1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'आप' के विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यालय में हिंसक झड़प, 70 गिरफ्तार

'आप' के विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यालय में हिंसक झड़प, 70 गिरफ्तार

 Edited By: Bhasha
 Published : Dec 21, 2021 07:08 am IST,  Updated : Dec 21, 2021 07:54 am IST

अधिकारियों ने कहा कि गांधीनगर पुलिस ने 500 लोगों की भीड़ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और इतालिया सहित आप के लगभग 70 कार्यकर्ताओं व नेताओं को राज्य भाजपा मुख्यालय 'कमलम' के अंदर हंगामा करने के आरोप में गिरफ्तार किया।

 'आप' के विरोध प्रदर्शन...- India TV Hindi
 'आप' के विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यालय में हिंसक झड़प Image Source : AAP TWITTER

Highlights

  • झड़प के दौरान कई लोग घायल हो गए
  • गांधीनगर पुलिस ने 500 लोगों की भीड़ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की
  • लगभग 70 कार्यकर्ताओं व नेताओं को राज्य भाजपा मुख्यालय 'कमलम' के अंदर हंगामा करने के आरोप में गिरफ्तार किया

अहमदाबाद:  आम आदमी पार्टी (आप) की गुजरात इकाई के प्रमुख गोपाल इतालिया के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता हाल में लिपिक भर्ती परीक्षा का पर्चा लीक होने के मामले पर विरोध दर्ज कराने के लिये सोमवार को भाजपा की राज्य इकाई के मुख्यालय में घुस गए, जहां उनकी भगवा पार्टी के कार्यकर्ताओं से झड़प हो गई। इस दौरान कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने कहा कि गांधीनगर पुलिस ने 500 लोगों की भीड़ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और इतालिया सहित आप के लगभग 70 कार्यकर्ताओं व नेताओं को राज्य भाजपा मुख्यालय 'कमलम' के अंदर हंगामा करने के आरोप में गिरफ्तार किया। इस दौरान पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। उन्होंने कहा कि कुछ पुलिसकर्मियों और भाजपा कार्यकर्ताओं को चोटें आईं हैं।

पुलिस उपाधीक्षक एम.के. राणा ने कहा कि झड़प के बारे में पता चलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया, इतालिया और इसुदान गढ़वी सहित आप के कई कार्यकर्ताओं व नेताओं को हिरासत में ले लिया गया। एक ओर, भाजपा ने आप सदस्यों पर उनके परिसर में हिंसा करने का आरोप लगाया, तो वहीं अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाले दल ने दावा किया कि सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा ने उसके कार्यकर्ताओं पर हमला करने के लिए स्थानीय पुलिस की मदद ली। गुजरात आप के प्रवक्ता योगेश जादवानी ने कहा, ''हम पेपर लीक के बारे में एक ज्ञापन सौंपने के लिए भाजपा कार्यालय गए थे।

हमारा विरोध शांतिपूर्ण था, हालांकि भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों द्वारा आप सदस्यों पर हमला किया गया। हमारे कई कार्यकर्ताओं को गंभीर चोटें आईं। हम अदालत में शिकायत दर्ज करने की योजना बना रहे हैं। '' गांधीनगर जिले के पुलिस अधीक्षक मयूर चावड़ा ने कहा कि भाजपा नेता श्रद्धा राजपूत द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर, इतालिया और गढ़वी सहित 500 लोगों के खिलाफ इंफोसिटी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। एसपी ने कहा, ''प्राथमिकी के अनुसार, लगभग 500 लोगों की भीड़ ने भाजपा कार्यालय के अंदर हंगामा किया।

इनमें से, हम पहले ही 70 को गिरफ्तार कर चुके हैं, जिन्हें दिन में हिरासत में लिया गया था। गिरफ्तार किए गए लोगों में इतालिया, गढ़वी और निखिल सवानी जैसे प्रमुख नेता शामिल है। हिंसा के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों और भाजपा सदस्यों को चोटें आईं।'' इस बीच एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा कि प्रदर्शनकारी समूह में शामिल रहे आप नेता इसुदान गढ़वी पर भाजपा की कुछ महिला कार्यकर्ताओं ने शराब के नशे में उनके साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया, जिसके बाद गढ़वी को मेडिकल जांच के लिए गांधीनगर सिविल अस्पताल ले जाया गया।

गुजरात 'आप' के फेसबुक पेज पर साझा किए गए एक वीडियो में, इतालिया, गढ़वी और अन्य पार्टी कार्यकर्ता पेपर लीक की घटना को लेकर गांधीनगर के पास भाजपा मुख्यालय पर जबरन घुसते नजर आए। वे पेपर लीक मामले को लेकर गुजरात अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (जीएसएसएसबी) के अध्यक्ष असित वोरा के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत