1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'भारत अब आतंकी हमलों के बाद चुप नहीं रहता बल्कि...', PM मोदी ने दुनिया को दिया बड़ा संदेश

'भारत अब आतंकी हमलों के बाद चुप नहीं रहता बल्कि...', PM मोदी ने दुनिया को दिया बड़ा संदेश

 Published : Oct 17, 2025 10:51 pm IST,  Updated : Oct 17, 2025 10:51 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत अब आतंकी हमलों के बाद चुप नहीं रहता, बल्कि सर्जिकल और एयर स्ट्राइक जैसे जवाब देता है। उन्होंने कहा कि भारत अब मजबूरी में नहीं, दृढ़ विश्वास से सुधार करता है और वैश्विक चुनौतियों के बावजूद शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है।

Narendra Modi, PM Modi on terrorism, India surgical strike response- India TV Hindi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। Image Source : PTI

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत अब आतंकवादी हमलों के बाद चुप नहीं रहता बल्कि मुंहतोड़ जवाब देता है। उन्होंने साथ ही कहा कि भारत अब पुरानी सोच और मजबूरी से बाहर निकलकर दृढ़ विश्वास के साथ सुधारों की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार को नई दिल्ली में ‘एनडीटीवी वर्ल्ड समिट’ को संबोधित करते हुए उन्होंने देश की प्रगति और आत्मविश्वास को रेखांकित किया। पीएम ने कहा कि भारत ने हर चुनौती को अवसर में बदला है और आज यह दुनिया की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।

'मजबूरी से दृढ़ता तक का सफर'

प्रधानमंत्री ने कहा, 'पूर्व की सरकारें मजबूरी में सुधार करती थीं, अब हम उन्हें दृढ़ विश्वास के साथ करते हैं। अनजान दौर दुनिया के लिए अनिश्चित हो सकता है, लेकिन भारत के लिए यह अवसर है क्योंकि वह (भारत) हमेशा जोखिमों को सुधारों में बदलता रहा है। लेकिन हमने हर सुधार को दृढ़ता में और हर दृढ़ता को क्रांति में बदल दिया है।' मोदी ने भारत की बदलती सुरक्षा नीति पर जोर देते हुए कहा कि अब देश आतंकवाद के खिलाफ चुप नहीं रहता। उन्होंने कहा, 'भारत अब आतंकवादी हमलों के बाद चुप नहीं रहता बल्कि हवाई हमलों, सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के जरिए मुंहतोड़ जवाब देता है।'

'चुनौतियों के बावजूद शानदार प्रदर्शन'

प्रधानमंत्री ने भारत की आर्थिक प्रगति पर गर्व जताते हुए कहा कि देश ने वैश्विक चुनौतियों के बावजूद शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा, 'जब युद्ध विश्व स्तर पर सुर्खियां बन गए, तब भारत ने सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में आगे बढ़ते हुए आलोचकों को गलत साबित कर दिया। आज भारत कमजोर 5 अर्थव्यवस्थाओं (फ्रेजाइल 5) से निकलकर दुनिया की शीर्ष 5 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है।'

'भारत की चर्चा बहुत स्वाभाविक है'

PM मोदी ने भारत की अडिग प्रगति को ‘अनस्टॉपेबल’ करार देते हुए कहा, 'आज जब दुनिया में भांति-भांति के ‘रोड ब्लॉक’ हैं, ‘स्पीड ब्रेकर’ हैं, तब ‘अनस्टॉपेबल’ भारत की चर्चा बहुत स्वाभाविक है। हम न रुकेंगे और न ही थमेंगे। एक सौ चालीस करोड़ भारतीय पूरी गति के साथ एक साथ आगे बढ़ेंगे।' प्रधानमंत्री ने भारत की आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए कहा, 'चिप से लेकर शिप तक, भारत हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर और आत्मविश्वास से भरा हुआ है।'

'लोग भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं'

PM मोदी ने देश की जनता को सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा, 'लोग भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं और जब सरकार का कोई दबाव या हस्तक्षेप नहीं होता तो वे बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।' उन्होंने डिजिटल वित्तीय ढांचे में भारत की सफलता का भी जिक्र किया और कहा, 'भारत ने डिजिटल वित्तीय बुनियादी ढांचे के मामले में सबको गलत साबित कर दिया है। दुनिया भारत को भरोसेमंद, जिम्मेदार, मजबूत सहयोगी और अवसरों की धरती के तौर पर देखती है।' प्रधानमंत्री ने भारत की वैश्विक साख को रेखांकित करते हुए कहा कि आज दुनिया भारत को अवसरों की भूमि के रूप में देखती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत