नई दिल्लीः लोकसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रचार जोरों पर हैं। पीएम मोदी की आज तीन रैलियां हैं। सबसे पहले पीएम मोदी पीलीभीत में रैली को संबोधित किए। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी मध्य प्रदेश में हैं। इस लाइव ब्लॉग में हम आपको लोकसभा चुनाव से जुड़ा ताजा अपडेट देंगे।
विपक्षी गठबंधन ‘I.N.D.I.A.’ से जुड़े दलों के नेताओं ने लोकसभा चुनाव के लिए मंगलवार को गोवा में अपना अभियान शुरू किया और बीजेपी पर लोगों को धार्मिक और जाति के आधार पर बांटने की कोशिश करने का आरोप लगाया। इस तटीय राज्य में लोकसभा की दो सीट - उत्तर गोवा और दक्षिण गोवा - हैं। दोनों सीट पर तीसरे चरण में 7 मई को मतदान होगा। INDI अलायंस के नेताओं ने दो जिलों में शहीदों के स्मारकों पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद चुनावी अभियान की शुरुआत की। इस दौरान गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित पाटकर, आम आदमी पार्टी की गोवा इकाई के प्रमुख अमित पालेकर, विपक्ष के नेता यूरी अलेमाओ, विधायक अल्टोन डी कोस्टा, कार्लोस फरेरा और क्रूज सिल्वा मौजूद थे।
गोवा फॉरवर्ड पार्टी (GFP) के महासचिव दुर्गादास कामत, NCP (SP) के प्रदेश अध्यक्ष जोस फिलिप डिसूजा और शिवसेना (UBT) के गोवा प्रमुख जितेश कामत चुनाव अभियान में शामिल हुए। INDI अलायंस के उम्मीदवार रमाकांत खलप (उत्तर गोवा) और वी. फर्नांडिस (दक्षिण गोवा) ने भी प्रचार में हिस्सा लिया। दोनों उम्मीदवार कांग्रेस नेता हैं। कांग्रेस नेता पाटकर ने एक सभा को संबोधित करते हुए उत्तर गोवा के भाजपा सांसद श्रीपद नाइक पर क्षेत्र की अनदेखी करने का आरोप लगाया और दावा किया कि वह निर्वाचन क्षेत्र को 15 साल पीछे ले गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के ‘‘निराशाजनक प्रदर्शन’’ को देखते हुए मतदाता ‘इंडिया’ गठबंधन के साथ खड़े रहेंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तमिलनाडु में 19 अप्रैल को होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले मंगलवार को चेन्नई के टी. नगर इलाके में एक रोड शो किया। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई और दक्षिण चेन्नई, मध्य चेन्नई और उत्तरी चेन्नई के भाजपा उम्मीदवार भी प्रधानमंत्री के साथ रहे। भाजपा ने तमिलिसाई सौंदरराजन को दक्षिण चेन्नई से, जबकि विनोज पी. सेल्वम और आर. सी. पॉल कनगराज को क्रमशः मध्य चेन्नई और उत्तरी चेन्नई से मैदान में उतारा है। एक सजी हुई कार के ऊपर खड़े होकर प्रधानमंत्री ने सड़क के दोनों ओर कतार में खड़े अपने समर्थकों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। उत्साही समर्थकों ने मोदी पर फूलों की वर्षा की और लोगों ने उनके स्वागत में नारे लगाए।
आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल के खिलाफ पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पास शिकायत दर्ज कराई। शिकायत चुनाव प्रचार के संबंध में निर्देशों का उल्लंघन करने को लेकर की गई है। राज्य वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने ये शिकायत दर्ज कराई है। भारतीय निर्वाचन आयोग और मुख्य चुनाव अधिकारी को लिखे एक पत्र में उन्होंने कहा, 'सुखबीर बादल ने अपने चुनावी अभियान 'पंजाब बचाओ यात्रा' के दौरान अपने अभियान के लिए एक बच्चे का इस्तेमाल किया।' पत्र के अनुसार, 6 अप्रैल को सुखबीर बादल ने रायकोट में अपनी 'पंजाब बचाओ यात्रा' के दौरान एक बच्चे से 'शिरोमणि अकाली दल' जिंदाबाद' और अकाली दल को वोट दें के नारे लगवाकर चुनाव आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन किया। पार्टी ने घटना का वीडियो सबूत भी सौंपा है।
कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के प्रवक्ता राजू वाघमारे ने मंगलवार को पार्टी छोड़ दी और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना में शामिल हो गए। वह ठाणे में आनंद आश्रम में एक कार्यक्रम में शिंदे नीत पार्टी में शामिल हुए। यह भवन शिवसेना के दिवंगत नेता आनंद दिघे का आवास-सह-कार्यालय हुआ करता था। शिंदे ने इस अवसर पर कहा कि वाघमारे के अनुभव से शिवसेना को लाभ मिलेगा। उन्होंने घोषणा की कि वाघमारे शिवसेना के उप नेता एवं प्रवक्ता होंगे। वाघमारे ने संवाददाताओं से बात करते हुए दावा किया कि महा विकास आघाडी के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे पर वार्ता के दौरान सांगली और भिवंडी लोकसभा सीट पर कांग्रेस के मजबूत दावेदारी करने में नाकाम रहने के कारण पार्टी कार्यकर्ताओं में भ्रम की स्थिति पैदा हुई।
लोकप्रिय समता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वसीम नैयर अंसारी, प्रदेश अध्यक्ष धीरू शर्मा एवं पार्टी के पदाधिकारियों ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एनडीए को समर्थन देने का ऐलान किया। बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी एवं बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्रियों की मौजूदगी में लोकप्रिय समता पार्टी ने पहले चरण के लोकसभा चुनाव (गया, नवादा, औरंगाबाद एवं जमुई) में एनडीए गठबंधन को समर्थन करने का ऐलान किया। इस मौके पर एनडीए घटक दलों के कई नेता मौजूद थे।
EC ने मंगलवार को केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) को केंद्रीय मंत्री और तिरुवनंतपुरम से भाजपा उम्मीदवार राजीव चंद्रशेखर द्वारा प्रस्तुत हलफनामे में घोषित संपत्तियों की जांच का निर्देश दिया। यह कार्रवाई कांग्रेस द्वारा चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराने के बाद की गई। इसमें चंद्रशेखर द्वारा दायर हलफनामे में वास्तविक और घोषित संपत्ति में बेमेल होने का आरोप लगाया गया है। कानून के मुताबिक, नामांकन पत्र या हलफनामे में कोई भी जानकारी छुपाने पर छह महीने तक की कैद या जुर्माना या दोनों हो सकते हैं।
असम के लखीमपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आपको 19 अप्रैल को तय करना होगा कि आपका सांसद कौन होगा, कौन सी पार्टी सरकार बनाएगी और अगला प्रधानमंत्री कौन होगा। आपके सामने दो विकल्प हैं एक तरफ राहुल गांधी के नेतृत्व में INDI गठबंधन है और दूसरी तरफ नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा है।
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि हमें भाजपा के लोगों को सफाई नहीं देनी, हम सबका सम्मान करते हैं। हम बिहार की जनता की खुशहाली चाहते हैं। प्रधानमंत्री और भाजपा के लोग बिहार के आगामी नतीजों से डरे हुए हैं। तेजस्वी यादव ने कहा, "चुनाव में सब लोग आते हैं, उन्हें(प्रधानमंत्री मोदी) भी आने दीजिए...जो स्थिति है, वे 365 दिन भी आएंगे तो भी उनकी हार तय है...भाजपा के लोग सबसे ज्यादा बिहार से डरे हुए हैं...प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री आएं लेकिन उनसे हाथ जोड़कर निवेदन है कि मुद्दें की बात करें..."
पौडी गढ़वाल में आयोजित रैली में लोगों को संबोधित करते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, "देश की इतनी पुरानी पार्टी, इतने सालों तक देश पर राज करने वाली कांग्रेस पार्टी की हालत क्या हो गई है...उनके पास कोई विजन ही नहीं है...कांग्रेस कहती है कि हम मुस्लिम पर्सनल लॉ का नियम लागू करेंगे...सत्ता इनको मिल नहीं सकती इनका मिशन अपना अस्तित्व बचाने का है...जब भी इनको सत्ता में आने का मौका मिला है इन्होंने अपनी तिजोरियां भरने के अलावा कोई काम नहीं किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "सारी दुनिया की मुश्किलों के बीच भारत ये दिखा रहा है कि उसके लिए कुछ भी असंभव नहीं है। भारत जब दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती आर्थिक ताकत बना तो आपको गर्व हुआ...हमारे चंद्रयान ने जब चांद पर तिरंगा फहराया तब आपको गर्व हुआ...भारत में हुए जी-20 सम्मेलन की पूरे विश्व में प्रशंसा हुई...कभी कांग्रेस सरकारें दुनिया से मदद मांगती थी। लेकिन कोविड में भारत ने पूरी दुनिया में वैक्सीन और दवाइयां भेजी ये सुनकर आपको गर्व हुआ...विश्व में कहीं भी युद्ध का संकट आया हम वहां से एक-एक भारतीय को सुरक्षित वापस लाए....जब देश मज़बूत होता है तो दुनिया उसकी सुनती है।
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार ने दिखा दिया कि भारत किसी से कम नहीं है...जब नीयत सही होती है और हौसले बुलंद होते हैं तब नतीजे भी सही मिलते हैं। आज हम चारों तरफ विकसित भारत का निर्माण होते देख रहे हैं। कहीं चार,छह और आठ लेन के हाइवे बन रहे हैं, कहीं वंदे भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेन चल रही हैं...पुरानी सरकारों दे दौरान जो फैक्ट्रियां यहां बंद हो गई थी उन्हें भी नई ऊर्जा मिली है।
रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जब नीयत सही होती है, हौसले बुलंद होते हैं, तो नतीजे भी सही मिलते हैं। आज हम चारों तरफ विकसित भारत का निर्माण होते हुए देख रहे हैं। सारी दुनिया की मुश्किलों के बीच भारत आज दिखा रहा है कि उसके लिए कुछ भी असंभव नहीं है। कभी कांग्रेस सरकारें दुनिया से मदद मांगती थीं, लेकिन कोरोना के महासंकट में भारत ने पूरी दुनिया में दवाइयां और वैक्सीन भेजी। दुनिया में कहीं भी युद्ध का संकट आया, हम एक-एक भारतीय को सुरक्षित वापस लाए। अफगानिस्तान से गुरु ग्रंथ साहिब के ग्रंथों को पूरी श्रद्धा से भारत लाए और ये सब आपके एक वोट की ताकत से हुआ है।
पीएम मोदी उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। पीएम मोदी ने सबसे नवरात्रि और हिंदू नववर्ष की बधाई और शुभकामनाएं दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पीलीभीत पहुंच गए हैं। वे थोड़ी देर में रैली को संबोधित करेंगे। रैली में सीएम योगी समेत कई मंत्री और बीजेपी नेता मौजूद रहेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पीलीभीत में थोड़ी देर में होने वाली रैली में सांसद वरुण गांधी शामिल नहीं होंगे। वरुण गांधी टिकट कटने से नाराज बताए जा रहे हैं। वह यहां से मौजूदा सांसद हैं।
सूत्रों के अनुसार, महाविकास अघाड़ी के बीच 22-16-10 का सीट बंटवारे का फार्मूला निकाला गया है। शिवसेना(UBT) - 22 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है इनमें से 21 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान हो चुका है। वहीं कांग्रेस - 16 सीटों पर लड़ सकती है। 13 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान हो चुका है। एनसीपी(SP) - 10 पर लड़ सकती है। इनमें से 7 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान हो चुका है।
मध्य प्रदेश में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने उमरिया में जंगल में महुआ चुन रही आदिवासी महिलाओं से मुलाकात की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी रविवार को कर्नाटक के मंगलूरु में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश ईकाई के एक नेता ने मंगलवार को यह जानकारी दी। भाजपा के प्रदेश महासचिव एवं विधायक वी.सुनील कुमार ने बताया कि राज्य में 26 अप्रैल को होने वाले पहले चरण के लोकसभा चुनाव में प्रचार अभियान को गति देने के लिए मोदी 14 अप्रैल को मंगलूरु पहुंचेंगे और यहां एक चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को दोपहर तीन बजे मंगलूरु शहर के कुलूर में गोल्ड फिंच सिटी मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि बाद में वह शाम पांच बजे राज्य की राजधानी के लिए रवाना हो जाएंगे जहां वह बेंगलूरु उत्तर लोकसभा क्षेत्र के अश्वथ नगर सर्कल से जक्कुर एयरोड्रोम तक निकाले जाने वाले 12 किलोमीटर लंबे रोड शो में हिस्सा लेंगे।
बीजेपी के '400 पार' नारे पर जयराम रमेश का कहना है- "2017 के गुजरात चुनाव में बीजेपी का नारा था '150 पार', सीटें 99 हासिल हुईं. 2018 के छत्तीसगढ़ चुनाव में यह नारा था '50 पार' था, और सीटें मिलीं 15...2019 के झारखंड विधानसभा चुनाव में नारा था '65 पार।
भाजपा नेता मनोज तिवारी ने कहा कि कांग्रेस के घोषणापत्र ने देश के लोगों को सन्न कर दिया है। क्योंकि कांग्रेस के घोषणापत्र में पूरी मुस्लिम लीग की छाया है। आज कांग्रेस ने कह दिया है कि अगर हम आएंगे तो हम मुस्लिम पर्सनल लॉ लागू करेंगे।
आज सबसे पहले पीएम उत्तर प्रदेश के पीलीभीत सीट पर प्रचार करने पहुंचेंगे। यहां पीएम मोदी के मंच पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी होंगें। दोपहर तीन बजे पीएम मध्य प्रदेश के बालाघाट में जनसभा करेंगे। वहीं शाम 6 बजे पीएम मोदी तमिलनाडु में होंगे...जहां वो चेन्नई में मेगा रोड शे करने वाले हैं....रोड शो के बाद पीएम मोदी आज रात को चेन्नई राजभवन में ही रूकेगें।
लोकसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है। चुनाव में इस्तेमाल होने वाले पोस्टर-बैनर समेत अन्य सामानों का उत्पादन जोरों पर है।
कांग्रेस के घोषणापत्र पर पूर्व कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा, "कांग्रेस का घोषणा पत्र देखकर लगता है कि ये महात्मा गांधी की कांग्रेस नहीं जिन्ना की कांग्रेस है। ये घोषणापत्र मल्लिकार्जुन खरगे का घोषणा पत्र नहीं जिन्ना का घोषणापत्र लगता है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नक्सल प्रभावित मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में एक चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। बालाघाट में प्रधानमंत्री की सभा दोपहर करीब दो बजकर 30 मिनट पर शुरू होगी।
संपादक की पसंद