1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. निशिकांत दुबे संसद में ऐसा क्या बोल गए जो माफी मांगने को कह रही कांग्रेस, जानिए पूरा मामला

निशिकांत दुबे संसद में ऐसा क्या बोल गए जो माफी मांगने को कह रही कांग्रेस, जानिए पूरा मामला

 Reported By: Vijai Laxmi, Edited By: Shakti Singh
 Published : Dec 05, 2024 02:45 pm IST,  Updated : Dec 05, 2024 02:45 pm IST

निशिकांत दुबे ने संसद के शून्यकाल में विपक्षी दलों को घेरने का प्रयास करते हुए विदेशी फंडिंग लेने और सरकार को अस्थिर करने की कोशिश के आरोप लगाए। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी से 10 सवाल भी पूछे। अब कांग्रेस ने तय किया है कि उन पर माफी मांगने के लिए दबाव बनाएगी।

Nishikant dubey- India TV Hindi
लोकसभा में निशिकांत दुबे Image Source : PTI

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे की बयानबाजी पर बवाल मचा हुआ है। सूत्रों के अनुसार गुरुवार को संसद के स्थगित होने के बाद कांग्रेस ने तय किया है कि पार्टी निशिकांत दुबे पर माफी मांगने का दबाव बनाएगी। दुबे ने संसद के शून्यकाल में कांग्रेस सहित विपक्षी दलों को घेरने की कोशिश की थी और कई गंभीर आरोप लगाए थे। इसी वजह से कांग्रेस पार्टी चाहती है कि दुबे अपने बयान के लिए माफी मांगें।

निशिकांत दुबे ने गुरुवार को लोकसभा में कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर विदेशी संगठनों और लोगों के माध्यम से देश की संसद, सरकार और अर्थव्यवस्था को अस्थिर करने की कोशिश का आरोप लगाया। दुबे ने लोकसभा में शून्यकाल में कांग्रेस को घेरने का प्रयास करते हुए नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से पूछने के लिए कुछ सवाल उठाए जिसके बाद विपक्षी सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया और दोनों पक्षों की नोकझोंक के बीच सदन की बैठक दोपहर करीब 12 बजकर 10 मिनट पर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। 

निशिकांत दुबे ने क्या कहा?

निशिकांत दुबे ने कहा, ‘‘विपक्षी दल सरकार को अस्थिर करने के लिए तरह-तरह के मंसूबे पालते रहते हैं। मैं पूरे देश को बताना चाहता हूं कि विदेशी फंडिंग के माध्यम से (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी जी और उनकी सरकार के खिलाफ किस तरह काम होता है।’’ उन्होंने फ्रांस की एक रिपोर्ट के हवाले से दावा किया कि अमेरिका की सरकार और वहां के एक कारोबारी द्वारा संचालित फाउंडेशन की मदद से काम करने वाले एक विदेशी संस्थान का मकसद भारत की संसद को बंधक बनाना और उसकी कार्यवाही को ठप करना है। दुबे ने अमेरिका के एक कारोबारी को इसके लिए जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि वह पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था को पटरी से उतारना चाहता है। उन्होंने कहा कि जैसे ही उक्त संस्थान कोई रिपोर्ट जारी करता है तो नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस सदस्य प्रियंका गांधी और विपक्षी दलों के कुछ राज्यसभा सदस्य तुरंत उसे ट्वीट (सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर) करते हैं। 

पेगासस-हिंडनबर्ग का भी जिक्र

दुबे ने पेगासस रिपोर्ट, हिंडनबर्ग और कुछ अन्य मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि जब भी ये मामले सामने आए, विपक्षी सदस्यों ने ‘एक्स’ पर तुरंत पोस्ट किया और संसद की कार्यवाही नहीं चलने दी गई। उन्होंने कहा, ‘‘नेता प्रतिपक्ष (राहुल गांधी) से मेरे दस सवाल हैं।’’ दुबे ने उक्त विदेशी कारोबारी के एक एनजीओ से जुड़े व्यक्ति के राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने का जिक्र करते हुए पूछा कि नेता प्रतिपक्ष के उनसे क्या संबंध हैं? भाजपा सांसद ने कुछ अन्य विदेशी लोगों के नाम लेकर पूछा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता के इन लोगों से क्या संबंध हैं जो अमेरिका में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम का विरोध करते हैं। 

दुबे के बयानों से मचा हंगामा

दुबे के इन बयानों के बीच कांग्रेस सदस्य हंगामा करने लगे। वे भाजपा सांसद के बयानों पर आपत्ति जता रहे थे। इससे पहले जब विपक्ष के सदस्य संभल हिंसा के मुद्दे पर अपनी बात रखना चाह रहे थे तो अध्यक्ष ओम बिरला ने उन्हें दुबे के बाद बोलने की अनुमति देने का आश्वासन दिया। दुबे कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लिए अपने दस सवाल पूछ रहे थे, लेकिन वह अपनी बात पूरी नहीं कर सके और बिरला ने कांग्रेस सदस्य गौरव गोगोई को शून्यकाल में अपना मुद्दा उठाने को कहा। कांग्रेस सदस्यों के शोर-शराबे के बीच गोगोई ने कुछ कहने का प्रयास किया लेकिन उनकी बात सुनी नहीं जा सकी। हंगामा जारी रहने पर बिरला ने सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत