1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कांग्रेस की नई लिस्ट जारी, अमेठी-रायबरेली पर सस्पेंस, 4 सीटों पर कैंडिडेट्स का ऐलान

कांग्रेस की नई लिस्ट जारी, अमेठी-रायबरेली पर सस्पेंस, 4 सीटों पर कैंडिडेट्स का ऐलान

 Edited By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : Apr 30, 2024 08:42 pm IST,  Updated : May 01, 2024 06:23 am IST

लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपने चार उम्मीदवारों की एक और सूची जारी कर दी है। राज बब्बर को गुड़गांव से और कांगड़ा से आनंद शर्मा को कैंडिडेट बनाया गया है। जानिए और कौन हैं उम्मीदवार?

congress new list- India TV Hindi
कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की नई लिस्ट Image Source : FILE PHOTO

लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपने चार उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। कांग्रेस ने हरियाणा के गुड़गांव सीट से राज बब्बर को उम्मीदवार बनाया है। हिमाचल प्रदेश की कांगड़ा सीट से आनंद शर्मा को चुनाव मैदान में उतारा गया है तो वहीं हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर सीट से सतपाल रायजादा को उम्मीदवार बनाया गया है और महाराष्ट्र की मुंबई नॉर्थ सीट से भूषण पाटिल कैंडिडेट घोषित किए गए हैं।राज बब्बर और भूषण पाटिल तो लोकसभा चुनाव लड़ते रहे हैं लेकिन कांग्रेस नेता आनंद शर्मा और सतपाल रायजादा, ये दोनों पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। आनंद शर्मा हिमाचल प्रदेश की राज्यसभा सीट से संसद का रास्ता तय करते रहे हैं और वह यूपीए सरकार में वाणिज्य मंत्री भी रह चुके हैं।

आनंद शर्मा और सतपाल के लिए कड़ी है चुनौती

आनंद शर्मा पहली बार लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी डॉक्टर राजीव भारद्वाज के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरेंगे। राजीव भारद्वाज और आनंद शर्मा दोनों ही ब्राह्मण समुदाय से संबंध रखते हैं। एक और खास बात ये है कि आनंद शर्मा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के भी बेहद करीबी माने जाते हैं। 

दूसरी तरफ केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के सामने भी एक राजपूत चेहरे को कांग्रेस ने चुनावी रण में उतारा है। साल 2017 में ऊना सदर विधानसभा क्षेत्र से विधायक बने सतपाल रायजादा को हमीरपुर से कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी बनाया है। साल 2022 में सतपाल रायजादा भाजपा के सतपाल सिंह सत्ती से चुनाव हार गए थे। सतपाल सिंह रायजादा भी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के करीबी नेताओं में शामिल हैं। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से अनुराग ठाकुर लगातार चार बार चुनाव जीत चुके हैं, यह सीट कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती वाली सीट है और रायजादा के लिए भी। 

अमेठी और रायबरेली पर सस्पेंस बरकरार

इस बात को लेकर चर्चा जोरों पर थी कि कांग्रेस ने रायबरेली और अमेठी के लिए नाम तय कर लिए हैं। कांग्रेस की अमेठी इकाई ने मंगलवार को भी विरोध प्रदर्शन किया और मांग की कि एक उम्मीदवार घोषित किया जाए और वह व्यक्ति "गांधी परिवार" से हो, लेकिन ऐसा लगता है कि निर्णय फिलहाल टाल दिया गया है। दोनों सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख तीन मई है और दोनों सीटों पर मतदान 20 मई को होगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत