1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. अयोध्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और लोगों में झंडे को लेकर झड़प, जानें पुलिस क्या बोली

अयोध्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और लोगों में झंडे को लेकर झड़प, जानें पुलिस क्या बोली

 Written By: Subhash Kumar @ImSubhashojha
 Published : Jan 16, 2024 08:59 am IST,  Updated : Jan 16, 2024 08:59 am IST

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय समेत कई बड़े नेता मकर संक्रांति के मौके पर अयोध्या में दर्शन के लिए पहुंचे थे। नेताओं के अयोध्या दौरे के दौरान कुछ लोगों को अयोध्या राम मंदिर के बाहर कांग्रेस का झंडा तोड़ते देखा गया। अब पुलिस ने इस मामले पर बयान दिया है।

अयोध्या में बवाल। - India TV Hindi
अयोध्या में बवाल। Image Source : ANI/UP CONGRESS

अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। जल्द ही मंदिर के गर्भगृह में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है जिसे लेकर पूरे देश में उत्साह का माहौल बना हुआ है। हालांकि, कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों के नेताओं द्वारा प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का न्योता ठुकराए जाने को लेकर राजनीति भी तेज हो गई है। इस बीच सोमवार को यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय और दीपेंद्र हुड्डा समेत कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल अयोध्या दौरे पर गया था। हालांकि, यहां पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की लोगों से झड़प हो गई। आइए जानते हैं क्या है ये पूरा मामला।

अयोध्या दर्शन के लिए पहुंचे थे कांग्रेस नेता

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय समेत कई बड़े नेता मकर संक्रांति के मौके पर अयोध्या में दर्शन के लिए पहुंचे थे। यहां कांग्रेसी नेताओं ने सरयू नदी में डुबकी लगाई फिर हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन किए। अजय ने कहा था कि 22 जनवरी को जो कार्यक्रम है, उसमें पहले ही हमारे चारों शंकराचार्य जाने से मना कर चुके हैं। पीएम मोदी इसे अपना व्यक्तिगत कार्यक्रम बना रहे हैं। 

कांग्रेस का झंडा तोड़ा

कांग्रेस नेताओं के अयोध्या दौरे के दौरान कुछ लोगों को अयोध्या राम मंदिर के बाहर कांग्रेस का झंडा तोड़ते देखा गया। अयोध्या कांग्रेस महिला प्रभारी रेनू राय ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों ने हमारी पार्टी का झंडा छीन लिया और हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार किया। यह एक शर्मनाक और निंदनीय कृत्य है। राम मंदिर सभी का है।

पुलिस ने क्या कहा?

अयोध्या में दो गुटों के बीच झड़प पर अयोध्या के SP मधुबन सिंह ने बताया कि कांग्रेस पार्टी का प्रतिनिधिमंडल अयोध्या धाम में दर्शन-पूजन करने के लिए आया था। जब प्रतिनिधमंडल के सभी सदस्य जन्मभूमि में दर्शन करने के लिए अंदर चले गए तो बाहर कुछ लोग आपस में झगड़ा करने लगे। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ लोग झंडा फहराने को लेकर बातचीत कर रहे थे, जांच की जा रही है। 

ये भी पढ़ें- 22 जनवरी को पहुंचना चाहते हैं अयोध्या? जानिए फ्लाइट टिकट और होटल रूम के क्या चल रहे रेट

ये भी पढ़ें- अयोध्या में राम लला के गर्भ गृह के द्वार पर लग गए सोने के गेट, देखिए खूबसूरत तस्वीरें

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत