1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. Lok Sabha Elections 2024 : अमेठी और रायबरेली से कौन लड़ेगा चुनाव? एके एंटनी ने दिये ये संकेत

Lok Sabha Elections 2024 : अमेठी और रायबरेली से कौन लड़ेगा चुनाव? एके एंटनी ने दिये ये संकेत

 Published : Apr 11, 2024 02:15 pm IST,  Updated : Apr 11, 2024 02:17 pm IST

देश के पूर्व रक्षा मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एके एंटनी का कहना कि अमेठी और रायबरेली की सीट पर गांधी परिवार का एक सदस्य चुनाव लड़ सकता है

AK Antony- India TV Hindi
एके एंटनी, कांग्रेस नेता Image Source : FILE

 तिरुवनंतपुरम: उत्तर प्रदेश में अमेठी और रायबरेली सीट पर उम्मीदवार को लेकर लोगों की उत्सुकता बढ़ी हुई है। दोनों कांग्रेस की परंपरागत सीट रही है और इन्हें कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। पिछले चुनाव में राहुल गांधी को अमेठी सीट से हार का सामना करना पड़ा था जबकि रायबरेली सीट पर सोनिया गांधी ने जीत हासिल की थी। लेकिन अब सोनिया गांधी के राज्यसभा जाने के बाद इस सीट पर प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हैं। वहीं कांग्रेस के सीनियर नेता एके एंटनी का कहना है कि फैसले का इंतजार करें,अटकलें न लगाएं। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार का एक सदस्य उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ेगा।

क्या रॉबर्ट वाड्रा उम्मीदवार होंगे?

एंटनी से जब यह सवाल किया गया कि क्या रॉबर्ट वाड्रा उम्मीदवार होंगे, तो उन्होंने यह भी संकेत दिया कि ऐसा नहीं होगा। पूर्व रक्षा मंत्री ने कहा कि देश की धर्मनिरपेक्ष पार्टियों को गांधी परिवार पर पूरा भरोसा है। एंटनी का यह बयान कभी गांधी परिवार का गढ़ माने जाने वाले रायबरेली और अमेठी के लिए कांग्रेस की ओर से उम्मीदवारों की घोषणा में देरी के बीच आया है। राय बरेली और अमेठी की सीट को लेकर अभी तक कांग्रेस में असमंजस बरकरार है। दोनों सीटों पर पांचवें चरण में 20 मई को वोटिंग होगी। 26 अप्रैल से 3 मई तक नामांकन भरे जाएंगे।

प्रियंका गांधी लड़ सकती हैं चुनाव

2004 से सोनिया गांधी रायबरेली सीट का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। लेकिन इस बार राज्यसभा का सदस्य चुन लिए जाने के बाद यह सीट खाली है। वहीं राहुल गांधी ने वायनाड से नामांकन दाखिल कर दिया है। वे पिछला चुनाव अमेठी से हार गए थे। सोनिया गांधी द्वारा रायबरेली की सीट खाली करने के बाद ऐसी अटकलें थीं कि प्रियंका गांधी यहां से चुनाव लड़ सकती हैं। लेकिन अभी तक पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक सूचना नहीं। (इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत