1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या पर आया प्रियंका गांधी का बयान, बोलीं- 'बर्बरतापूर्ण हत्या का समाचार...'

बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या पर आया प्रियंका गांधी का बयान, बोलीं- 'बर्बरतापूर्ण हत्या का समाचार...'

 Published : Dec 19, 2025 09:43 pm IST,  Updated : Dec 19, 2025 11:48 pm IST

बांग्लादेश में जारी भीषण हिंसा के बीच अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है। कट्टरपंथियों ने एक हिंदू युवक की बेरहमी से हत्या कर दी है। इस घटना पर प्रियंका गांधी का बयान भी सामने आया है।

priyanka gandhi statement on bangladesh violence- India TV Hindi
बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या पर बोलीं प्रियंका गांधी। Image Source : PTI

बांग्लादेश में कट्टरपंथी लगातार दंगा कर रहे हैं। राजधानी ढाका से लेकर, पोर्ट सिटी चटगांव और इंडस्ट्रियल हब खुलना तक घमासान मचा हुआ है। यहां के कट्टरपंथी भारत के खिलाफ जंग का एलान कर रहे हैं। इसके साथ ही हिन्दुओं को भी निशाना बनाया जा रहा है। बांग्लादेश के मेमनसिंह शहर में एक हिन्दू को सरेआम चौराहे पर जिंदा जला दिया गया है। हिंदू युवक की हत्या का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है जिसे देखकर लोगों की रूह कांप गई है। अब कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या की निंदा करते हुए बयान जारी किया है। 

क्या बोलीं प्रियंका गांधी?

प्रियंका गांधी ने कहा- "बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की भीड़ द्वारा बर्बरतापूर्ण हत्या का समाचार अत्यंत चिंताजनक है। किसी भी सभ्य समाज में धर्म, जाति, पहचान आदि के आधार पर भेदभाव, हिंसा और हत्या मानवता के खिलाफ अपराध है। भारत सरकार को पड़ोसी देश में हिंदू, ईसाई और बौद्ध अल्पसंख्यकों के खिलाफ बढ़ती हिंसा का संज्ञान लेना चाहिए और बांग्लादेश सरकार के समक्ष उनकी सुरक्षा का मुद्दा मजबूती से उठाना चाहिए।"

गहलोत ने केंद्र सरकार से की अपील

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने भी इस घटना की निंदा की है और कहा है- "बांग्लादेश में पुनः भड़की हिंसा और वहां हिन्दू अल्पसंख्यकों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं अत्यंत चिंताजनक और निंदनीय हैं।" गहलोत ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि वह अविलंब कूटनीतिक स्तर पर हस्तक्षेप कर वहां रहने वाले अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करे।

कैसे की गई हिंदू युवक की हत्या?

दरअसल, ढाका से करीब सवा सौ किलोमीटर दूर मैमनसिंह शहर में इस्लामिक कट्टरपंथियों की भीड़ ने एक हिन्दू को घर से निकाल कर बुरी तरह पीटा, फिर चौराहे पर लाकर उसे जिंदा जला दिया। जिस हिन्दू की बांग्लादेश में नृशंस हत्या की गई उसका नाम दीपू चंद्र दास था। कट्टरपंथी हैवानों ने दीपू चन्द्र दास पर भी इस्लाम की तौहीन का इल्जाम लगाया था। जिस वक्त उसे जिंदा जलाया जा रहा था तो सैकड़ों लोग इस हैवानियत का वीडियो बना रहे थे। दीपू चन्द्र की सरेआम हत्या के सैकड़ों वीडियो मौजूद हैं लेकिन बांग्लादेश की पुलिस को कोई सबूत नहीं मिला। अब तक बांग्लादेश की पुलिस ने हत्यारों के ख़िलाफ FIR तक दर्ज नहीं की है।

बांग्लादेश में क्यों हो रही है हिंसा?

दरअसल, शेख हसीना के खिलाफ आंदोलन का प्रमुख चेहरा रहे शरीफ उस्मान हादी को अज्ञात लोगों ने गोली मार दी थी। बांग्लादेश के चीफ एडवाइजर मोहम्मद यूनुस ने एलान किया कि सिंगापुर में इंकलाब मंच के नेता शरीफ उस्मान हादी का निधन हो गया है। जैसे ही ये एलान हुआ, उसके तुरंत बाद पूरे बंगाल में कट्टरपंथी सड़कों पर उतर आए। पूरी रात बांग्लादेश के अलग अलग शहरों में तोड़फोड़, आगजनी और हिंसा होती रही।

ये भी पढे़ं- 'हिंसा और नफरत कत्तई बर्दाश्त नहीं करेंगे, दोषियों को बख्शेंगे नहीं', बांग्लादेश की युनूस सरकार की सख्त चेतावनी

'घर से कम ही बाहर निकलें, यात्रा करने से बचें', बांग्लादेश में रहने वाले भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत