एनटीके के बीच है। केरल में मुख्य मुकाबले में LDF,UDF और NDA है। असम में मुख्य मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच है। पुडुचेरी में मुख्य मुकाबला NDA बनाम कांग्रेस गठबंधन के बीच है।

चुनाव के दौरान मुख्य चेहरों की बात करें तो वह ममता बनर्जी, सुवेंदु अधिकारी, मोहम्मद सलीम, एम.के. स्टालिन, उद्धयनिधि स्टालिन, पिनारयी विजयन, वी.डी. सथीसन, राजीव चंद्रशेखर, हिमंता बिस्वा सरमा, गौरव गोगोई, एन. रंगास्वामी और वी. वैथिलिंगम हैं। इस बार के चुनाव में सभी पार्टियों ने जोरदार प्रचार अभियान चलाकर पूरी ताकत झोंकी है। ज्यादा जानकारी के लिए पढ़ें लाइव ब्लॉग-

Live updates :Assembly Election Result 2026 Live Updates

Auto Refresh
Refresh
  • 9:43 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    बैरकपुर विधानसभा सीट पर तृणमूल उम्मीदवार राज चक्रवर्ती 189 वोटों से आगे

    उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर विधानसभा सीट पर तृणमूल उम्मीदवार राज चक्रवर्ती 189 वोटों से आगे चल रहे हैं। नोआपाड़ा विधानसभा क्षेत्र से अर्जुन सिंह आगे चल रहे हैं। भाटपाडा विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार और अर्जुन सिंह के बेटे पवन सिंह आगे चल रहे हैं। इसके अलावा कोचबिहार जिला के माथाभंगा विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार निशित प्रामाणिक आगे चल रहे हैं।

  • 9:37 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    पुडुचेरी में बीजेपी गठबंधन ने 7 सीटों पर बनाई बढ़त

    पुडुचेरी में बीजेपी गठबंधन ने 7 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है। कांग्रेस गठबंधन ने 3 सीटों पर बढ़त बनाई है। अन्य ने 2 सीटों पर बढ़त हासिल की है। वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से जारी है। 

  • 9:30 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    पश्चिम बंगाल: रुझानों के बीच शुभेंदु अधिकारी ने कहा- हिंदू बूथ पर बीजेपी जीत रही है

    रुझानों के बीच शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि हिंदू बूथ पर बीजेपी जीत रही है। टीएमसी को 100 से ज्यादा सीटें नहीं आएंगी। बंगाल में बीजेपी की सरकार बनेगी। मालदा-मुर्शिदाबाद में मुसलमान बंटा है। बता दें कि अभी तक के रुझानों में पश्चिम बंगाल में बीजेपी 158 सीटों पर आगे है और टीएमसी 119 सीटों पर आगे है।

  • 9:25 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    पश्चिम बंगाल: नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी आगे, बरहमपुर से अधीर रंजन आगे

    पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी आगे चल रहे हैं। बरहमपुर से अधीर रंजन आगे हैं। दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रूपा गांगुली आगे चल रही हैं। उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर विधानसभा सीट पर तृणमूल उम्मीदवार राज चक्रवर्ती 189 वोटों से आगे चल रहे हैं।

  • 9:21 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    तमिलनाडु में दोनों सीटों पर सुपरस्टार विजय आगे

    तमिलनाडु में दोनों सीटों पर सुपरस्टार विजय आगे चल रहे हैं। टीवीके 54 सीटों पर आगे चल रही है। तमिलनाडु की सियासत में नई एंट्री मारने वाली टीवेके इतनी बढ़त हासिल कर लेगी, ये किसी ने नहीं सोचा था। अगर ये बढ़त जारी रही तो सरकार बनाने में टीवीके की अहम भूमिका हो सकती है।

  • 9:12 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    कोलकाता पोर्ट सीट से फिरहाद हकीम पीछे

    कोलकाता पोर्ट सीट पर शुरुआती रुझानों में तृणमूल के फिरहाद हकीम पीछे चले गए हैं और बीजेपी के राकेश सिंह आगे चल रहे हैं। वोटों की गिनती सुबह आठ बजे से जारी है। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के शुरुआती रुझानों में बीजेपी ने बढ़त बना ली है और टीएमसी उससे पीछे चल रही है।

  • 9:11 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    तमिलनाडु में मुख्यमंत्री एमके स्टालिन कोलाथूर सीट पर पीछे, बेटे भी पिछड़े

    रुझानों में कोलाथूर से मुख्यमंत्री एमके स्टालिन पीछे चल रहे हैं। स्टालिन के बेटे भी अपनी सीट से पीछे चल रहे हैं। इससे राज्य के सियासी गलियारों में हड़कंप चल रहा है।

     

  • 9:01 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    तमिलनाडु चुनाव: बड़ी खिलाड़ी बन सकती है TVK, 48 सीटों पर आगे

    शरुआती रुझानों में टीवीके ने बड़ी बढ़त हासिल की है। टीवेके 48 सीटों पर आगे है, जोकि राज्य में सरकार बनाने में अहम कड़ी साबित हो सकती है।

  • 8:56 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    रुझानों में पुडुचेरी में एनडीए गठबंधन को फायदा

    प्रारंभिक रुझानों से संकेत मिलता है कि पुडुचेरी में एआईएनआरसी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन को फायदा हो सकता है। गौरतलब है कि पुडुचेरी में 30 विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रैल को चुनाव हुए थे। 

     

  • 8:50 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    पश्चिम बंगाल: शुरुआती रुझानों में भाजपा चल रही आगे, TMC पीछे

    बहरामपुर, जहां से अधीर रंजन लड़ रहे चुनाव, वहां से कांग्रेस आगे चल रही है। रघुनाथगंज, फरक्का से TMC आगे चल रही है। बंगाल- बगदा, गायघाटा से भाजपा आगे है। भगवानगोला से TMC आगे चल रही है। पश्चिम 

  • 8:45 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    भवानीपुर से शुरुआती रुझानों में ममता बनर्जी पीछे

    भवानीपुर से शुरुआती रुझानों में ममता बनर्जी पीछे चल रही हैं। शुभेंदु अधिकारी आगे चल रहे हैं। इसे बंगाल की सियासत में एक बड़ी घटना माना जा रहा है। अगर ममता इस सीट पर पिछड़ जाती हैं तो उनकी राजनीतिक साख पर काफी प्रभाव पड़ेगा।

     

  • 8:42 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    तमिलनाडु के शुरुआती रुझानों में डीएमके गठबंधन ने बनाई बढ़त

    तमिलनाडु के शुरुआती रुझानों में डीएमके गठबंधन ने बढ़त बनाई है। वह 39 सीटों पर आगे है। एआईडीएमके+ 11 सीटों पर आगे है। टीवीके+ 12 सीटों पर आगे है। गौरतलब है कि इस बार के चुनाव में टीवीके भी मुकाबले में है।

  • 8:40 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    केरल के शुरुआती रुझानों में यूडीएफ ने बनाई बढ़त

    केरल के शुरुआती रुझानों में एलडीएफ और यूडीएफ के बीच कांटे की टक्कर दिख रही है। जहां यूडीएफ 31 सीटों पर आगे है, वहीं एलडीएफ 39 सीटों पर आगे है। बीजेपी+ 2 सीटों पर आगे है।

  • 8:38 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    असम के शुरुआती रुझानों में भी बीजेपी आगे

    असम के शुरुआती रुझानों में भी बीजेपी गठबंधन आगे चल रहा है और वह 58 सीटों पर आगे है। कांग्रेस गठबंधन 14 सीटों पर आगे है। अन्य के पास 2 सीटें हैं।

  • 8:34 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    पश्चिम बंगाल के शुरुआती रुझानों में बीजेपी ने बनाई शानदार बढ़त, टीएमसी हुई पीछे

    पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने शानदार बढ़त बनाई है। रुझानों में बीजेपी 90 सीटों पर आगे चल रही है और टीएमसी 60 सीटों पर आगे है। इस रुझान को देखकर बीजेपी के लोग खुश नजर आ रहे हैं। इस बार बीजेपी ने बंगाल चुनाव में अपनी पूरी ताकत भी झोंक दी थी। 

  • 8:23 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    पश्चिम बंगाल चुनाव 2026: राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी बोले- तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था है

    राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा, "व्यवस्था हर जगह एक जैसी है, कोई संवेदनशील या गैर-संवेदनशील मतगणना केंद्र नहीं है। तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था है। सीएपीएफ के अलावा, सशस्त्र पुलिस और राज्य पुलिस भी तैनात है। सभी प्रकार की व्यवस्थाएं पूरी हैं। कोई समस्या नहीं है।" 

  • 8:16 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    केरल के शुरुआती रुझानों में एलडीएफ को बढ़त

    केरल के भी शुरुआती रुझान सामने आ गए हैं। यहां 27 सीटों में से 15 सीटों पर डीएमके गठबंधन आगे चल रहा है। यूडीएफ 10 सीटों पर और बीजेपी 2 सीटों पर आगे चल रही है। शुरुआती रुझानों में ही डीएमके गठबंधन ने बड़ी बढ़त बनाई है।

  • 8:13 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    तमिलनाडु के शुरुआती रुझान सामने आए, डीएमके ने 3 सीटों पर बनाई बढ़त

    तमिलनाडु के भी 5 सीटों पर शुरुआती रुझान सामने आ गए हैं। यहां डीएमके ने 3 सीटों पर बढ़त बनाई है और एआईडीएमके ने 1 सीट पर बढ़त बनाई है। टीवेके ने भी एक सीट पर बढ़त बनाई है।

  • 8:11 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    सिलीगुड़ी विधानसभा क्षेत्र से टीएमसी के उम्मीदवार बोले- हम बहुत ही आराम से जीत हासिल करने जा रहे

    सिलीगुड़ी के मेयर और सिलीगुड़ी विधानसभा क्षेत्र से टीएमसी के उम्मीदवार गौतम देब ने कहा, "मेरी पार्टी राज्य स्तर पर बहुत ही आराम से जीत हासिल करने जा रही है। सिलीगुड़ी मेरा गृह नगर है, मेरी मातृभूमि है। मैंने अपना पूरा जीवन सिलीगुड़ी के विकास के लिए समर्पित कर दिया है। मैं यहां से पहली बार चुनाव लड़ रहा हूं। मैंने पूरी ईमानदारी, गरिमा और निष्ठा के साथ काम किया है। मुझे उम्मीद है कि सिलीगुड़ी के लोग भारी संख्या में मेरा समर्थन करेंगे। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारी पार्टी भारी बहुमत से सत्ता में आएगी।"

  • 8:09 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    पश्चिम बंगाल: BJP के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा- यह चुनाव जनता ने TMC के खिलाफ लड़ा

    BJP के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा, “हमने पहले दिन जो कहा था, आज भी हमारी उम्मीद वही है। असल में, यह हमारी उम्मीद नहीं, बल्कि जनता की उम्मीद है। यह चुनाव जनता ने TMC के खिलाफ लड़ा है। यह चुनाव ‘जनता बनाम ममता’ है। यह एक ऐसा चुनाव है जिसमें लोगों ने TMC को नकार दिया है। कुछ ही घंटों में, BJP सरकार बनाने की स्थिति में होगी।”

  • 8:09 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    असम से भी पहला रुझान सामने आया, बीजेपी आगे

    असम से भी काउंटिंग के बाद पहला रुझान सामने आया है। यहां 4 सीटों के रुझान सामने आए हैं और चारों पर बीजेपी आगे चल रही है। कांग्रेस ने अभी तक किसी भी सीट पर बढ़त नहीं बनाई है।

  • 8:05 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    पश्चिम बंगाल से सबसे पहला रुझान सामने आया, बीजेपी 8 सीटों पर और टीएमसी 4 सीटों पर आगे

    पश्चिम बंगाल से सबसे पहला रुझान सामने आ गया है। नॉर्थ बंगाल से पहला ट्रेंड सामने आया है। चोपड़ा, इस्लामपुर से टीएमसी आगे चल रही है और माथाबांगा-अलीपुरद्वार से बीजेपी आगे चल रही है। शुरुआत में 12 सीटों के रुझान सामने आए हैं, जिसमें बीजेपी 8 सीटों पर आगे है और टीएमसी 4 सीटों पर आगे है।

  • 8:01 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    वोटों की गिनती शुरू हुई

    5 राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है। पोस्टल बैलेट की गिनती शुरू हुई। कुछ ही देर में रुझान आने शुरू हो जाएंगे। ये देखना दिलचस्प होगा कि शुरुआती रुझानों में कौन-कौन सी पार्टियां बढ़त बनाती हैं।

  • 7:57 AM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    केरल में त्रिध्रुवीय चुनाव देखने को मिलेगा- पी.के. कृष्णदास

    केरल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पी.के. कृष्णदास ने कहा, "हमें अच्छी उम्मीदें हैं। इस चुनाव में हम 140 में से कई सीटें जीतेंगे। हमें इस चुनाव पर पूरा भरोसा है। इस चुनाव के बाद, केरल की राजनीति में एनडीए निर्णायक भूमिका निभाएगा। वर्तमान में, केरल में द्विध्रुवीय राजनीति है, एक तरफ एलडीएफ और दूसरी तरफ यूडीएफ। लेकिन इस चुनाव में, केरल में त्रिध्रुवीय चुनाव देखने को मिलेगा..."

     

  • 7:55 AM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    बिजली कटना चुनाव आयोग के हाथ में नहीं- मुख्य चुनाव अधिकारी

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आरोपों पर राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा- "बिजली कटना चुनाव आयोग के हाथ में नहीं है। यह बिजली विभाग का काम है। मैंने बिजली विभाग से लगातार बिजली सप्लाई देने का अनुरोध किया है। जनरेटर भी उपलब्ध हैं, इसलिए कोई दिक्कत नहीं होगी।"

  • 7:54 AM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है- मुख्य चुनाव अधिकारी

    पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 के वोटों की गिनती से पहले, राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा, "हर जगह इंतज़ाम एक जैसे हैं; कोई भी काउंटिंग सेंटर संवेदनशील या गैर-संवेदनशील नहीं है... यहाँ तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था है। CAPF के अलावा, सशस्त्र पुलिस और राज्य पुलिस भी तैनात है। हर तरह के इंतज़ाम किए गए हैं। इसमें कोई दिक्कत नहीं है।"

  • 7:53 AM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    BJP अच्छे बहुमत के साथ सरकार बनाएगी- दिलीप घोष

    पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 में खड़गपुर विधानसभा क्षेत्र से BJP उम्मीदवार दिलीप घोष ने कहा, "...यहाँ के लोग बदलाव चाहते हैं। BJP अच्छे बहुमत के साथ सरकार बनाएगी... बंगाल में पहले कानून-व्यवस्था नहीं थी। जब से चुनाव आयोग ने सारी बागडोर अपने हाथों में ली है, जिस तरह शांतिपूर्ण चुनाव हुए हैं, वैसे ही वोटों की गिनती भी होगी और वैसे ही नई सरकार भी शपथ लेगी।"

  • 7:52 AM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    देश में भारत माता की जय के जयघोष गूंजेंगे- केशव प्रसाद मौर्या

    यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने कहा- "आज पूरे देश में भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय श्रीराम के जयघोष गूंजेंगे। राष्ट्रहित सर्वोपरि है, तुष्टिकरण और घुसपैठ की राजनीति करने वाले स्वाभाविक रूप से बेचैन होंगे। जनता विकास, सुरक्षा और आत्मगौरव के साथ खड़ी है। जय भाजपा, तय भाजपा।"

     

  • 7:49 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    पश्चिम बंगाल: BJP के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा- यह चुनाव जनता ने TMC के खिलाफ लड़ा

    BJP के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा, “हमने पहले दिन जो कहा था, आज भी हमारी उम्मीद वही है। असल में, यह हमारी उम्मीद नहीं, बल्कि जनता की उम्मीद है। यह चुनाव जनता ने TMC के खिलाफ लड़ा है। यह चुनाव ‘जनता बनाम ममता’ है। यह एक ऐसा चुनाव है जिसमें लोगों ने TMC को नकार दिया है। कुछ ही घंटों में, BJP सरकार बनाने की स्थिति में होगी।”

  • 7:41 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    पश्चिम बंगाल: BJP उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल बोलीं- एक सुनामी आने वाली है

    आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से BJP उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल कहती हैं, "एक सुनामी आने वाली है। बंगाल की जनता ने 92% मतदान करके एक सुनामी को न्योता दिया है; इसके खिलाफ खड़े सभी नेता उड़ जाएंगे।" गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने इस बार जोरदार प्रचार अभियान चलाया था। 

  • 7:36 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    असम विधानसभा चुनाव 2026: स्ट्रांग रूम में विभिन्न राजनीतिक दलों के मतगणना प्रतिनिधियों का पहुंचना जारी

    गुवाहाटी: गुवाहाटी के मनीराम दीवान ट्रेड सेंटर स्थित कामरूप (मेट्रो) जिले के अंतर्गत आने वाली पांच विधानसभा विधानसभाओं के स्ट्रांग रूम में विभिन्न राजनीतिक दलों के मतगणना प्रतिनिधि पहुंचने लगे हैं। 126 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी।

  • 7:27 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    पश्चिम बंगाल: एजेयूपी प्रमुख हुमायूं कबीर को 100 फीसदी जीत मिलने की उम्मीद

    एजेयूपी प्रमुख हुमायूं कबीर ने कहा है कि हम शत प्रतिशत जीतेंगे। चुनाव आयोग ने सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाए हैं। बता दें कि हुमायू कबीर वही नेता हैं, जिन्होंने अयोध्या में बाबरी मस्जिद गिराए जाने के विरोध में 6 दिसंबर 2025 को पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद की तर्ज पर मस्जिद बनाने का ऐलान किया था।

  • 7:21 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    बीजेपी उम्मीदवार अर्जुन सिंह बोले- काफी जगहों पर बीजेपी कार्यकर्ताओं को डराया गया

    नोआपाड़ा से बीजेपी उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने कहा कि काफी जगह पर कल रात को डिप्टी कमिश्नर के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता को डराया गया ताकि वह काउंटिंग सेंटर तक ना पहुंच पाएं! पुलिस, टीएमसी की दलाली कर रही है!ममता बनर्जी का आरोप सही नहीं है। उनके पैर के नीचे से जमीन खिसक गई है इसीलिए ममता बनर्जी बेकार आरोप लगा रही हैं!

  • 7:11 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    कोलकाता: पेन भी अंदर नहीं ले जाने दे रहे, टीएमसी ने लगाए आरोप

    कोई भी पेन या कोई चीज जिसमें कैमरा हो सकता है, उसको मतगणना केंद्र के अंदर नहीं ले जाने दिया जा रहा है। इसी बात को लेकर हंगामा भी हुआ था। पेन बाहर रखवा लिया जा रहा है। TMC के एक कार्यकर्ता का कहना है, "वे हमें फाइलें या पेन अंदर ले जाने की इजाज़त नहीं दे रहे हैं, लेकिन BJP के पोलिंग एजेंटों को उन्हें अंदर ले जाने की अनुमति है। नियम सभी के लिए एक जैसे होने चाहिए। हम ममता बनर्जी के लोग हैं। इससे बड़ी कोई पहचान नहीं है।"

  • 7:02 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    कोलकाता: CPI(M) के उम्मीदवार बिकाश रंजन भट्टाचार्य बोले- इस बार वामपंथी दलों ने अच्छा प्रदर्शन किया

    मतगणना से पहले, जादवपुर निर्वाचन क्षेत्र से CPI(M) के उम्मीदवार बिकाश रंजन भट्टाचार्य ने कहा, "आज परिणाम का दिन है। मुझे उम्मीद है कि इस बार वामपंथी दलों ने अच्छा प्रदर्शन किया होगा। बदलाव होना चाहिए। आम जनता सरकार से नाराज है। देखते हैं परिणाम क्या होता है।" 

  • 6:55 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    केरल: कजाहकूटम से भाजपा उम्मीदवार बोले- फैसला एनडीए-भाजपा गठबंधन के पक्ष में होगा

    तिरुवनंतपुरम: केरल विधानसभा चुनाव 2026 के मतगणना से पहले, कज़ाहकूटम से भाजपा उम्मीदवार वी मुरलीधरन ने कहा, "मुझे विश्वास है कि लोग स्थिति को समझेंगे और केरल को देश के बाकी हिस्सों के साथ विकसित करने की आवश्यकता के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएंगे। मुझे उम्मीद है कि जनता सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएगी और एनडीए-भाजपा गठबंधन के पक्ष में फैसला सुनाएगी।"

  • 6:46 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    कोलकाता: मतगणना केंद्र के बाहर टीएमसी और भाजपा के मतगणना एजेंटों के बीच कहासुनी

    कोलकाता के भाबानीपुर विधानसभा क्षेत्र के सखावत मेमोरियल स्कूल स्थित मतगणना केंद्र के बाहर टीएमसी और भाजपा के मतगणना एजेंटों के बीच कहासुनी की बात सामने आई है। गौरतलब है कि राज्य की 293 सीटों के लिए मतगणना आज सुबह 8 बजे से शुरू होगी।

  • 6:41 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    कोलकाता में बाहरी गाड़ियों को नहीं दिया जा रहा स्पेस

    कोलकाता में चुनाव के नतीजों को ध्यान में रखते हुए कई जगह रोड्स ब्लॉक कर दी गई हैं। बाहरी गाड़ियों को स्पेस नहीं दिया गया है। यहां कई कॉलोनियों के बाहर बैरिकेड लगाया गया है। कोई हंगामा नहीं हो, उसके लिए पूरी तैयारी की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था बहुत कड़ी कर दी गई है।

  • 6:38 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में भारी सुरक्षा व्यवस्था

    तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के आज नतीजे सामने आ जाएंगे। ऐसे में चेन्नई के लोयोला कॉलेज में स्थापित मतगणना केंद्र पर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यहां आज कई महत्वपूर्ण विधानसभा क्षेत्रों के वोटों की गिनती की जाएगी।

     

  • 6:33 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    पुडुचेरी विधानसभा चुनाव: सुरक्षा के कड़े इंतजाम

    पुडुचेरी के मोतीलाल नेहरू सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में स्थापित मतगणना केंद्र पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यहां आज कई महत्वपूर्ण विधानसभा क्षेत्रों के वोटों की गिनती की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है।

  • 6:27 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    पश्चिम बंगाल चुनाव में इस बार कम हुई हिंसा

    इस बार पश्चिम बंगाल के चुनाव में हिंसा के मामले बहुत कम सामने आए। हाल के दशकों में राज्य के चुनावी इतिहास में पहली बार कोई मौत नहीं हुई है। ये राज्य में बीस सालों में आयोजित होने वाला पहला चुनाव था, जो व्यापक, हालांकि विवादास्पद, मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया के बाद हुआ, जिसमें 90 लाख से अधिक मतदाताओं को हटाया गया था। 

  • 6:15 AM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    पश्चिम बंगाल: राज्य के 77 केंद्रों पर मतगणना होगी, व्यापक सुरक्षा व्यवस्था

    आज राज्य के 77 केंद्रों पर मतगणना होगी। व्यापक सुरक्षा व्यवस्था और राजनीतिक गहमागहमी से भरे माहौल में 294 सीटों वाली विधानसभा में से 293 सीटों के नतीजे घोषित किए जाएंगे। गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा निर्वाचन क्षेत्र में "बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर मतदान के दौरान गंभीर चुनावी अपराध और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का उल्लंघन" का हवाला देते हुए पूरे निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव रद्द कर दिए।

  • 5:59 AM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    असम में कांग्रेस ने उतारे सबसे ज्यादा उम्मीदवार

    असम में मतदान 9 अप्रैल को हुआ था और इस बार 85.96 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। कुल 126 सीटों पर 722 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। उम्मीदवारों की बात करें तो कांग्रेस के सबसे ज्यादा 99 उम्मीदवार हैं। बीजेपी ने 90 उम्मीदवार उतारे हैं। इसके अलावा AIUDF के 30, असम गण परिषद के 26 और बोडो पीपुल्स फ्रंट के 11 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। विपक्षी गठबंधन में भी कई पार्टियां शामिल हैं। रायजोर दल ने 13 सीटों पर, असम जातीय परिषद ने 10 सीटों पर, CPM ने 3 सीटों पर और ऑल पार्टी हिल लीडर्स कॉन्फ्रेंस ने 2 सीटों पर चुनाव लड़ा है।

  • 5:55 AM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    बंगाल में BJP और TMC में कड़ी टक्कर की उम्मीद

    मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस लगातार चौथी बार सरकार बनाने की उम्मीद कर रही है। वहीं बीजेपी उन्हें कड़ी टक्कर दे रही है। दूसरी तरफ CPM और कांग्रेस, 2021 में मिली करारी हार के बाद इस बार अपनी स्थिति सुधारना चाहती हैं। इसके अलावा कुछ छोटी पार्टियां भी चुनाव मैदान में हैं। इनमें हुमायूं कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी और असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM शामिल हैं, जो कुछ खास इलाकों में अपनी किस्मत आजमा रही हैं।

  • 5:50 AM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    असम में CAPF की 25 कंपनियां तैनात

    असम में सुरक्षा के लिए इस बार खास इंतजाम किए गए हैं। मतगणना केंद्रों और स्ट्रॉन्गरूम की सुरक्षा के लिए CAPF की 25 कंपनियां तैनात की गई हैं, जिनमें हर कंपनी में करीब 100 जवान होते हैं। इसके अलावा 2 और कंपनियों को रिजर्व में रखा गया है। राज्य सशस्त्र पुलिस की 93 कंपनियां भी अलग-अलग जिलों में तैनात की गई हैं।

     

  • 5:44 AM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    असम में NDA को लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की उम्मीद

    असम में बीजेपी के नेतृत्व वाला NDA लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की उम्मीद कर रहा है। राज्य की 126 विधानसभा सीटों के लिए डाले गए वोटों की गिनती 35 जिलों के 40 केंद्रों पर होगी। इन केंद्रों पर रखी गई EVM मशीनों को खोला जाएगा और मतों की गिनती शुरू की जाएगी।

     

  • 5:40 AM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    बंगाल में हुआ था रिकॉर्ड 92.47 प्रतिशत मतदान

    पश्चिम बंगाल की 293 विधानसभा सीटों के लिए 77 केंद्रों पर वोटों की गिनती होगी। मतगणना से पहले ही राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और विपक्षी बीजेपी, दोनों ने वोटों में गड़बड़ी की आशंका जताई है। पश्चिम बंगाल में 2 चरणों में चुनाव हुए थे, जो 29 अप्रैल को खत्म हुए। इस बार रिकॉर्ड 92.47 प्रतिशत मतदान हुआ, जो अब तक का सबसे ज्यादा है।

     

  • 5:36 AM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    निर्वाचन आयोग ने लागू की है नई व्यवस्था

    निर्वाचन आयोग ने इस बार मतगणना केंद्रों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए नई व्यवस्था लागू की है। पहली बार ECINET सिस्टम के जरिए क्यूआर कोड वाले फोटो पहचान पत्र बनाए गए हैं, ताकि कोई भी अनधिकृत व्यक्ति अंदर प्रवेश न कर सके।

     

  • 5:29 AM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    सुबह 8 बजे से शुरू होगी वोटों की गिनती

    आज सुबह 8 बजे से पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुदुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के लिए वोटों की गिनती शुरू होगी। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती होगी, इसके बाद EVM के सील खोले जाएंगे और वोटों की गिनती शुरू होगी। शुरूआत में रुझान आने लगेंगे, और कुछ ही मिनट बात स्थिति स्पष्ट होने लगेगी। माना जा रहा है कि दोपहर होते-होते तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी कि पांचों राज्यों में ऊंट किस करवट बैठने वाला है।

  • 11:59 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    तमिलनाडु में 62 केंद्रों पर होगी मतगणना

    तमिलनाडु की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अर्चना पटनायक ने बताया कि राज्य भर में 62 निर्धारित मतगणना केंद्रों पर मतगणना के लिए एक व्यापक त्रिस्तरीय सुरक्षा योजना सहित सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। मतगणना ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और सूक्ष्म पर्यवेक्षकों और पुलिस सहित लगभग 1.25 लाख कर्मियों को तैनात किया गया है। ईवीएम के लिए 234 मतगणना हॉल की व्यवस्था की गई है। डाक मतपत्रों और इलेक्ट्रॉनिक रूप से भेजे गए डाक मतपत्रों (ईटीपीबी) की गिनती के लिए अतिरिक्त 240 हॉल निर्धारित किए गए हैं। मतगणना कार्य के लिए कुल 10,545 मतगणना कर्मियों को तैनात किया गया है, जिन्हें 4,624 सूक्ष्म पर्यवेक्षकों का सहयोग प्राप्त है। निर्वाचन आयोग ने मतगणना प्रक्रिया की निगरानी के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए कुल 234 मतगणना पर्यवेक्षकों को नियुक्त किया है।

     

  • 11:50 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    बीजेपी उम्मीदवार जॉर्ज को बड़े अंतर से जीत की उम्मीद, एक करोड़ रुपये की शर्त लगाई

    भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केरल विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार पी.सी.जॉर्ज ने कहा कि वह पूंजर सीट से अपनी शानदार जीत को लेकर आश्वस्त हैं और एक करोड़ रुपये की शर्त लगाने को तैयार हैं।  जॉर्ज ने पड़ोसी पाला निर्वाचन क्षेत्र में अपने बेटे शोन जॉर्ज की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि अगली विधानसभा में दोनों एक साथ सदन में प्रवेश करेंगे। उन्होंने दावा किया कि राजीव चंद्रशेखर के नेतृत्व में भाजपा केरल में महत्वपूर्ण बढ़त हासिल करेगी और किसी भी पार्टी को चुनाव में पूर्ण बहुमत नहीं मिलेगा। उन्होंने अनुमान जताया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) राज्य में लगभग 11 सीट जीतेगा। 

  • 11:40 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    ममता ने भवानीपुर के मतगणना एजेंटों के साथ बैठक की

    टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने रविवार शाम भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए अपनी पार्टी के मतगणना एजेंटों के साथ बैठक की। बनर्जी इस सीट से इस बार भी उम्मीदवार हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना शुरू होने से कुछ घंटे पहले यह बैठक हुई। भवानीपुर में बनर्जी का मुख्य मुकाबला भाजपा के शुभेंदु अधिकारी से है, जिन्होंने 2021 में नंदीग्राम सीट पर उन्हें हराया था। मुख्यमंत्री के कालीघाट स्थित आवास पर हुई इस बैठक में तृणमूल कांग्रेस के नेता और कोलकाता के महापौर फिरहाद हाकिम समेत कई नेता मौजूद रहे। 

     

  • 11:11 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    असम में 722 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा

    असम की 126 विधानसभा सीट पर 722 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा, जिसके लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी 35 जिलों के 40 मतगणना केंद्रों पर ईवीएम खोली जाएंगी। उम्मीदवारों में 59 महिलाएं हैं। नगांव जिले में मतगणना तीन अलग-अलग केंद्रों पर होगी, जबकि कोकराझार, तिनसुकिया और जोरहाट में दो-दो केंद्रों पर मतगणना होगी। मतगणना केंद्रों और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) वाले 'स्ट्रॉन्ग रूम' की सुरक्षा के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) की 25 कंपनियां तैनात की गई हैं।

     

  • 10:48 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    VVPAT पेपर पर्चियां मोक पोल की हैं-ज़िला निर्वाचन अधिकारी

    उत्तरी 24 परगना के ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने ट्वीट किया, "जांच करने पर यह पाया गया है कि दिखाई गई VVPAT पेपर पर्चियां मतदान के दिन से पहले किए गए एक मॉक पोल से संबंधित हैं, न कि मतदान के दिन हुए वास्तविक मतदान से। इस मामले में विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है, और सत्यापन तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए एक औपचारिक शिकायत भी दर्ज करा दी गई है।"

     

  • 9:45 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    केरल में बड़े राजनीतिक बदलाव की शुरुआत-BJP प्रवक्ता

    केरल विधानसभा चुनाव को लेकर BJP प्रवक्ता KVS हरिदास ने कहा, "इस बार केरल में BJP को काफी उम्मीदें हैं। NDA को नई विधानसभा में बड़ी संख्या में MLA मिलने की उम्मीद है। हम 1982 से BJP के बैनर तले चुनाव लड़ रहे हैं। हर बार लोग UDF और LDF में से 'कम बुरा' विकल्प चुनते रहे हैं। अब उन्हें एक तीसरी ताकत मिल गई है, जो 2024 में तब साफ दिखी जब सुरेश गोपी ने त्रिशूर लोकसभा सीट से जीत हासिल की। राज्य में एक ऐसी लहर चल रही है जो UDF और LDF, दोनों के ही खिलाफ है। मुझे पूरा भरोसा है कि यह राज्य में एक और बड़े राजनीतिक बदलाव की शुरुआत होगी।"

  • 9:09 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    पश्चिम बंगाल: उत्तर 24 परगना जिले में VVPAT पर्चियां फेंकी हुई मिलीं

    पश्चिम बंगाल में वोटों की गिनती से ठीक एक दिन पहले उत्तर 24 परगना के नोआपारा विधानसभा के बूथ नंबर 29 की VVPAT पर्चियां फेंकी हुई मिलीं। मध्यमग्राम विधानसभा की इछापुर नीलगांज पंचायत के सुभाषनगर में ये पर्चियां मिली।इस सीट से CPIM की उम्मीदवार गार्गी चटर्जी और पुलिस मौके पर पहुंची। इस सीट से TMC के त्रिनांकुर भट्टाचार्य और BJP के अर्जुन सिंह भी विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

     

  • 8:49 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    तमिलनाडु के रानीपेट में मतगणना की तैयारियां जारी

    तमिलनाडु: रानीपेट ज़िले में वोटों की गिनती की तैयारियां चल रही हैं। वोटों की गिनती का काम वालजापेट में अरिगनार अन्ना सरकारी महिला कला कॉलेज के अंदर बनाए गए खास केंद्रों पर होगा, जहां अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से लाई गई इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें क्षेत्र के हिसाब से रखी जा रही हैं।

    ज़िला चुनाव अधिकारी और ज़िला कलेक्टर चंद्रकला ने गिनती केंद्र पर चल रही तैयारियों का जायज़ा लिया। अपने दौरे के दौरान, उन्होंने अराकोनम, शोलिंगुर, रानीपेट और आरकोट विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी अधिकारियों के साथ वोटों की गिनती के दौरान अपनाए जाने वाले नियमों और प्रक्रियाओं पर चर्चा की।

  • 8:18 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    यूडीएफ के पक्ष में रिजल्ट आएगा:शशि थरूर

    तिरुवनंतपुरम: एग्जिट पोल में यूडीएफ को बढ़त मिलने के सवाल पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि हमारे देश में एग्जिट पोल में कई तरह की खामियां होती हैं, इसलिए मैं इन पर पूरी तरह भरोसा नहीं करना चाहता। हालांकि, यह दिलचस्प है कि सभी एग्जिट पोल एक जैसी राय दे रहे हैं और एकमत नजर आ रहे हैं।

    उन्होंने कहा कि 4 अप्रैल से अब तक जिन विशेषज्ञों, पत्रकारों, पर्यवेक्षकों और विभिन्न दलों के राजनीतिक विश्लेषकों से उनकी बात हुई है, सभी का मानना है कि यह चुनाव यूडीएफ के पक्ष में जाएगा। थरूर ने कहा कि अगर नतीजे इसके उलट आते हैं तो यह हैरान करने वाला होगा। उन्होंने कहा कि अब सभी को कल सुबह आने वाले नतीजों का इंतजार है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि सुबह के मध्य तक यूडीएफ के पक्ष में एक स्पष्ट और मजबूत तस्वीर सामने आ जाएगी।

  • 7:30 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    बंगाल में मतगणना के लिए तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था : CEO

    पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी (CEO) मनोज कुमार अग्रवाल  ने बताया कि सुरक्षा के लिए तीन-स्तरीय व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए राज्य पुलिस, राज्य सशस्त्र पुलिस और CAPF तैनात रहेंगे। सुरक्षा की सभी व्यवस्थाएं पूरी हैं। मतगणना हॉल के बाहर CCTV कैमरे भी लगाए गए हैं। सभी जिम्मेदारियां बांट दी गई हैं। यदि कोई लापरवाही होती है, तो कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा बलों, CAPF को सभी को निर्देश दे दिए गए हैं।"

     

  • 7:01 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    चेन्नई में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

    4 मई, 2026 को होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के लिए वोटों की गिनती को देखते हुए, सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चेन्नई शहर में सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है।

     

  • 6:30 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    आसनसोल में स्ट्रांग रूम के पास हड़कंप, सीलबंद लिफाफे में मिला स्विच ऑफ मोबाइल

    पश्चिम बंगाल के आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज स्थित स्ट्रांग रूम परिसर के पास उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब एक संदिग्ध गाड़ी से सीलबंद लिफाफे के अंदर एक स्विच ऑफ मोबाइल फोन बरामद किया गया। गाड़ी पर रानीगंज विधानसभा केंद्र संख्या 278 लिखा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही यह गाड़ी स्ट्रांग रूम परिसर में प्रवेश करने लगी, वहां मौजूद विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने संदेह के आधार पर उसे रोक लिया और तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी के अंदर एक सीलबंद लिफाफा मिला। जब उस लिफाफे को खोला गया, तो उसमें रानीगंज विधानसभा केंद्र से संबंधित कुछ दस्तावेजों के साथ एक स्विच ऑफ मोबाइल फोन पाया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने जब चुनाव अधिकारी से इस बारे में सवाल किया कि सीलबंद लिफाफे के अंदर मोबाइल फोन कैसे मौजूद है, तो उन्होंने अनभिज्ञता जताई। अधिकारी ने खुद को इंफ्रास्ट्रक्चर प्रभारी बताया, लेकिन वह यह स्पष्ट नहीं कर सके कि लिफाफे में मोबाइल फोन कैसे आया। इस घटना के बाद कुछ समय के लिए परिसर में तनाव का माहौल बन गया।

     

  • 6:05 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से होगी वोटों की गिनती-सीईओ

    पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा, "वोटों की गिनती निष्पक्ष और स्वतंत्र तरीके से की जाएगी। हम पूरी तरह से तैयार हैं; कहीं भी कोई अशांति नहीं होगी। कल वोटों की गिनती शांतिपूर्ण ढंग से होगी।"

     

  • 5:36 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    केरल में 43 जगहों पर बनाए गए काउंटिंग सेंटर

    मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) रतन यू केलकर ने कहा कि राज्य के सभी 140 विधानसभा क्षेत्रों में 43 स्थानों पर सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार, पहले डाक मतपत्रों की गिनती की जाएगी, उसके 30 मिनट के अंतराल के बाद ईवीएम के मतों की गिनती की जाएगी। उन्होंने कहा कि चरण-वार मतगणना आंकड़ा निर्वाचन आयोग के मोबाइल ऐप्लिकेशन और आधिकारिक पोर्टल पर वास्तविक समय में अपलोड किया जाएगा। 

     

  • 5:04 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    असम में कांग्रेस ने 70 सीटें जीतने का किया दावा

    असम कांग्रेस के सहप्रभारी मनोज चौहान ने दावा किया है कि कांग्रेस 70 से ज्यादा सीटें जीतने जा रही है। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल और खबरों के जरिए असम में फर्जी माहौल बनाया जा रहा है। फर्जी एग्जिट पोल हमारे कार्यकर्ताओं के मनोबल को नहीं झुका सकते। (ऱिपोर्ट-शोएब रजा)

     

  • 4:46 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    सेवा मतदाताओं के डाक मतपत्रों को शामिल करने के बाद केरल में मतदान प्रतिशत बढ़ा : CEO

    केरल में नौ अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में सेवा मतदाताओं के डाक मतपत्रों को शामिल करने के बाद मतदान प्रतिशत बढ़कर तकरीबन 79.70 प्रतिशत हो गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) रतन यू केलकर ने रविवार को यह जानकारी दी। केलकर ने कहा कि विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत 79.63 प्रतिशत रहा, जिसमें सेवा मतदाताओं के डाक मतपत्र शामिल नहीं हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सेवा क्षेत्र के मतदाताओं को 53,984 डाक मतपत्र जारी किए गए थे, जिनमें से एक मई तक 20,028 मतपत्र प्राप्त हो चुके थे। उन्होंने कहा, ''सेवा मतदाता मतगणना शुरू होने से पहले तक डाक मतपत्र जमा कर सकते हैं। हमने डाक विभाग को निर्देश दिया है कि सेवा मतदाताओं से प्राप्त डाक मतपत्र बिना किसी देरी के निर्वाचन अधिकारियों को सौंप दिए जाएं। इनमें शनिवार, रविवार और छुट्टियों के दिन प्राप्त मतपत्र भी शामिल हैं।'' केलकर ने कहा कि सेवा मतदाताओं के डाक मतपत्रों की प्राप्ति से मतदान प्रतिशत में 0.07 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा, ''सेवा मतदाताओं के आंकड़ों को शामिल करने के बाद वर्तमान मतदान प्रतिशत अस्थायी रूप से बढ़कर 79.70 प्रतिशत हो गया है।'' 

  • 3:59 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    तमिलनाडु में काउंटिंग की तैयारियां पूरी

    तमिलनाडु में काउंटिंग की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। यहां 23 अप्रैल को विधानसभा की कुल 234 सीटों के लिए मतदान हुआ था। सोमवार सुबह से काउंटिंग शुरू हो जाएगी। इस विधानसभा चुनाव में तमिलनाडु में सबसे ज्यादा 84.80 प्रतिशत वोटिंग हुई। 

  • 3:29 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    पश्चिम बंगाल चुनाव:काउंटिंग से पहले शुभेंदु अधिकारी का बड़ा आरोप

    पश्चिम बंगाल में बीजेपी के नेता शुभेंदु अधिकारी ने एक्स पर एक पोस्ट में बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने लिखा-' मेरे संज्ञान में यह बात आई है कि मतगणना के दिन की ड्यूटी के लिए तैनात कई अधिकारी कथित तौर पर अपनी ड्यूटी से जुड़ी खास जानकारी, तैनाती की जगह और पदनाम अपने-अपने विभागीय संगठनों और संघों को बता रहे हैं। मुझे यह जानकारी मिली है कि कुछ स्प्रेडशीट और सूचियां सर्कुलेट की जा रही हैं, जिनमें अधिकारी अपनी मर्ज़ी से या किसी दबाव में आकर अपनी चुनावी ड्यूटी की जानकारी भर रहे हैं; इसमें मतगणना प्रक्रिया के दौरान उनकी खास भूमिकाओं का विवरण भी शामिल है। यह चुनावी नियमों का एक गंभीर उल्लंघन है।" 

  • 2:54 PM (IST)
    Posted by Rituraj Tripathi

    4 मई को आएंगे 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजे

    पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे 4 मई को सामने आ जाएंगे। सुबह से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी और शाम तक ये स्थिति साफ हो जाएगी कि किस राज्य में किस पार्टी को जीत हासिल हुई है। इस बार के चुनाव बेहद दिलचस्प हुए हैं। कई राज्यों में वोटिंग प्रतिशत भी सुधरा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत