कर्नाटक में बुधवार को कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं। इससे पहले सिद्धारमैया ने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया था। मंगलवार को डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया की दिल्ली में आलाकमान के साथ बैठक हुई। इस बैठक में मंत्रिमंडल की रूपरेखा पर चर्चा हुई।जानकारी के अनुसार, डीके शिवकुमार की कैबिनेट में कोई भी डिप्टी सीएम नहीं होगा। डीके की इस शर्त को आलाकमान ने मंजूरी दे दी है। दूसरी ओर सिद्धारमैया के हाथ से मुख्यमंत्री का पद तो चला गया लेकिन पार्टी ने अब उन्हें एक अहम जिम्मेदारी दे दी है।
सिद्धारमैया को क्या जिम्मेदारी मिली?
कर्नाटक के मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा देने के बाद सिद्धारमैया को कांग्रेस पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को कांग्रेस कार्यकारी समिति का सदस्य नियुक्त किया है। कांग्रेस पार्टी की ओर से इस फैसले को लेकर नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है।
डीके शिवकुमार का शपथ ग्रहण
डीके शिवकुमार बुधवार को कर्नाटक के सीएम पद की शपथ लेंगे। डीके शिवकुमार के साथ कल 13 विधायक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। सिद्धरामैया के बेटे यतींद्र सिद्धारमैया नई कैबिनेट में मंत्री बन सकते हैं। इसके साथ ही प्रियांक खरगे, केजे जॉर्ज, जी.परमेश्वर, रामलिंग रेड्डी भी कल मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।
कितने मंत्री बन सकते हैं?
कांग्रेस आलाकमान के साथ बैठक के बाद डीके शिवकुमार और सिद्धरमैया मंगलवार की रात बेंगलुरु के लिए रवाना हो गए हैं। जानकरी के अनुसार, शिवकुमार तीन जून को शाम 4 बजकर 5 मिनट पर लोक भवन परिसर में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। कर्नाटक के विधानसभा की स्ट्रेंथ के हिसाब से राज्य में कुल 32 मंत्री बनाए जा सकते हैं। जानकारी के अनुसार, फिलहाल कुछ ही मंत्री शपथ लेंगे, बाकी कैबिनेट विस्तार बाद में होगा। वहीं, के एच मुनियप्पा और एच के पाटिल में से किसी एक नेता को स्पीकर बनाया जा सकता है।
ये भी पढ़ें- VIDEO: सीएम की शपथ से पहले कभी ऐसा जश्न देखा है? कर्नाटक के नेलमंगला में बंटेंगे 10 लाख लड्डू
डीके शिवकुमार कैबिनेट का पहला खाका तैयार, कल CM के साथ ये 10 नेता ले सकते हैं मंत्री पद की शपथ