1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'अगर आजम खान का ‘एनकाउंटर’ हुआ तो...', सपा नेता रामगोपाल यादव का बड़ा बयान

'अगर आजम खान का ‘एनकाउंटर’ हुआ तो...', सपा नेता रामगोपाल यादव का बड़ा बयान

 Published : Oct 31, 2023 06:54 am IST,  Updated : Oct 31, 2023 06:54 am IST

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव ने आजम खान द्वारा हाल ही में खुद का एनकाउंटर होने की आशंका को सही ठहराते हुए कहा कि अगर ऐसा हुआ तो कोई कल्पना भी नहीं कर सकता कि देश में क्या होगा।

Ram Gopal Yadav, Ram Gopal Yadav Azam Khan, Azam Khan News- India TV Hindi
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव। Image Source : PTI

इटावा: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रोफेसर राम गोपाल यादव ने सोमवार को कहा कि अगर आजम खान का ‘एनकाउंटर’ हुआ तो देश में क्या होगा, इसकी कल्पना भी नहीं कर सकते हैं। उत्तर प्रदेश के इटावा में सरदार बल्लभ भाई पटेल की स्मृति में आयोजित समारोह में आये राम गोपाल यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री को ऐसे अधिकारियों ने घेरा हुआ है जो लगातार उन्हें गलत सूचनाएं देते हैं। यादव ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश में हो रही सारे के सारे एनकाउंटर ‘फर्जी’ हैं। बता दें कि हाल ही में सपा नेता आजम खान ने आशंका जताई थी कि उनका ‘एनकाउंटर’ किया जा सकता है।

‘आजम खान के साथ काफी अन्याय हुआ है’

आजम खान को लेकर पूछे गये सवाल के जवाब में कहा,'उन्होंने सही कहा है। आजम खान के साथ जितना अन्याय हो रहा है, इतना अन्याय किसी भी राजनीतिक व्यक्ति के साथ नहीं हुआ है। अगर आजम खान का ‘एनकाउंटर’ हुआ तो देश में क्या होगा इसकी कल्पना भी नहीं कर सकते हैं।’ अब्दुल्ला आजम खान के 2 अलग-अलग बर्थ सर्टिफिकेट के मामले में 18 अक्टूबर 2023 को उन्हें, उनकी पत्नी पूर्व सांसद डॉ. तजीन फातिमा और छोटे बेटे अब्दुल्ला आजम को अदालत ने 7-7 साल कैद की सजा सुनाई थी और 50-50 हजार का जुर्माना लगाया था। इसके बाद उन्हें रामपुर जिला जेल भेज दिया गया था।

Ram Gopal Yadav, Ram Gopal Yadav Azam Khan, Azam Khan News
Image Source : PTIपत्नी डॉ. तजीन फातिमा, बेटे अब्दुल्ला के साथ जेल जाते हुए आजम खान।

‘मुख्यमंत्री तक सही सूचनाएं नहीं पहुंच रहीं’
रामपुर के बाद सपा के राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को 22 अक्टूबर को तड़के रामपुर जिला कारागार से क्रमश: सीतापुर और हरदोई की जेल भेज दिया गया। रामपुर जेल से निकलते समय आजम खान ने आशंका जताते हुए कहा था, ‘हमारा ‘एनकाउंटर’ भी किया जा सकता है।’ राम गोपाल यादव ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को पूरी तरह से चौपट करार देते हुए कहा,' मुख्यमंत्री को जो अधिकारी घेरे हुए हैं वो लगातार उन्हें गलत सूचनाएं देते हैं, उनको असलियत तक जाने ही नहीं देते हैं। प्रदेश मे जितनी भी मुठभेड़ें हो रही हैं, सभी फर्जी हैं।'

अखिलेश की PDA साइकिल यात्रा पर भी बोले
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव द्वारा PDA साइकिल यात्रा के बारे में पूछे जाने पर यादव ने कहा कि अखिलेश यादव द्वारा PDA साइकिल यात्रा निकालने का मकसद BJP की कमजोरियों को जनता के सामने लाकर उन्हें उसकी गलत नीतियों से रूबरू कराना और जनहित की अपनी योजना उनके बीच रख कर विपक्षी 'I.N.D.I.A.' गठबंधन को मजबूत करना है। हालांकि हाल के कुछ दिनों में मथ्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में टिकट बंटवारे को लेकर अखिलेश यादव और कांग्रेस नेताओं के बीच काफी तल्ख बयानबाजी देखने को मिली है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत