1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. साधु के भेष में प्रदर्शन पर पप्पू यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज, तुरंत कार्रवाई की मांग

साधु के भेष में प्रदर्शन पर पप्पू यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज, तुरंत कार्रवाई की मांग

 Written By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Aug 01, 2026 09:48 am IST,  Updated : Aug 01, 2026 09:48 am IST

संसद परिसर में साधु के भेष में विरोध प्रदर्शन करने के मामले में सांसद पप्पू यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। उन पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप है। इसके साथ ही शिकायतकर्ता ने तुरंत कार्रवाई की मांग की है।

पप्पू यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज।- India TV Hindi
पप्पू यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज। Image Source : ANI

नई दिल्ली: राम मंदिर में कथित चंदा चोरी मामले को लेकर सांसद पप्पू यादव ने संसद में प्रदर्शन किया। उन्होंंने साधु का भेष बनाकर प्रदर्शन किया, जिसमें विपक्ष के अन्य सांसद भी शामिल हुए। वहीं अब पप्पू यादव के विरोध प्रदर्शन के बाद जहांगीरपुरी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता सूर्य मैथिल द्वारा दर्ज कराई गई इस शिकायत में पप्पू यादव पर विरोध प्रदर्शन के दौरान धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि इस प्रदर्शन को विपक्षी 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन के कई नेताओं का समर्थन प्राप्त था।

धार्मिक भावनाओं का किया अपमान

इस मामले को लेकर सूर्य मैथिल ने आरोप लगाया कि पप्पू यादव ने संसद के बाहर अपने प्रदर्शन के दौरान धार्मिक प्रतीकों का अपमान किया। मैथिल ने कहा, "आज पप्पू यादव ने जिस तरह से भगवा का अपमान किया और संसद के बाहर जो ड्रामा किया, उसे राहुल गांधी, डिंपल यादव, अवधेश कुमार और INDI गठबंधन के अन्य सांसदों का समर्थन मिला। इसमें पप्पू यादव ने भगवान राम लल्ला विराजमान की तस्वीर तक अपने पैरों के नीचे रख दी। इससे सनातनियों की भावनाएं आहत हुई हैं।" 

तुरंत कार्रवाई की मांग

उन्होंने आगे कहा, "इसके खिलाफ मैंने जहांगीरपुरी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। मैं गृह मंत्री अमित शाह, दिल्ली पुलिस कमिश्नर, DCP नॉर्थ, DCP नॉर्थ वेस्ट, ACP जहांगीरपुरी और SHO जहांगीरपुरी से मांग करता हूं कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए उन सभी के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाए।"

संसद के बाहर विपक्ष ने किया प्रदर्शन

बता दें कि शुक्रवार 31 जुलाई को संसद परिसर में विरोध का एक नजारा देखने को मिला। विपक्षी सांसदों ने कई मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरने के लिए नुक्कड़ नाटक का सहारा लिया, जिसमें राम मंदिर चंदे में कथित "चोरी" का मामला मुख्य मुद्दा रहा। विपक्ष ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जवाबदेही की भी मांग की और उनसे संसद की कार्यवाही में शामिल होने और विरोध कर रहे छात्रों के खिलाफ हाल ही में हुई पुलिस कार्रवाई पर जवाब देने को कहा। इस प्रदर्शन के दौरान पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव भगवा कपड़े पहने हुए सामने आए। वे मंदिर के पुजारी का रूप धरे हुए थे जो भक्तों से चढ़ावा इकट्ठा कर रहा था। उनके हाथ में अयोध्या के भगवान राम की तस्वीर थी।

यह भी पढ़ें-

एविएशन सेक्टर को मिलेगी नई उड़ान, देश में खुलेंगे 11 नए फ्लाइंग स्कूल, 30 हजार से ज्यादा पायलटों की जरूरत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत