1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. Congress Protest : महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, राहुल और प्रियंका समेत कई नेता हिरासत में लिए गए

Congress Protest : महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, राहुल और प्रियंका समेत कई नेता हिरासत में लिए गए

 Reported By: Vijai Laxmi Edited By: Niraj Kumar
 Published : Aug 05, 2022 02:03 pm IST,  Updated : Aug 05, 2022 03:01 pm IST

Congress Protest : राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस सांसदों ने संसद भवन से राष्ट्रपति भवन के लिए मार्च निकाला। हालांकि पुलिस ने उन्हें बीच में ही रोक दिया और हिरासत में ले लिया।

Congress Protest- India TV Hindi
Congress Protest Image Source : INDIA TV

Highlights

  • काले रंग के कपड़े पहन कांग्रेस नेताओं ने जताया विरोध
  • राहुल गांधी को विजय चौक के पास हिरासत में लिया गया
  • प्रियंका गांधी को कांग्रेस मुख्यालय के पास हिरासत में लिया गया

Congress Protest : महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस पार्टी आज सड़कों पर उतरी। कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। पार्टी के प्रदर्शन में शामिल हुए नेताओं ने काले रंग के कपड़े पहन रखे थे। राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस सांसदों ने संसद भवन से राष्ट्रपति भवन के लिए मार्च निकाला। हालांकि पुलिस ने उन्हें बीच में ही रोक दिया और हिरासत में ले लिया।

प्रियंका गांधी को कांग्रेस मुख्यालय के पास हिरासत में लिया गया

कांग्रेस महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ शुक्रवार को राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन कर रही है, जिसके तहत कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्यों एवं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की प्रधानमंत्री आवास का ‘घेराव करने’ की योजना थी। पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता इसी के लिए कांग्रेस मुख्यालय में जमा हुए थे। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी प्रधानमंत्री आवास के घेराव के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ‘24 अकबर रोड’ स्थित कांग्रेस मुख्यालय पहुंचीं, जहां से उन्हें हिरासत में ले लिया गया। हिरासत में लिए जाने से पहले वह कुछ देर तक सड़क पर ही धरने पर बैठ गई थीं। 

देश में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है-राहुल गांधी

संसद भवन से पार्टी सांसदों का मार्च शुरू होने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी इसमें थोड़ी देर के लिए शामिल हुईं। हिरासत में लिए जाने से पहले राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘इस तानाशाह सरकार को डर लग रहा है। भारत के हालत से, कमरतोड़ महंगाई और ऐतिहासिक बेरोजगारी से, अपनी नीतियों से लाई बर्बादी से। जो सच्चाई से डरता है, वो ही आवाज उठाने वालों को धमकाता है!’

लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित किया गया-जयराम रमेश

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट कर कहा, ‘आज एक बार फिर कांग्रेस सांसदों को महंगाई, बेरोजगारी और जीएसटी के खिलाफ प्रदर्शन करने के लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित कर दिया गया। विजय चौक पर हमें पुलिस वैन में भर दिया गया। एक चीज साफ है, जो डरते हैं, वही डराने का प्रयास करते हैं!’ रमेश ने दावा किया, ‘‘पिछले तीन महीनों से जब से कांग्रेस अध्यक्ष ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक ‘भारत जोड़ो’ यात्रा की घोषणा की है, धमकी-जीवी ने कांग्रेस पार्टी एवं हमारे नेताओं के खिलाफ प्रतिशोध और डर की जहरीली राजनीति तेज कर दी है। यह सिर्फ संयोग नहीं है।’’ दिल्ली पुलिस ने नयी दिल्ली जिले में धारा 144 लागू होने का हवाला देते हुए शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में कांग्रेस को प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी।

इनपुट- एजेंसी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत