1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. राहुल गांधी ने महाराष्ट्र चुनाव में धांधली का लगाया आरोप, इलेक्शन कमीशन ने दिया जवाब; जानें क्या कहा?

राहुल गांधी ने महाराष्ट्र चुनाव में धांधली का लगाया आरोप, इलेक्शन कमीशन ने दिया जवाब; जानें क्या कहा?

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jun 07, 2025 05:27 pm IST,  Updated : Jun 07, 2025 11:57 pm IST

राहुल गांधी ने 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में धांधली का आरोप लगाया है। हालांकि अब उनके इस बयान पर चुनाव आयोग ने प्रतिक्रिया दी है। चुनाव आयोग ने राहुल गांधी के आरोपों को खारिज कर दिया है।

राहुल गांधी के आरोपों पर चुनाव आयोग ने दिया जवाब।- India TV Hindi
राहुल गांधी के आरोपों पर चुनाव आयोग ने दिया जवाब। Image Source : PTI/FILE

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों पर हाल ही में की गई टिप्पणी से नया विवाद खड़ा हो गया है। उनके इन आरोपों को भारतीय चुनाव आयोग (ECI) ने पूरी तरह से खारिज कर दिया है। बता दें कि राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि महाराष्ट्र चुनाव "लोकतंत्र में धांधली करने की योजना" का हिस्सा था और यह "मैच फिक्सिंग" बिहार और अन्य राज्यों में भी की जाएगी, जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हार रही है। हालांकि ECI ने इन आरोपों को "निराधार" और "कानून के शासन का अपमान" बताते हुए खारिज कर दिया है।

चुनाव आयोग ने दिया जवाब

चुनाव आयोग ने राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उनके दावों को "बेतुका" और "भ्रामक" बताया। एक बयान में, चुनाव आयोग ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की चिंताओं पर विस्तृत जवाब दिसंबर 2024 से चुनाव आयोग की वेबसाइट पर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध है। चुनाव आयोग ने इस बात पर जोर दिया कि बिना सबूत के आरोप न केवल कानून का अपमान करते हैं, बल्कि निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए अथक परिश्रम करने वाले चुनाव कर्मचारियों का मनोबल भी गिराते हैं। चुनाव आयोग ने कहा, "किसी के द्वारा फैलाई गई कोई भी गलत सूचना न केवल कानून के प्रति अनादर का संकेत है, बल्कि उनके राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त हजारों प्रतिनिधियों की बदनामी भी करती है और लाखों चुनाव कर्मचारियों का मनोबल भी गिराती है।"

राहुल गांधी ने क्या आरोप लगाए?

बता दें कि राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में, चुनाव आयोग पर महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए फर्जी चुनाव कराने का आरोप लगाया। राहुल गांधी के आरोपों में फर्जी मतदाताओं को जोड़ने, मतदान प्रतिशत बढ़ाने, फर्जी मतदान की सुविधा देने और सबूत छिपाने सहित कई कथित अनियमितताओं के बारे में बताया गया। राहुल गांधी ने कहा कि इस तरह की प्रथाएं बिहार जैसे अन्य राज्यों में भी फैलेंगी, जहां आगामी चुनावों में भाजपा को चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।

चुनाव आयोग से पूछे सवाल

चुनाव आयोग के जवाब देने के बाद राहुल गांधी ने एक्स पर एक और पोस्ट किया। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, "प्रिय चुनाव आयोग, आप ​​एक संवैधानिक संस्था हैं। मध्यस्थों को बिना हस्ताक्षर के, टाल-मटोल करने वाले नोट जारी करना गंभीर सवालों का जवाब देने का तरीका नहीं है। अगर आपके पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है, तो मेरे लेख में दिए गए सवालों के जवाब दें और इसे साबित करें:

  • महाराष्ट्र सहित सभी राज्यों के लोकसभा और विधानसभा के सबसे हालिया चुनावों के लिए समेकित, डिजिटल, मशीन-पठनीय मतदाता सूची प्रकाशित करें।
  • महाराष्ट्र के मतदान केंद्रों से शाम 5 बजे के बाद की सभी सीसीटीवी फुटेज जारी करें।"

राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, "टाल-मटोल करने से आपकी विश्वसनीयता सुरक्षित नहीं रहेगी। सच बोलने से आपकी विश्वसनीयता सुरक्षित रहेगी।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत