1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'नीतीश ने INDIA गठबंधन का कर दिया अंतिम संस्कार', जानें कांग्रेस नेता ने क्यों दिया ऐसा बयान

'नीतीश ने INDIA गठबंधन का कर दिया अंतिम संस्कार', जानें कांग्रेस नेता ने क्यों दिया ऐसा बयान

 Written By: Amar Deep
 Published : Jan 29, 2024 10:13 am IST,  Updated : Jan 29, 2024 10:13 am IST

बिहार में हुए सियासी घमासान को लेकर कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि नीतीश कुमार ने तो इंडिया गठबंधन का अंतिम संस्कार कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनों को नहीं रोकती तो नीतीश जी को क्या रोकती।

कांग्रेस नेता प्रमोद कृष्णम ने इंडिया गठबंधन को लेकर दी प्रतिक्रिया।- India TV Hindi
कांग्रेस नेता प्रमोद कृष्णम ने इंडिया गठबंधन को लेकर दी प्रतिक्रिया। Image Source : ANI

गाजियाबाद: एक तरफ जहां कांग्रेस पार्टी लोकसभा चुनाव से पहले भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रही है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस और अन्य पार्टियों के एक साथ आने के बाद बना इंडिया गठबंधन टूटता हुआ नजर आ रहा है। पहले पश्चिम बंगाल, फिर पंजाब और बिहार में इंडिया गठबंधन के कमजोर होने के बाद अब ये चर्चा तेज हो गई है कि इंडिया गठबंधन की आगे की रणनीति क्या होगी। इन सब के बीच कांग्रेस नेता प्रमोद कृष्णम ने बिहार के पूरे प्रकरण पर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन का तो नीतीश जी ने अंतिम संस्कार कर दिया है।

महान पार्टी है कांग्रेस

प्रमोद कृष्णम ने बिहार के मामले में कहा है कि 'कांग्रेस किसी को रोकने की कोशिश नहीं करती, जिसे जाना हो जाओ। कांग्रेस एक महान पार्टी है। जब हम अपनों को रोकने की कोशिश नहीं करते हैं तो नीतीश जी को कैसे रोक सकते हैं।' वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि 'INDIA गठबंधन जब से बना तभी से ये गंभीर बीमारियों से ग्रस्त हो गया. शुरुआत से ही इसमें तरह-तरह के वायरस आ गए, फिर ये आईसीयू में चला गया और अंत में वेंटिलेटर पर चला गया। फिर कल नीतीश कुमार ने इसका अंतिम संस्कार भी कर दिया। अब INDIA गठबंधन का क्या होगा? अब तो पटना में नीतीश जी ने अंतिम संस्कार ही कर दिया है'।

बिहार में क्या हुआ?

बता दें कि कल रविवार को नीतीश कुमार ने दोपहर में राज्यपाल से मुलाकत करके अपना इस्तीफा सौंप दिया। इसके तुरंत बाद बीजेपी की बैठक हुई और एक सीएम के साथ दो डिप्टी सीएम के फार्मूले पर एनडीए के साथ सरकार बनाने का निर्णय लिया गया। वहीं शाम को नीतीश कुमार ने 9वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा झटका इंडिया गठबंधन के लिए ही माना जा रहा है। कुछ दिन पहले ही नीतीश कुमार को इंडिया गठबंधन का संयोजक बनाए जाने को लेकर चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन वही नीतीश कुमार आज इंडिया गठबंधन छोड़कर एनडीए गठबंधन के साथ आ गए हैं।

यह भी पढ़ें- 

बिहार: सुबह 11.30 बजे होगी नीतीश की नई कैबिनेट की बैठक. मंत्रियों को बांटे जाएंगे विभाग!

नीतीश कुमार ने नौवीं बार ली सीएम पद की शपथ, जानिए कब-कब बने मुख्यमंत्री?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत