1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कम्युनिस्ट पार्टी का ऐलान, वायनाड में प्रियंका गांधी के खिलाफ उम्मीदवार उतारेंगे

कम्युनिस्ट पार्टी का ऐलान, वायनाड में प्रियंका गांधी के खिलाफ उम्मीदवार उतारेंगे

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jun 18, 2024 04:20 pm IST,  Updated : Jun 18, 2024 08:45 pm IST

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने ऐलान किया है कि वह वायनाड लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के खिलाफ अपना उम्मीदवार उतारेगी।

प्रियंका गांधी-राहुल गांधी। - India TV Hindi
प्रियंका गांधी-राहुल गांधी। Image Source : PTI

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को ऐलान कर दिया कि वह लोकसभा की किस सीट से इस्तीफा देंगे। राहुल ने नियम के मुताबिक एक सीट से इस्तीफा देने का ऐलान किया है। राहुल गांधी वायनाड सीट से इस्तीफा देंगे और रायबरेली से सांसद रहेंगे। कांग्रेस ने इसके बाद घोषणा कर दी कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा वायनाड सीट से चुनाव लड़ेंगी। हालांकि, प्रियंका गांधी की ये राह आसान नहीं होगी क्योंकि, दूसरी ओर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने भी वायनाड सीट से अपना उम्मीदवार उतारने का ऐलान कर दिया है। 

प्रियंका गांधी को लेकर क्या बोले?

वाम लोकतांत्रिक मोर्चा में शामिल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने मंगलवार को बताया कि वायनाड लोकसभा सीट उनके पास है और उनका उम्मीदवार उपचुनाव में चुनाव लड़ेगा। पार्टी ने जानकारी दी कि वह वायनाड लोकसभा उपचुनाव में प्रियंका गांधी वाद्रा के खिलाफ अपना उम्मीदवार उतारेगी। प्रियंका गांधी के बारे में पूछे जाने पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने कहा कि कांग्रेस को कहीं भी अपना उम्मीदवार उतारने की स्वतंत्रता है। 

हम वायनाड में अपना उम्मीदवार उतारेंगे- सीपीआई

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने मंगलवार को कहा कि LDF ऐसे कुछ भी नहीं करेगी जो भाजपा के लिए अनुकूल हो। इसलिए हम निश्चित रुप से वायनाड में अपना उम्मीदवार उतारेंगे। पार्टी ने कहा कि यदि कांग्रेस पार्टी की योजना वायनाड सीट खाली करने की थी, तो उन्हें राहुल गांधी जैसे एक प्रमुख नेता को दक्षिण में लाने की कोई आवश्यकता नहीं थी।

एनी राजा को राहुल ने हराया था

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की वरिष्ठ नेता एनी राजा लोकसभा चुनाव 2024 में राहुल गांधी के खिलाफ वायनाड लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। हालांकि, राहुल गांधी ने उन्हें शिकस्त दी थी। अब देखना होगा कि इस बार पार्टी प्रियंका के खिलाफ किसे अपना उम्मीदवार बनाती है। वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस इस सीट से प्रियंका गांधी की जीत का दावा कर रही है। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- BJP का हो सकता है लोकसभा अध्यक्ष, सहयोगी दलों को उपाध्यक्ष का पद: सूत्र

प्रियंका गांधी के वायनाड से उपचुनाव लड़ने के फैसले पर शशि थरूर ने दिया बयान, जानें क्या कहा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत