1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. NEET पेपर लीक पर चर्चा को तैयार सरकार, पर संसद में हंगामा जारी; जानें LIVE अपडेट्स

NEET पेपर लीक पर चर्चा को तैयार सरकार, पर संसद में हंगामा जारी; जानें LIVE अपडेट्स

 Written By: Vineet Kumar Singh @VickyOnX
 Updated : Jul 23, 2026 02:34 pm IST

NEET पेपर लीक मामले पर संसद में जारी गतिरोध के बीच केंद्र सरकार ने विपक्ष को चर्चा का प्रस्ताव दिया है, लेकिन विपक्ष शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ा है। संसद से जुड़े हर जरूरी अपडेट के लिए हमारे साथ बने रहें:

NEET paper leak, Parliament session LIVE, JP Nadda- India TV Hindi
केंद्र सरकार ने विपक्ष को संसद में चर्चा का प्रस्ताव दिया है। Image Source : PTI FILE

Highlights

  • सरकार ने नीट पेपर लीक पर चर्चा के लिए विपक्ष को खुला प्रस्ताव दिया।
  • नड्डा बोले, छात्रों का भविष्य देश के भविष्य से जुड़ा, राजनीति नहीं होनी चाहिए।
  • विपक्ष ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक चर्चा नहीं करने का ऐलान किया।

नई दिल्ली: NEET पेपर लीक मामले को लेकर सड़क से संसद तक जारी सियासी घमासान के बीच केंद्र सरकार ने विपक्ष के सामने चर्चा का प्रस्ताव रखा है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा है कि सरकार इस गंभीर मुद्दे पर संसद में विस्तृत चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने विपक्ष से कहा कि वह चर्चा की तारीख और समय तय करे क्योंकि सरकार का उद्देश्य पेपर लीक रोकने के लिए व्यवस्था को मजबूत करना है। नड्डा ने कहा कि विपक्ष जो भी बेहतर सुझाव देगा, सरकार उसे शामिल करेगी, क्योंकि छात्रों का भविष्य देश के भविष्य से जुड़ा हुआ है।

सरकार के चर्चा प्रस्ताव के बावजूद विपक्ष शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ा हुआ है गुरुवार को भी संसद के दोनों सदनों में जमकर हंगामा जारी है। जेपी नड्डा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों के मुद्दे राजनीति का विषय नहीं होने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष समाधान निकालने के बजाय छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक रूप देने की कोशिश कर रहा है। सरकार ने साफ कर दिया है कि जंतर-मंतर या विपक्ष के दबाव में शिक्षा मंत्री का इस्तीफा नहीं लिया जाएगा। बता दें कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर समेत देश के कई हिस्सों में उग्र प्रदर्शन हुए हैं।

NEET पेपर लीक को लेकर बुधवार को संसद में भी जोरदार हंगामा हुआ। विपक्षी सांसद काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, विरोध जारी रहेगा। राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि निष्पक्ष चर्चा के लिए पहले शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। वहीं संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार पिछले कई दिनों से चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष बातचीत के बजाय हंगामा कर रहा है। जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं को लेकर भी चिंता जताई गई है।

आइए, जानते हैं आज NEET पेपर लीक मामले पर संसद में क्या हाल है:

Monsoon Session Live Updates

Auto Refresh
Refresh
  • 2:34 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    आज के लिए लोकसभा की कार्यवाही स्थगित

    लोकसभा में सांसदों के हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही कल यानी 24 जुलाई सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।

     

  • 2:11 PM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    गिरफ्तार किए गए 13 लोगों के खिलाफ बड़े वकील हायर किए जाएंगे- निशिकांत दुबे

    पेपर लीक में शामिल लोगों को कड़ी सज़ा दिलाने के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने के PM मोदी के ट्वीट पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, "पीएम ने साफ कहा कि गिरफ्तार किए गए 13 लोगों के खिलाफ बड़े वकील हायर किए जाएंगे, और उन्हें कड़ी से कड़ी सज़ा दी जाएगी...सभी माता-पिता अपने बच्चों को टॉप इंस्टिट्यूशन में भेजना चाहते हैं, यह सोचकर कि वे पढ़ाई में बहुत अच्छे हैं, लेकिन कुछ बच्चे पेपर लीक का बहाना बनाकर अपने माता-पिता को यह यकीन दिलाना चाहते हैं कि वे पढ़ाई में बहुत अच्छे हैं लेकिन सिर्फ़ इसलिए कॉम्पिटिशन नहीं कर सकते क्योंकि पेपर लीक हो गया है...अगर कोई मेडिकल या इंजीनियरिंग कॉलेज जाना चाहता है, या IAS या IPS ऑफिसर बनना चाहता है, तो उन्हें पढ़ाई के दरवाज़े से ही जाना होगा..."

  • 12:14 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    यह राजनीति करने का समय नहीं है: रिजिजू

    केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्षी दलों से अपील की है कि वे संसद में चर्चा को बाधित करने के लिए कोई शर्त न रखें। उन्होंने कहा, 'मैं सभी राजनीतिक दलों से अपील करता हूं कि चर्चा को पटरी से उतारने के लिए कोई शर्त न रखें। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि यह राजनीति करने का समय नहीं है। यह देश के युवाओं के भविष्य के लिए जरूरी सभी कदम उठाने का समय है।'

  • 12:06 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित

    संसद के मानसून सत्र के चौथे दिन हंगामे के बीच राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। इस दौरान राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक विपक्ष नीट पेपर लीक मामले पर चर्चा में हिस्सा नहीं लेगा। वहीं, सरकार लगातार कह रही है कि वह नीट पेपर लीक मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर अड़ा हुआ है।

  • 11:46 AM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    मकर द्वार पर विपक्ष के बड़े नेताओं का प्रदर्शन

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और दूसरे नेता पार्लियामेंट कैंपस के अंदर मकर द्वार पर INDIA गठबंधन प्रदर्शन में शामिल हुए।

  • 11:44 AM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    एक भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा: तरुण चुघ

    पेपर लीक में शामिल लोगों को कड़ी सजा दिलाने के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने के प्रधानमंत्री मोदी के ट्वीट पर भाजपा सांसद तरुण चुघ ने दिल्ली में कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश की सरकार देश के युवाओं की भलाई के लिए पूरी तरह तैयार है। ये हमारे बच्चे हैं लेकिन कुछ लोग अपने राजनीतिक फायदे के लिए बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं। पेपर लीक मामले में शामिल एक भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। सख्त कार्रवाई की जाएगी और खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भरोसा दिया है। फास्ट ट्रैक कोर्ट भी बनेगा। एक भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।'

  • 11:41 AM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस चर्चा से भाग रही है: नितिन नवीन

    दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा, 'NDA की सरकार छात्रों और युवाओं के भविष्य के लिए हर किस्म की चर्चा करने के लिए तैयार है मगर राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस चर्चा से भाग रही है। वे जानते हैं कि जब वे चर्चा करने पटल पर आएंगे तब उनका दोहरा चरित्र सभी के सामने जाहिर हो जाएगा। हम उन्हें खुली चुनौती देते हैं।'

  • 11:40 AM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    'उन्हें धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्रालय से हटाना होगा'

    पेपर लीक में शामिल लोगों को कड़ी सजा दिलाने के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने के प्रधानमंत्री मोदी के ट्वीट पर कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने दिल्ली में कहा, 'आजकल कोई भी उनकी बातों पर यकीन नहीं करता। उनकी बातों का भरोसा पहले ही खत्म हो चुका है। सबसे पहले, उन्हें धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्रालय से हटाना होगा। फिर उन्हें स्टूडेंट्स से बात करनी होगी।'

  • 11:32 AM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    पीएम पक्का करेंगे कि कोई भी दोषी बख्शा न जाए- नितिन नबीन

    पेपर लीक में शामिल लोगों को कड़ी सजा दिलाने के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने के बारे में PM मोदी के ट्वीट पर BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा, "प्रधानमंत्री ने पहले भी कहा है और अब भी कहते हैं कि वह हर मामले की जांच के लिए तैयार हैं। वह फास्ट-ट्रैक कोर्ट लाएंगे ताकि जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो सके। वह पक्का करेंगे कि कोई भी दोषी बख्शा न जाए। देश और दुनिया जानती है कि नरेंद्र मोदी के संकल्प का मतलब उसे पूरा करना होता है।"

     

  • 11:30 AM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए- CJP

    जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी पेपर लीक मामलों में फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने के पीएम मोदी के ऐलान पर बयान दिया है। सीजेपी ने कहा है कि किसी भी हालत में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए।

     

  • 11:30 AM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए- मल्लिकार्जुन खरगे

    पेपर लीक मामलों में फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने के पीएम मोदी के ऐलान पर राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने सदन में कहा, "आज प्रधानमंत्री ने एक बयान दिया है। शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए, तभी हम चर्चा के लिए तैयार होंगे।"

     

  • 11:27 AM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर को घेर कर पीटा गया

    जंतर मंतर पर दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर नंदकिशोर को घेर कर पीटा गया। वो अपनी जान बचाने के लिए मौके से भागे..तो पूरी भीड़ उसके पीछे दौड़ पड़ी। इसी भीड़ में कुछ लोगों के हाथ में डंडे थे और वो पुलिसकर्मी को मारने पर उतारू थे। ये वीडियो जंतर मंतर के पास का है। इंस्पेक्टर नंदकिशोर इस वक्त स्पेशल पुलिस यूनिट फॉर वूमेन एंड चिल्ड्रन में तैनात हैं। कल ये जंतर मंतर पर ड्यूटी पर तैनात थे जिनको भीड़ ने निशाना बनाया।

     

  • 11:23 AM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    संसद परिसर में विपक्ष के प्रदर्शन में प्रियंका गांधी शामिल

    संसद परिसर स्थित मकर द्वार पर I.N.D.I.A. गठबंधन के सांसदों के प्रदर्शन में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल हुईं। विपक्षी सांसद नीट पेपर लीक समेत कई मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, I.N.D.I.A. गठबंधन के सांसदों के सामने ही NDA के सांसदों ने भी अपना विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। दोनों पक्षों के सांसद संसद परिसर में आमने-सामने नजर आए और अपने-अपने मुद्दों को लेकर नारेबाजी की। मानसून सत्र के दौरान नीट पेपर लीक मामले को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव लगातार बढ़ता जा रहा है।

  • 11:08 AM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    राज्यसभा की कार्यवाही भी 12 बजे तक स्थगित

    राज्यसभा में विपक्ष के भारी हंगामे के बीच केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि बिना किसी शर्त के विपक्ष को चर्चा के लिए आना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष का रवैया सही नहीं है। हालांकि सदन में भारी हंगामे के चलते राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

  • 11:03 AM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित

    लोकसभा और राज्यसभा में कार्यवाही शुरू होते ही भारी हंगामा देखने को मिला है। सरकार NEET पेपर लीक मामले पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष लगातार शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है। हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।

  • 10:58 AM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    'हम देखेंगे कि इस बारे में छात्रों की क्या राय है'

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से पेपर लीक मामलों में फास्ट-ट्रैक अदालतें बनाने की घोषणा पर टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने कहा, 'हम देखेंगे कि इस बारे में छात्रों की क्या राय है।' वहीं, टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी के मानसून सत्र से निलंबन पर उन्होंने कहा, 'हमने लोकसभा अध्यक्ष से कल्याण बनर्जी का निलंबन वापस लेने का अनुरोध किया है।'

  • 10:44 AM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    हमें खोखली बातें नहीं चाहिए: मल्लिकार्जुन खरगे

    राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने पेपर लीक मामलों में फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने के पीएम मोदी के ऐलान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा- "आपके कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था खराब हो गई है। हमें खोखली बातें या टुकड़ों में की गई घोषणाएं नहीं चाहिए।"

     

  • 10:44 AM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    संसद परिसर में NDA और I.N.D.I.A. गठबंधन के सांसदों का प्रदर्शन

    संसद के मानसून सत्र के दौरान गुरुवार को संसद परिसर स्थित मकर द्वार पर सत्तारूढ़ NDA और विपक्षी INDIA गठबंधन के सांसदों ने प्रदर्शन किया। दोनों पक्षों के सांसद अपने-अपने मुद्दों को लेकर नारेबाजी करते नजर आए।

  • 10:41 AM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    संसद में INDIA गठबंधन के नेताओं की बैठक जारी

    संसद के मानसून सत्र के चौथे दिन गुरुवार को INDIA गठबंधन के नेताओं की बैठक संसद भवन में जारी है। बैठक में विपक्षी दलों के नेता आगे की रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं। माना जा रहा है कि बैठक में NEET पेपर लीक, संसद में सरकार को घेरने की रणनीति और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर विपक्ष की एकजुटता को लेकर चर्चा चल रही है।

  • 10:21 AM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    वेणुगोपाल ने लोकसभा में दिया स्थगन नोटिस

    कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने NEET UG पेपर लीक मामले और 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस लाठीचार्ज को लेकर लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया है।

  • 10:19 AM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    सुरजेवाला ने राज्यसभा में दिया स्थगन नोटिस

    कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवाला ने राज्यसभा में नियम 267 के तहत नोटिस देकर नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक, छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और परीक्षा सुधारों पर चर्चा की मांग की है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से लाखों छात्र प्रभावित हुए हैं और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की जरूरत है। सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि छात्रों और अभिभावकों की चिंताओं पर ध्यान देने के बजाय कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने पारदर्शी और भरोसेमंद परीक्षा प्रणाली के लिए तत्काल सुधारों की मांग की।

  • 10:16 AM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    विपक्ष का काम है आवाज उठाना: प्रमोद तिवारी

    कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, 'आप(प्रधानमंत्री) छोटे प्यादों को सजा देने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट चलाएंगे? देश के नौजवानों पर जो जुल्म हो रहे हैं वह करोड़ों नौजवानों को प्रभावित कर रहा है। हम उनकी आवाज उठा रहे हैं। विपक्ष का काम है आवाज उठाना। अगर हम आवाज उठा रहे हैं तो उसमें भी आपको राजनीति दिख रही है?'

     

  • 10:12 AM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    क्या आज भी हंगामे की भेंट चढ़ जाएगी संसद?

    NEET पर जारी हंगामे के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या आज भी संसद चल पाएगी या सदन की कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ़ जाएगी। संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू हुआ था, लेकिन विपक्ष के हंगामे के कारण पहले तीन दिनों के दौरान संसद के दोनों सदनों में कोई कामकाज नहीं हो सका।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत