1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. Assembly Elections 2026 Live: TVK के साथ जाने का फैसला कांग्रेस हाईकमान करेगा, स्टालिन ने दिया इस्तीफा

Assembly Elections 2026 Live: TVK के साथ जाने का फैसला कांग्रेस हाईकमान करेगा, स्टालिन ने दिया इस्तीफा

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Updated : May 06, 2026 09:16 am IST

Assembly Elections 2026 Live: चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में मतदान संपन्न हो गए हैं। एक तरफ जहां असम और पश्चिम बंगाल में बीजेपी को बहुमत मिला है तो वहीं पुडेचेरी में भी एनडीए की सरकार बनने जा रही है। वहीं तमिलनाडु में टीवीके को बड़ी जीत मिली है जबकि केरल में एलडीएफ अब सत्ता से हट जाएगी।

एमके स्टालिन ने सीएम पद से दिया इस्तीफा।- India TV Hindi
एमके स्टालिन ने सीएम पद से दिया इस्तीफा। Image Source : PTI

Assembly Elections 2026 Live: देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में मतदान हो गए हैं। इन चुनावों में बीजेपी को तीन राज्यों में बड़ी जीत मिली है। बीजेपी ने पश्चिम बंगाल और असम में बहुमत हासिल कर लिया है। वहीं पुडुचेरी में भी बीजेपी अपने सहयोगी दल एआईएनआरसी के साथ सरकार बनाने जा रही है। दूसरी तरफ केरल की बात करें तो यहां एलडीएफ को बड़ी हार मिली है, जबकि यूडीएफ यहां सरकार बनाने जा रही है। इसके अलावा तमिलनाडु में दो साल पुरानी पार्टी टीवीके ने लैंडस्लाइड विक्ट्री दर्ज की है। टीवीके ने डीएमके और एआईएडीएमके को बड़ा झटका दिया है। 

Assembly Elections 2026 Live

Auto Refresh
Refresh
  • 2:49 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    TVK के साथ जाने का फैसला कांग्रेस हाईकमान करेगा

    कांग्रेस के तमिलनाडु के प्रभारी सीएलपी  की बैठक के बाद दिल्ली आएंगे और CLP की बैठक की रिपोर्ट आलाकमान को देंगे। TVK के साथ जाने का फैसला कांग्रेस आलाकमान द्वारा लिया जाएगा। (रिपोर्ट: विजयलक्ष्मी)

  • 1:56 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    हिमंता ने दिखाया चुनाव के संभावित परिणाम वाला नोट

    हिमंता विश्व शर्मा ने एक्स पर एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "9 अप्रैल को असम में मतदान समाप्त होने पर, मैंने हमेशा की तरह असम चुनाव के संभावित परिणाम पर अपने विचार एक कागज पर लिख लिए। एक महीने बाद, जनता के ऐतिहासिक आशीर्वाद से हमने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए एक सीट में बाकी सभी सीटों से भी बेहतर जीत हासिल की है। मैं सचमुच अभिभूत हूं।"

  • 1:39 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    राज्यपाल से स्वीकार किया स्टालिन का इस्तीफा

    तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

  • 1:02 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    असम चुनाव पर हिमंत विश्व शर्मा का बयान

    असम में 9 अप्रैल को मतदान खत्म होने के बाद हिमंत विश्व शर्मा ने अपने अनुमान एक कागज पर लिखे थे। अब एक महीने बाद उन्होंने कहा कि नतीजे उनकी उम्मीद से भी बेहतर आए हैं और उनकी पार्टी ने पिछली बार से एक सीट ज्यादा जीती है। उन्होंने इसे जनता का 'ऐतिहासिक आशीर्वाद' बताया और कहा कि वे खुद को बहुत विनम्र महसूस कर रहे हैं।

  • 12:51 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    बंगाल में आज बीजेपी की संगठन कोर कमेटी की बैठक

    भाजपा दफ़्तर में संगठन कोर कमेटी की बैठक होने जा रही है। विधायक दल की बैठक को लेकर ये मीटिंग होने जा रही है। विधायक दल की बैठक 8 या 9 तारीख में ही करनी है, उसकी तैयारियों को लेकर चर्चा करने जा रहे हैं। इस बैठक में सुनील बंसल मौजूद रहेंगे। पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री के नाम की औपचारिक घोषणा भी इसी मीटिंग में हो जाएगी। (रिपोर्ट- मनीष)

  • 12:41 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    कांग्रेस के केंद्रीय सीनियर ऑब्जर्वर जाएंगे केरल

    आज शाम तक केरल में कांग्रेस पार्टी के नव निर्वाचित विधायकों से राय शुमारी के लिए केंद्रीय सीनियर ऑब्जर्वर को केरल भेजा जायेगा। यह ऑब्जर्वर विधायकों की राय जानकर आला कमान को इसकी रिपोर्ट सौंपेंगे। (रिपोर्ट- विजय लक्ष्मी)

  • 12:33 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    एमके स्टालिन ने दिया इस्तीफा

    डीएमके अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने मंगलवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। सूत्रों ने बताया कि उनका इस्तीफा पत्र राज्य के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर के कार्यालय को भेज दिया गया है। 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनावों में डीएमके को विजय के नेतृत्व वाली टीवीके से हार का सामना करना पड़ा था। स्टालिन ने कहा है कि डीएमके एक मजबूत विपक्षी दल के रूप में काम करेगी।

  • 12:28 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    तमिलनाडु में कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज

    रिपोर्ट के मुताबिक तमिलनाडु कांग्रेस के विधायक दल की बैठक आज दोपहर 1.30 बजे होगी। इस बैठक में पार्टी की आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। टीवीके को पार्टी समर्थन दे या नहीं इस पर भी चर्चा आज को इस बैठक में की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक टीवीके की तरफ से कांग्रेस की तमिलनाडु इकाई को समर्थन के लिए reach out किया गया है। 

  • 11:54 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    सुवेंदु अधिकारी ने जताया आभार

    सुवेंदु अधिकारी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "पश्चिम बंगाल के जनमानस को नमस्कार! पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी को दिए गए अपार समर्थन और हमारे आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताने के लिए मैं आप सभी का हार्दिक धन्यवाद और आभार व्यक्त करता हूं। यह विजय प्रत्येक देशभक्त राष्ट्रवादी की, प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता की विजय है। भाजपा एक विकसित, समृद्ध और सुरक्षित पश्चिम बंगाल के लिए प्रतिबद्ध है। हम अपने वादों को पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। सभी को साथ लेकर हम एक स्वस्थ, सुंदर और उन्नत राज्य का निर्माण करेंगे। राज्य की जनता की सेवा करना नई सरकार का प्राथमिक लक्ष्य होगा। विधानसभा चुनावों की इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुचारू और सफल ढंग से संचालित करने के लिए मैं चुनाव आयोग, सरकारी कर्मचारियों, केंद्रीय बलों और राज्य एवं कोलकाता पुलिस बलों के सदस्यों के प्रति विशेष आभार व्यक्त करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक विकसित और आत्मनिर्भर पश्चिम बंगाल का निर्माण करना हमारी दृढ़ प्रतिबद्धता है। भारत माता की जय जय हिन्द वंदे मातरम्।"

  • 11:33 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    विधायकों के साथ बैठक करेंगे विजय

    एक्टर विजय पार्टी MLA के साथ बैठक के लिये पनयूर में मौजूद पार्टी मुख्यालय पहुंचे हैं। यहां विधायक दल की बैठक में सरकार के गठन की रूपरेखा के बारे में विस्तार से चर्चा की जाएगी। विजय चुने गए MLA's को बधाई देने के साथ साथ पार्टी के आगे के रोड मैप के बारे में उनके साथ चर्चा करेंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक सामान्य बहुमत से 10 सीट कम होने के बाद भी विजय ने कहा है कि सरकार के गठन को लेकर किसी भी तरह की जल्दबाजी नहीं बरती जाएगी। पार्टी कांग्रेस और लेफ्ट पार्टियों से सम्पर्क में हैं। कांग्रेस, सी.पी.एम. और CPI के पास कुल मिलाकर 9 MLA हैं। इसके अलावा PMK से भी चर्चा करने की खबरें हैं। (इनपुट- टी राघवन)

  • 11:13 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    नितिन नबीन ने बंगाल की जनता को किया अभिनंदन

    भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा, "पश्चिम बंगाल की जनता को बहुत अभिनंदन। मैं मानता हूं कि पश्चिम बंगाल की संस्कृति और विरासत को प्रधानमंत्री मोदी अपने नेतृत्व में आगे ले जा सकते हैं। मैं कामना करता हूं कि सभी राज्यों में शांति और समृद्धि रहे।"

  • 11:06 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    तिरुवनंतपुरम रवाना हुए पिनारयी विजयन

    केरल के निवर्तमान मुख्यमंत्री पिनारयी विजयन कन्नूर एयरपोर्ट से तिरुवनंतपुरम के लिए रवाना हुए।

  • 10:40 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    पीएम मोदी के नेतृत्व में विश्वास रखती है जनता: चिराग पासवान

    चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा-एनडीए के प्रदर्शन पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, "भाजपा ने पश्चिम बंगाल के किले को भेद दिया है और सरकार बनाएगी। जनता ने तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली विपक्षी पार्टियों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। असम, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल के नतीजों ने साबित कर दिया है कि जनता प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विश्वास रखती है और वे 2029 में फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे।"

     

  • 10:07 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    विजय के माता-पिता ने जताई खुशी

    टीवीके प्रमुख विजय की मां शोभा चंद्रशेखर ने राज्य की कुल 234 सीटों में से 108 सीटें जीतने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, "मैं बेहद खुश हूं।" वहीं उनके पिता एसए चंद्रशेखर ने कहा, "वह सिर्फ उनकी मां ही नहीं हैं, बल्कि विजय की सबसे बड़ी प्रशंसक भी हैं। वह बेहद खुश हैं।"

  • 10:07 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    जनता ने मुझ पर भरोसा जताया: दिलीप घोष

    खड़गपुर सदर विधानसभा क्षेत्र से जीतने वाले भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष ने कहा, "खड़गपुर सदर विधानसभा क्षेत्र की जनता ने मुझ पर भरोसा जताया है। जनता को पार्टी से बहुत उम्मीदें हैं क्योंकि उन्होंने भारी बहुमत से हमें वोट दिया है।"

  • 9:48 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    सुशासन की जीत, कुशासन का अंत: मोहन यादव

    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने देश की आधी आबादी का मजाक उड़ाया और उन्हें इसकी कीमत चुकानी पड़ी। हम प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार बना रहे हैं, यह सुशासन की जीत और कुशासन का अंत है।"

  • 9:38 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    पार्टी को गंभीरता से आत्मनिरीक्षण करना होगा: शशि थरूर

    चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के चुनाव परिणामों पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, "मुझे लगता है कि पार्टी को गंभीरता से आत्मनिरीक्षण करना होगा, इसमें कोई संदेह नहीं है। हमने यह बात पहले भी कही है, और आज हमारे पास एक बहुत अच्छा उदाहरण है कि क्या सही साबित हुआ। अगर हम केरल में इसे सही कर सकते हैं, तो हम इसे अन्य जगहों पर सही करने के लिए क्या कर सकते हैं? यह एक ऐसा सबक है जो कांग्रेस पार्टी को सीखना चाहिए।" 

  • 9:25 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    असम और बंगाल के परिणाम ऐतिहासिक: भाजपा तेलंगाना अध्यक्ष

    भाजपा तेलंगाना अध्यक्ष एन रामचंद्र राव ने कहा, “चुनाव परिणाम इस बात की ओर इशारा करते हैं कि देश राष्ट्रवादी ताकतों भाजपा की ओर बढ़ रहा है। असम और बंगाल के परिणाम ऐतिहासिक हैं। बंगाल की जनता ने दिखा दिया है कि वे अब तुष्टीकरण की राजनीति बर्दाश्त नहीं करेंगे। बंगाल के परिणाम यह भी दर्शाते हैं कि चुनाव आयोग ने सुचारू चुनाव कराने के लिए सभी कदम उठाए थे, फर्जी वोटों को हटाया गया और लोगों ने बिना किसी डर के मतदान किया। टीएमसी हार गई है, लेकिन वे इसे स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं और चुनाव आयोग, ईवीएम को दोष दे रहे हैं।”

  • 9:17 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    BJP से बहुत कुछ सीख सकते हैं: शशि थरूर

    कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, "उन्होंने (पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह) बंगाल और असम में अच्छा काम किया है और इसका कुछ श्रेय उन्हें जाता है क्योंकि वे चुनाव कराने में माहिर हैं। वे पेशेवर रूप से संगठित हैं। उनकी संगठनात्मक क्षमता बहुत मजबूत है। उन्होंने अपने चुनाव प्रचार में वित्तीय संसाधनों सहित कई संसाधन लगाए। हम सभी उनसे बहुत कुछ सीख सकते हैं। मेरी यही आशा है कि उनका संदेश भारतीयों को एकजुट करने का होगा, न कि उन्हें विभाजित करने का।"

  • 9:07 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    केरल में जश्न मना रही कांग्रेस

    तिरुवनंतपुरम स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल के पोस्टर लगाए गए। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने विधानसभा चुनाव में 140 सीटों में से 102 सीटें जीतीं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत