1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. दिल्ली पहुंची कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा, इन रास्तों पर जाने से बचें, कई रूट डायवर्ट

दिल्ली पहुंची कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा, इन रास्तों पर जाने से बचें, कई रूट डायवर्ट

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : Dec 24, 2022 07:13 am IST,  Updated : Dec 24, 2022 08:27 am IST

आज सुबह राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं के साथ पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत फरीदाबाद के एनएचपीसी मेट्रो स्टेशन से की। दक्षिण दिल्ली के बदरपुर बॉर्डर से भारत जोड़ो यात्रा दिल्ली में दाखिल हुई।

भारत जोड़ो यात्रा- India TV Hindi
भारत जोड़ो यात्रा Image Source : PTI

नई दिल्ली: राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा आज दिल्ली में दाखिल हो गई है। आज सुबह राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं के साथ पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत फरीदाबाद के एनएचपीसी मेट्रो स्टेशन से की। दक्षिण दिल्ली के बदरपुर बॉर्डर से भारत जोड़ो यात्रा दिल्ली में दाखिल हुई।

दिल्ली पहुंचने पर राहुल गांधी ने एक बार फिर आरएसएस पर हमला बोला, कहा-आपके दिल में नफरत कब पैदा होती है, जब आपको डर लगता है। जब आपको डर नहीं लगता तो नफरत नहीं पैदा हो सकती और यही आरएसएस के लोग करते हैं। ये डर फैलाते हैं और फिर उस डर को नफरत में बदलते हैं। हम कहते हैं डरो मत और हम मोहब्बत फैलाते हैं।

यह यात्रा सुबह करीब 10.30 बजे आश्रम चौक के पास जय देव आश्रम पहुंचेगी और शाम करीब 4.30 बजे लाल किले पर खत्म होगी। भारत जोड़ो यात्रा के कारण कई रास्तों पर जाम लगने की संभावना है। 

इन रास्तों पर जाने से बचें

एडवाइजरी के अनुसार- यात्रा के दौरान बदरपुर फ्लाईओवर, मीठा पुर चौक, प्रह्लाद पुर रेड लाइट, एमबी रोड, अपोलो फ्लाईओवर, मथुरा रोड, ओखला मोड़ रेड लाइट, मोदी मिल फ्लाईओवर, एनएफसी रेड लाइट, आश्रम चौक, मूलचंद, एंड्रयूज गंज, एम्स के तहत लाजपत नगर फ्लाईओवर, कैप्टन गौर मार्ग, दयाल सिंह कॉलेज, निजामुद्दीन फ्लाईओवर, सफदरजंग मदरसा, आईपी फ्लाईओवर की ओर निकलने वाली प्रगति मैदान सुरंग, मथुरा रोड/भैरों रोड टी-प्वाइंट, सुब्रमण्यम भारती मार्ग/जाकिर हुसैन मार्ग क्रॉसिंग, मंडी हाउस, तुर्कमान गेट , राजघाट चौक आदि सड़कें और प्वाइंट प्रभावित होंगे।

भारत जोड़ो यात्रा के कारण प्रभावित होगा ट्रैफिक

एडवाइजरी में आगे कहा गया है कि बदरपुर बॉर्डर से लाल किले तक भारी ट्रैफिक रहने की उम्मीद है, और यात्रियों से अनुरोध है कि यदि संभव हो तो प्रभावित सड़कों से बचकर/बाईपास करके सहयोग करें और सार्वजनिक परिवहन का अधिकतम उपयोग करें। आगे कहा गया, सुचारु यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने और सड़कों पर पैदल चलने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ यात्रियों की सुविधा के लिए ग्रेडेड और डायनेमिक डायवर्जन होगा। जो लोग ISBT/रेलवे स्टेशनों/एयरपोर्ट की ओर जा रहे हैं, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे पर्याप्त समय के साथ अपनी यात्रा की सावधानी से योजना बनाएं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत