तिरुवनंतपुरम: केरलम के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने बुधवार को यूडीएफ सरकार में मंत्रियों को विभागों का बंटवारा किया। उन्होंने वित्त, कानून, सामान्य प्रशासन और बंदरगाह जैसे प्रमुख विभाग अपने पास ही रखे हैं। नई कैबिनेट में वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला को गृह और सतर्कता जैसे महत्वपूर्ण विभागों के साथ-साथ तीन अन्य विभाग भी सौंपे गए हैं।
कुन्हालीकुट्टी के पास 7 विभाग, सन्नी जोसेफ़ बने बिजली मंत्री
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के नेता पी के कुन्हालीकुट्टी उद्योग और वाणिज्य, सूचना प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्टार्टअप, खनन एवं भूविज्ञान और हथकरघा एवं वस्त्र विभाग की देखरेख करेंगे। केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के प्रमुख सनी जोसेफ को बिजली, पर्यावरण और संसदीय मामलों का प्रभार दिया गया है, जबकि पार्टी के वरिष्ठ नेता के.मुरलीधरन स्वास्थ्य, देवस्वोम, खाद्य सुरक्षा और चिकित्सा शिक्षा सहित सात विभागों का नेतृत्व करेंगे। इनके अलावा, रोजी एम.जॉन उच्च शिक्षा विभाग संभालेंगे, ए पी अनिल कुमार भूमि और राजस्व विभाग के प्रमुख होंगे और एन.शम्सुद्दीन सामान्य शिक्षा मंत्री होंगे।
रेवॉल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी और केरल कांग्रेस को मिला ये विभाग
लोक भवन ने बताया कि रेवॉल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) के विधायक शिबू बेबी जॉन को वन एवं वन्यजीव संरक्षण और कौशल विकास विभाग सौंपा गया है, जबकि केरल कांग्रेस (जोसेफ) कोटे के मंत्री मोन जोसेफ को सिंचाई, भूजल, जल आपूर्ति, स्वच्छता एवं आवास विभाग दिया गया है।
केरलम कैबिनेट के विभागों की पूरी सूची
- वी. डी. सतीशन: वित्त, कानून, सामान्य प्रशासन, बंदरगाह और 31 अन्य विभाग
- रमेश चेन्निथला: गृह, सतर्कता और तीन अन्य विभाग
- पी. के. कुन्हालीकुट्टी: उद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी, वस्त्र और चार अन्य विभाग
- सनी जोसेफ: बिजली और पर्यावरण
- के. मुरलीधरन: स्वास्थ्य और देवस्वम
- रोजी एम. जॉन: उच्च शिक्षा
- ए. पी. अनिल कुमार: भूमि और राजस्व
18 मई को हुआ था शपथग्रहण
केरलम के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने मंत्रिमंडल आवंटन संबंधी मुख्यमंत्री वी डी सतीशन की सिफारिशों को मंजूरी दे दी है। सीएम सतीशन के अलावा मंत्रिमंडल सहयोगियों ने 18 मई को शपथ ग्रहण की थी।
धर्मनिरपेक्ष रुख पर कोई समझौता नहीं होगा: सतीशन
केरलम के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के धर्मनिरपेक्ष रुख पर कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने यह भी कहा कि यूडीएफ सांप्रदायिकता का कड़ा विरोध करेगा। मंत्रिमंडल की बैठक के बाद यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सतीशन ने कहा कि उनके और यूडीएफ द्वारा अपनाए गये धर्मनिरपेक्ष रुख में कोई बदलाव नहीं आया है। उन्होंने कहा, ''यह एक बेहद मजबूत धर्मनिरपेक्ष रुख है। जो भी सांप्रदायिकता की भाषा बोलेगा, उसका कड़ा विरोध किया जाएगा। यह यूडीएफ का दृढ़ धर्मनिरपेक्ष रुख है। इस पर कोई समझौता नहीं हो सकता।'
ये भी पढ़ेंः केरल में सत्ता बदलते ही बड़ा फैसला, सरकार सिल्वरलाइन हाई-स्पीड रेल परियोजना को रद्द करेगी, CM सतीशन ने दी जानकारी
कर्नाटक में CM बदलने की अटकलें फिर से तेज, उर्जा मंत्री के घर पर हुई थी बैठक