1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कर्नाटक के मंत्रिमंडल में होने वाला है बदलाव? जानें डिप्टी CM शिवकुमार ने क्या कहा

कर्नाटक के मंत्रिमंडल में होने वाला है बदलाव? जानें डिप्टी CM शिवकुमार ने क्या कहा

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Oct 26, 2025 05:11 pm IST,  Updated : Oct 26, 2025 05:11 pm IST

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पूछे गए सवालों का जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि वह इस बारे में सीएम से बात करेंगे। बता दें कि सीएम ने मंत्रिमंडल में फेरबदल के संकेत दिए थे।

डी के शिवकुमार।- India TV Hindi
डी के शिवकुमार। Image Source : PTI/FILE

बेंगलुरु: कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर बयान दिया है। उन्होंने रविवार को कहा कि वह नई दिल्ली आते-जाते रहते हैं। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल में फेरबदल के बारे में मुख्यमंत्री सिद्धरमैया वह बात करेंगे। बता दें कि इससे पहले सिद्धरमैया ने शनिवार को संकेत दिया कि मंत्रिमंडल में फेरबदल नवंबर के बाद होगा, जब उनकी सरकार ढाई साल पूरे कर लेगी। डीके शिवकुमार ने दिल्ली रवाना होने से पहले कहा, ‘‘मैं नियमित रूप से वहां (नई दिल्ली) जाता हूं। जब भी काम होता है, मैं वहां जाता हूं। मैं आलाकमान से मिलने, आराम के लिये, खरीदारी करने और अदालती मामलों के लिए भी वहां जाता हूं।’’ 

मेट्रो रेल नेटवर्क का करना है विस्तार

वहीं बेंगलुरु की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के बारे में डीके शिवकुमार ने कहा, ‘‘हमें मेट्रो रेल नेटवर्क का विस्तार करना है। केंद्र परियोजना की कुल लागत का केवल 13 से 14 प्रतिशत ही देगा। बाकी सब कुछ हम वहन करेंगे। फिर भी हम यह काम कर रहे हैं। हम अपना काम करेंगे।’’ नागरिक हितधारकों के साथ बातचीत पर शिवकुमार ने कहा, ‘‘मैंने मोहनदास पई और किरण मजूमदार शॉ से मुलाकात की। मैंने उनकी राय ली। हम उन्हें सिर्फ इसलिए नहीं छोड़ सकते क्योंकि वे हमारी आलोचना करते हैं। वे बेंगलुरु का हिस्सा हैं। उन्होंने कुछ अच्छे सुझाव दिए हैं। हमें उन्हें लोकतांत्रिक और नौकरशाही व्यवस्था के भीतर पूरा करना होगा। वे करदाता हैं। हमें उनकी बात सुननी होगी।’’ 

तेजस्वी सूर्या से करेंगे बात

सुरंग सड़क परियोजना के विरोध का जिक्र करते हुए उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा, ‘‘सुरंग सड़क का विरोध कोई और नहीं बल्कि तेजस्वी सूर्या कर रहे हैं। उन्होंने मुझसे मुलाकात का समय मांगा है। मैंने उन्हें मुलाकात के लिए समय दिया है। वह एक जनप्रतिनिधि हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें आकर चर्चा करने दीजिए। आलोचना करना महत्वपूर्ण नहीं है - उन्हें ऐसा करने दीजिए - लेकिन साथ ही उन्हें समाधान भी सुझाना चाहिए। जब ​​वे स्पष्ट रूप से ‘नहीं’ कहते हैं, तो उन्हें समाधान भी बताना चाहिए। यदि उनका सुझाव व्यावहारिक है, तो हम उस पर विचार करेंगे।’’ (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

ट्रेन से प्लेटफार्म पर गिरा शख्स, बचाने के लिए कूद गईं दो बेटियां; सामने आया CCTV

बिहार चुनाव के बीच बड़ी खबर! BJP सांसद से बदमाशों ने मांगी 10 करोड़ की रंगदारी, बेटे को जान से मारने की धमकी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत